जमशेदपुर के सेक्रेड हार्ट कॉन्वेंट स्कूल की बड़ी उपलब्धि, देश के टॉप-10 स्कूलों में शामिल

जमशेदपुर के सेक्रेड हार्ट कॉन्वेंट स्कूल की बड़ी उपलब्धि, देश के टॉप-10 स्कूलों में शामिल

जमशेदपुर। एजुकेशन वर्ल्ड इंडिया स्कूल रैंकिंग 2026-27 में जमशेदपुर के सेक्रेड हार्ट कॉन्वेंट स्कूल ने उल्लेखनीय उपलब्धि हासिल की है। गर्ल्स डे स्कूल श्रेणी में स्कूल को देशभर में नौवां स्थान मिला है। वहीं, झारखंड और जमशेदपुर में स्कूल ने पहला स्थान प्राप्त किया है। इस उपलब्धि से स्कूल प्रबंधन, शिक्षकों, छात्राओं और पूर्ववर्ती छात्राओं में खुशी का माहौल है।

गुणवत्तापूर्ण शिक्षा और अनुशासन को मिला सम्मान

स्कूल की प्रिंसिपल सिस्टर स्टेफी ने प्रभात खबर से बातचीत में कहा कि इस सफलता के पीछे गुणवत्तापूर्ण शिक्षा, अनुशासन, नैतिक मूल्यों और छात्राओं के सर्वांगीण विकास पर विशेष ध्यान देना अहम रहा है। स्कूल में शैक्षणिक गतिविधियों के साथ खेलकूद और सांस्कृतिक कार्यक्रमों को भी महत्व दिया जाता है।

उन्होंने बताया कि छात्राओं में नेतृत्व क्षमता विकसित करने और सामाजिक जिम्मेदारियों के प्रति जागरूक बनाने पर भी जोर दिया जाता है। स्कूल का उद्देश्य पढ़ाई के साथ छात्राओं के व्यक्तित्व को निखारना और उन्हें जीवन की चुनौतियों के लिए तैयार करना है।

महिला शिक्षा और सशक्तीकरण की परंपरा को आगे बढ़ाया

प्रिंसिपल सिस्टर स्टेफी के अनुसार, यह उपलब्धि एपोस्टोलिक कार्मेल की संस्थापक वेनेरेबल मदर वेरोनिका की महिला शिक्षा और सशक्तीकरण संबंधी सोच को आगे बढ़ाती है। स्कूल में छात्राओं को शिक्षा के साथ आत्मविश्वास, नैतिक मूल्यों और सामाजिक चेतना से जोड़ने का प्रयास किया जाता है।

स्कूल प्रबंधन ने सामूहिक प्रयासों को दिया श्रेय

स्कूल प्रबंधन ने इस सफलता का श्रेय प्रिंसिपल के नेतृत्व, शिक्षकों, गैर-शिक्षण कर्मचारियों, छात्राओं, अभिभावकों, पूर्ववर्ती छात्राओं और संस्थान से जुड़े सभी लोगों के सामूहिक प्रयासों को दिया है। प्रबंधन के अनुसार, सभी के सहयोग से स्कूल ने शिक्षा के क्षेत्र में यह उपलब्धि हासिल की है।

मूल्य आधारित शिक्षा देने की प्रतिबद्धता दोहराई

राष्ट्रीय रैंकिंग में स्थान मिलने के बाद स्कूल प्रबंधन ने छात्राओं को गुणवत्तापूर्ण और मूल्य आधारित शिक्षा प्रदान करने की प्रतिबद्धता दोहराई। स्कूल का लक्ष्य छात्राओं को आत्मविश्वासी, सक्षम और जिम्मेदार नागरिक के रूप में तैयार करना है। इस उपलब्धि को संस्थान की शैक्षणिक परंपरा और सामूहिक प्रयासों की महत्वपूर्ण पहचान के तौर पर देखा जा रहा है।

यह भी पढ़ें: अनंत सिंह के आवास पर रसगुल्ले और भोज की तैयारी, 27 अक्टूबर को आएगा एमएलसी चुनाव का रिजल्ट