ऑरपेशन सिंदूर में एक्शन संभव- नदियों को पार कर पाक पर होगी कार्रवाई !

राम प्रहार युद्धाभ्यास: ले.जनरल मनोज कटियार ने पाकिस्तान को दिया संदेश, बोले- ऑपरेशन सिंदूर से बड़ा एक्शन संभव

पाकिस्तान के किसी दुस्साहस की सूरत में सेना ऑपरेशन सिंदूर के पहले चरण से कहीं अधिक कड़ा जवाब देने की तैयारी कर रही। हरिद्वार के दुर्गम इलाकों में युद्धाभ्यास राम प्रहार के अंतिम दिन सेना की पश्चिमी कमान के कमांडर लेफ्टिनेंट जनरल मनोज कुमार कटियार ने कहा कि ऑपरेशन सिंदूर में दुश्मन का अच्छा खासा नुकसान हुआ था।

हालांकि, हम जानते हैं कि दुश्मन फिर से ऐसा कुछ कर सकता है, जिससे यह ऑपरेशन फिर शुरू करना पड़े। उन्होंने कहा कि हमने नदियां पार कर दुश्मन के इलाके पर कब्जा करने का अभ्यास भी किया है, क्योंकि पाकिस्तान के खिलाफ जमीनी कार्रवाई में सेना को चेनाब, रावी और सतलुज जैसी नदियां पार करनी होंगी।

युद्ध में तकनीक का योगदान, पर प्रशिक्षण अहम

लेफ्टिनेंट जनरल कटियार ने कहा कि पश्चिमी कमान अंतर्गत राम डिविजन एक महीने से यहां युद्धाभ्यास कर रहा। इसका उद्देश्य पाकिस्तानी क्षेत्र में घुसकर सामरिक ठिकानों पर कब्जा करना है। उन्होंने कहा कि आधुनिक युद्ध में तकनीक का बड़ा योगदान है, लेकिन प्रशिक्षण सबसे महत्वपूर्ण है। युद्ध भले कई क्षेत्रों में लड़ा जाएगा, लेकिन जीत केवल जमीन के युद्ध से हासिल होगी। चाहे 1965 का युद्ध हो या 1971 का। पाकिस्तान हमारी जीत, तब तक स्वीकार नहीं करेगा, जब तक हम उसकी जमीन पर कब्जा न कर लें। हम हर तरह के युद्ध की तैयारी कर रहे, लेकिन अंतिम विजय जमीन पर कब्जे से तय होती है।