परीक्षा रद्द करने के खिलाफ हाईकोर्ट पहुंची याचिका

JPSC JSSC Exam Cancellation: परीक्षा रद्द करने के खिलाफ हाईकोर्ट पहुंची याचिका

रांची: झारखंड लोक सेवा आयोग (JPSC) और झारखंड कर्मचारी चयन आयोग (JSSC) की विभिन्न परीक्षाओं को रद्द करने के राज्य सरकार के फैसले के खिलाफ झारखंड हाईकोर्ट का दरवाजा खटखटाया गया है। बुधवार को इस मामले में तीन अलग-अलग याचिकाएं दाखिल की गईं।

सोनम कुमारी, अवधेश कुमार एवं अन्य की ओर से दायर इन याचिकाओं में सरकार के उस आदेश को निरस्त करने की मांग की गई है, जिसके तहत विभिन्न नियुक्ति परीक्षाओं को रद्द करने का फैसला लिया गया है।

गुरुवार को होगी मामले की सुनवाई

बुधवार शाम करीब चार बजे याचिकाकर्ताओं की ओर से मामले पर जल्द सुनवाई के लिए हाईकोर्ट में विशेष आग्रह यानी मेंशन किया गया। अदालत ने इस आग्रह को स्वीकार कर लिया।

इसके बाद जस्टिस दीपक रोशन की अदालत ने तीनों याचिकाओं को गुरुवार को सुनवाई के लिए सूचीबद्ध कर दिया है। अब सभी की नजर गुरुवार को होने वाली सुनवाई पर है।

सरकार के परीक्षा रद्द करने के फैसले को चुनौती

याचिकाकर्ताओं की ओर से दायर याचिकाओं में सरकार के परीक्षा रद्द करने के फैसले को चुनौती दी गई है। सोनम कुमारी की ओर से अधिवक्ता पीएसए पति ने याचिका दाखिल की है।

याचिकाकर्ताओं का कहना है कि संबंधित प्रतियोगिता परीक्षाओं में चयनित होने के बाद वे नियुक्त हो चुके हैं और अपनी सेवाएं दे रहे हैं। ऐसे में अब परीक्षा रद्द करने के सरकार के फैसले से उनकी नियुक्ति और सेवा पर संकट पैदा हो गया है।

पहले से नियुक्त अभ्यर्थियों की सेवा प्रभावित होने का दावा

याचिकाओं में कहा गया है कि परीक्षा में चयन के बाद नियुक्त होकर सेवा दे रहे अभ्यर्थियों पर परीक्षा रद्द करने के फैसले का सीधा असर पड़ रहा है।

याचिकाकर्ताओं ने हाईकोर्ट से सरकार के उस आदेश को निरस्त करने का आग्रह किया है, जिसके कारण पहले से नियुक्त अभ्यर्थियों की सेवा प्रभावित हो रही है।

अब गुरुवार को हाईकोर्ट में होने वाली सुनवाई में इस मामले से जुड़े पक्षों की दलीलों पर नजर रहेगी। अदालत के रुख के बाद आगे की स्थिति स्पष्ट होगी।

यह भी पढ़ें: Koderma News: जंगली खुखड़ी खाने से एक ही परिवार के 6 लोग बीमार