देर रात बारिश ने खूब बरपाया कहर, आधे हिंदुस्तान में जल प्रलय !

हिमाचल प्रदेश के मंडी जिले में भारी बारिश हो रही है। जिले में देर रात बारिश ने खूब कहर बरपाया है। करसोग इलाके में दो जगह बादल फटने से एक व्यक्ति की मौत हो गई। जबकि कुछ लोगों के लापता होने की आशंका है।घटना में कुछ घर और गाड़ियों के बहने की भी सूचना है। मौके पर रेस्क्यू के लिए प्रशासन की टीम मुस्तैद है, लेकिन तेज बहाव के आगे टीम भी बेबस है। यहां 16 लोग सुरक्षित जगह शिफ्ट किए गए है।
इनमें 12 बच्चे और चार महिलाएं शामिल हैं। करसोग में पानी के तेज बहाव के बीच फंसे लोग मदद और बचाव को चिल्लाते रहे। उधर, सराज क्षेत्र के कुकलाह के पास 16 मेगावाट पटिकरी पावर प्रोजेक्ट के भी बहने की सूचना है। यहां एक पुल के साथ कुछ गाड़ियां भी बह गई।

वहीं, पंडोह डैम से 1.57 लाख क्यूसेक पानी छोड़ा जा रहा है। इससे ब्यास नदी में बाढ़ आ गई है। डैम में पीछे से 1.65 लाख क्यूसेक पानी आ रहा है। डैम के
पांचों गेट खोलने से पंडोह बाजार जलमग्न होने लग गया है।
अफरा तफरी के बीच लोगों ने घर खाली कर दिए हैं। यहां एसडीआरएफ ने मोर्चा संभाला हुआ है। मंडी शहर में खड्ड और नाले उफान पर हैं। घरों और दुकानों में मलबा एवं पानी घुसने से भारी नुकसान हुआ है।