अहमदाबाद प्लेन क्रैश पर यूके के परिजनों का दावा, परिवारों को मिले गलत शव

परिवारों को मिले गलत शव’, अहमदाबाद प्लेन क्रैश पर यूके के परिजनों का दावा

गुजरात के अहमदाबाद में एअर इंडिया AI-171 हादसे के बाद शवों की पहचान की पहचान कर ली गई और उन्हें परिवारों को सौंप दिया गया है. इस बीच ब्रिटेन के दो पीड़ित परिवारों ने दावा किया है कि उन्हें गलत शव मिले हैं. लंदन में डीएनए टेस्ट के बाद परिजनों को जब ये बात पता चली तो एक परिवार ने शव का अंतिम संस्कार नहीं किया. डेली मेल की रिपोर्ट के मुताबिक, एक अन्य परिवार को मृतक के अवशेष दूसरे यात्री के अवशेषों के साथ मिक्स होकर मिले हैं. पीड़ित परिवारों का आरोप है कि हादसे के बाद मृतकों की डीएनए मैचिंग सही तरीके से नहीं की गई, जिसकी वजह से वो गलत शव यूके पहुंचे. रिपोर्ट्स के मुताबिक, कई ब्रिटिश नागरिकों का अंतिम संस्कार भारत में ही किया गया, जबकि 12 यात्रियों के पार्थिव शरीर ब्रिटेन भेजे गए.

इस मामले पर भारतीय विदेश मंत्रालय के प्रवक्ता रणधीर जायसवाल ने कहा कि हमने ये रिपोर्ट देखी और हम ब्रिटिश पक्ष के साथ मिलकर काम कर रहे हैं. उन्होंने कहा, “अहमदाबाद में हुए दुखद हादसे के बाद संबंधित अधिकारियों ने प्रोटोकॉल और तकनीकी आवश्यकताओं के अनुसार पीड़ितों की पहचान की थी. सभी पार्थिव शरीरों को बहुत ही पेशेवर तरीके से और मृतकों की गरिमा का पूरा ध्यान रखते हुए संभाला गया. हम इस मुद्दे से संबंधित किसी भी चिंता का समाधान करने के लिए ब्रिटिश अधिकारियों के साथ मिलकर काम करना जारी रखे हुए हैं.