पश्चिम चंपारण में भीषण सड़क हादसा

पश्चिम चंपारण में भीषण सड़क हादसा, आर्केस्ट्रा देख रहे लोगों को बस ने कुचला; 6 की मौत

पश्चिम चंपारण: जिले के लौरिया थाना क्षेत्र में शुक्रवार रात एक दर्दनाक सड़क हादसे में छह लोगों की मौत हो गई, जबकि करीब एक दर्जन लोग घायल बताए जा रहे हैं। हादसा बसवरिया पराउटोला पंचायत के बनकटवा मध्य विद्यालय के पास हुआ।

जानकारी के अनुसार, रात करीब 11 बजे सड़क किनारे आयोजित आर्केस्ट्रा कार्यक्रम देख रहे लोगों को एक अनियंत्रित बस ने कुचल दिया। घटना के बाद मौके पर अफरा-तफरी और चीख-पुकार मच गई। घायलों में कई की हालत गंभीर बताई जा रही है।

छठियार कार्यक्रम के दौरान हुआ हादसा

बताया गया कि बनकटवा मध्य विद्यालय के पास छठियार कार्यक्रम आयोजित किया गया था। कार्यक्रम के दौरान बड़ी संख्या में लोग सड़क किनारे आर्केस्ट्रा देख रहे थे।

इसी दौरान गोरखपुर से बेतिया जा रही शाही ट्रैवल्स की बस अचानक अनियंत्रित हो गई और सड़क किनारे मौजूद लोगों को कुचलते हुए निकल गई। अचानक हुए हादसे से वहां मौजूद लोगों में भगदड़ जैसी स्थिति बन गई।

स्थानीय लोगों ने तत्काल राहत और बचाव का प्रयास शुरू किया। हादसे की सूचना मिलने के बाद पुलिस भी मौके पर पहुंची।

हादसे में छह लोगों की मौत

हादसे में जिन लोगों की मौत की जानकारी सामने आई है, उनमें छांगुर राम (70 वर्ष), बहादुर महतो (45 वर्ष), संजय कुमार (28 वर्ष), राकेश कुमार दूबे (35 वर्ष) और देवेंद्र दूबे (35 वर्ष) शामिल हैं। उपलब्ध जानकारी के अनुसार सभी मृतक बनकटवा और बसवरिया क्षेत्र के रहने वाले थे।

हादसे में करीब एक दर्जन लोगों के घायल होने की जानकारी है। घायलों में श्याम बाबू कुमार (16 वर्ष), अजीत कुमार (18 वर्ष), मोचन महतो (50 वर्ष) और नरेश राम (40 वर्ष) के नाम सामने आए हैं।

घायलों को इलाज के लिए अस्पताल भेजा गया है। कई घायलों की हालत गंभीर बताई जा रही है।

गोरखपुर से बेतिया जा रही थी बस

हादसे के समय शाही ट्रैवल्स की बस गोरखपुर से बेतिया की ओर जा रही थी। बनकटवा मध्य विद्यालय के पास पहुंचने के दौरान बस अनियंत्रित हुई और सड़क किनारे कार्यक्रम देख रहे लोगों को अपनी चपेट में ले लिया।

हादसे के कारण मौके पर काफी देर तक अफरा-तफरी का माहौल रहा। घटना की जानकारी मिलने के बाद स्थानीय लोग भी बड़ी संख्या में मौके पर पहुंचे और राहत कार्य में जुट गए।

गांव में मातम, प्रशासन से विस्तृत जानकारी का इंतजार

दर्दनाक हादसे के बाद बनकटवा और बसवरिया इलाके में मातम पसरा हुआ है। मृतकों के परिवारों में कोहराम मचा है, जबकि घायलों के परिजनों में भी चिंता का माहौल है।

फिलहाल हादसे में मृतकों और घायलों की संख्या को लेकर प्रशासन की ओर से विस्तृत जानकारी का इंतजार है। पुलिस मामले की जांच कर रही है और हादसे की परिस्थितियों की जानकारी जुटाई जा रही है।

यह भी पढ़ें: Indian Railways Dog Travel Rules में बड़ा बदलाव, अब Dog Box में सिर्फ एक कुत्ते की बुकिंग