देवघर में फर्जी सिम कार्ड का बड़ा खेल उजागर, साइबर ठगों को सप्लाई करने वाले चार आरोपी गिरफ्तार

देवघर में फर्जी सिम कार्ड का बड़ा खेल उजागर, साइबर ठगों को सप्लाई करने वाले चार आरोपी गिरफ्तार

देवघर: साइबर अपराधियों को फर्जी सिम कार्ड उपलब्ध कराने वाले एक संगठित गिरोह का देवघर पुलिस ने भंडाफोड़ किया है। एसपी प्रवीण पुष्कर के निर्देश पर पालोजोरी थाना क्षेत्र में की गई छापेमारी के दौरान एक पीओएस संचालक समेत चार आरोपियों को गिरफ्तार किया गया है। पुलिस ने इनके पास से चार मोबाइल फोन और दो सिम कार्ड बरामद किए हैं। जांच में सामने आया है कि आरोपियों ने ग्रामीणों के दस्तावेजों और पहचान का दुरुपयोग कर फर्जी सिम कार्ड जारी कराए और उन्हें साइबर ठगी करने वाले गिरोहों को ऊंची कीमत पर बेचा।

58 फर्जी सिम कार्ड जारी करने का खुलासा

पुलिस के अनुसार, संचार मंत्रालय के दूरसंचार विभाग से मिली जांच रिपोर्ट में पालोजोरी थाना क्षेत्र स्थित अनिल डिजिटल पीओएस दुकान से मई 2026 से अक्टूबर 2026 के बीच 58 फर्जी सिम कार्ड जारी किए जाने की जानकारी सामने आई थी। इनमें से 30 सिम कार्ड के खिलाफ राष्ट्रीय साइबर अपराध रिपोर्टिंग पोर्टल (एनसीसीआरपी) पर साइबर ठगी से जुड़ी शिकायतें दर्ज थीं। इस खुलासे के बाद पुलिस ने मामले की जांच शुरू की।

बंद दुकान से शुरू हुई पुलिस की कार्रवाई

एसपी प्रवीण पुष्कर ने सूचना के सत्यापन और आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए साइबर डीएसपी कैलाश कुमार महतो के नेतृत्व में विशेष छापेमारी टीम गठित की। टीम जब अनिल डिजिटल पीओएस दुकान पहुंची तो वह बंद मिली। आसपास के लोगों से पूछताछ में दुकान मालिक की पहचान कुरूआ गांव निवासी अनिल कुमार के रूप में हुई।

इसके बाद पुलिस ने दबिश देकर अनिल कुमार को हिरासत में लिया। उसके पास से सिम कार्ड जारी करने में इस्तेमाल किया जाने वाला मोबाइल फोन भी बरामद किया गया। पुलिस की पूछताछ में अनिल कुमार ने कथित तौर पर स्वीकार किया कि वह भोले-भाले ग्रामीणों के दस्तावेजों और पहचान का इस्तेमाल कर फर्जी तरीके से सिम कार्ड जारी करता था। बाद में इन सिम कार्डों को साइबर ठगी करने वाले गिरोहों को ऊंचे दाम पर बेच दिया जाता था।

अनिल की निशानदेही पर तीन अन्य आरोपी गिरफ्तार

अनिल कुमार की निशानदेही पर पुलिस ने गिरोह से जुड़े तीन अन्य सहयोगियों को भी गिरफ्तार किया। गिरफ्तार आरोपियों में कुरूआ गांव निवासी अनिल कुमार (पिता चंद्रशेखर साह), गुलालडीह निवासी नंदू मिर्धा (पिता स्व. दयाल मिर्धा), उपरबांधी निवासी संदीप कुमार राय (पिता सुबल राय) और असना निवासी इमरान अंसारी (पिता अजीज मियां) शामिल हैं। चारों पालोजोरी थाना क्षेत्र के रहने वाले हैं। पुलिस के मुताबिक, आरोपियों की उम्र 32 से 39 वर्ष के बीच है।

इमरान अंसारी पहले भी जा चुका है जेल

गिरफ्तार आरोपियों में शामिल इमरान अंसारी पहले भी साइबर अपराध के एक मामले में जेल जा चुका है। पुलिस के अनुसार, जेल से छूटने के बाद वह फिर से साइबर अपराध में सक्रिय हो गया था। इस मामले में पालोजोरी थाना कांड संख्या 80/2026, दिनांक 24 नवंबर 2026 के तहत भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस), आईटी एक्ट और दूरसंचार अधिनियम 2023 की विभिन्न धाराओं में प्राथमिकी दर्ज की गई है। सभी आरोपियों को न्यायिक अभिरक्षा में भेज दिया गया है।

चार मोबाइल फोन और दो सिम कार्ड जब्त

पुलिस ने आरोपियों के पास से वीवो, रेडमी और मोटोरोला के तीन स्मार्टफोन के अलावा एक जियो कीपैड मोबाइल फोन बरामद किया है। साथ ही एयरटेल के दो सिम कार्ड भी जब्त किए गए हैं। छापेमारी टीम में साइबर डीएसपी कैलाश कुमार महतो, पालोजोरी अंचल के पुलिस निरीक्षक सुकांत त्रिपाठी, थाना प्रभारी संजय कुमार, सारठ थाना प्रभारी दीपक कुमार साह, सोनारायठाढ़ी थाना प्रभारी रोहित दांगी समेत अन्य पुलिसकर्मी शामिल थे।

यह भी पढ़ें: Jamshedpur Kartik Purnima: कार्तिक पूर्णिमा और देव दीपावली पर नदी घाटों पर उमड़ी श्रद्धालुओं की भीड़, सरयू राय ने भी किया स्नान