प्रदेश अध्यक्ष की ताजपोशी के साथ ही बाबूलाल के सामने बड़ी चुनौती !
- By rakesh --
- 15 Jul 2023 --
- comments are disable
रांची
झारखंड में बीजेपी अब और भी मजबूती से कार्य करने को तैयार है। नए प्रदेश अध्यक्ष के रूप में बाबूलाल मरांडी की ताजपोशी के साथ ही पार्टी के साथ साथ कार्यकर्ताओं की भी उम्मीदे काफी बढ़ गई है कि आनेवाले चुनाव में बीजेपी और भी बेहतर प्रदर्शन करेगी। गौरतलब है कि राज्य में लोकसभा के 14 सीटों में से 12 सीटें एनडीए के पास है। बाबूलाल मरांडी के सामने अब सबसे बड़ी चुनौती होगी कि वे किस तरह से इन 12 सीटों को बचा पाते हैं।
हालांकि राजनीति के जानकारों का मानना है कि राज्य में एक आदिवासी नेता के हाथ में पार्टी का नेतृत्व दिए जाने के बाद से पार्टी और भी मजबूत होगी। लेकिन राज्य में सरकार चला रही पार्टियों की स्थिति भी काफी मजबूत दिखाई पड़ रही है। क्योंकि हेमंत सरकार लगातार जनता के हित में कार्य कर रही है और इस बात के संकेत भी मिल रहे हैं कि देशभर में विपक्ष की पार्टियों का महागठबंधन मजबूती के साथ कार्य करने को तैयार है।
लेकिन अपनी ताजपोशी के साथ ही बाबूलाल अपने चिर-परिचत अंदाज में अपनी जिम्मेदारियों का चर्चा की और अपने बड़े नेताओं और कार्यकर्ताओं के सहयोग के लिए उन्हें धन्यवाद भी दिया।
बहरहाल झारखंड जैसे राज्य में जहां बीजेपी शुरू से ही सरकार में रहकर कार्य कर चुकी है। पहले मुख्यमंत्री के रूप में भी बाबूलाल मरांडी ने अपनी अलग छाप छोड़ी थी। अब लगातार लोकसभा और फिर विधानसभा के चुनाव होने हैं। ऐसे में बाबूलाल अगर बेहतर परिणाम देने में सफल हो जाते हैं तो बीजेपी के पास एक बेहतर चेहरा राज्य को नेतृत्व देने के लिए बन सकता है। ऐसा राजनीतिक जानकारों का मानना है।