asian Games: श्रीलंका को हराकर हरमन ब्रिगेड बनी चैम्पियन

asian Games: एशियन गेम्स में भारत का खुला गोल्ड का खाता, श्रीलंका को हराकर हरमन ब्रिगेड बनी चैम्पियन

आइची-नागोया एशियन गेम्स 2026 में भारतीय महिला क्रिकेट टीम ने गोल्ड मेडल जीत लिया है. गोल्ड मेडल मैच में भारतीय टीम ने श्रीलंका को 147 रनों से पराजित किया. मंगलावर (22 सितंबर) को निशिन के कोरोगी स्पोर्ट्स पार्क में हुए मुकाबले में भारत ने श्रीलंका के सामने 217 रनों का टारगेट सेट किया था, लेकिन उसकी पूरी टीम 15.4 ओवरों में 69 रनों पर सिमट गई. मौजूदा एशियन गेम्स में ये भारत का पहला गोल्ड मेडल है. इससे पहले भारत ने मौजूदा गेम्स में 4 सिल्वर और दो ब्रॉन्ज जीते थे.

भारत की महिला क्रिकेट टीम ने हांगझोउ एशियन गेम्स 2022 में भी गोल्ड मेडल जीता था. तब भारतीय टीम ने फाइनल में श्रीलंका को ही 19 रनों से पराजित किया था. अब उसने लगातार दूसरी बार गोल्ड मेडल अपने नाम किया. एशियन गेम्स 2026 में विमेंस क्रिकेट प्रतियोगिता का ब्रॉन्ज पाकिस्तान ने जीता. पाकिस्तानी टीम ने ब्रॉन्ज मेडल मैच में बांग्लादेश को 31 रनों से हराया.

गोल्ड मेडल मैच के दौरान रनचेज में श्रीलंकाई टीम ने शुरुआत से ही विकेट गंवाए और कभी भी मैच में वापसी नहीं कर पाई. कप्तान चमारी अटापट्टू ने सबसे ज्यादा 21 बॉल पर 29 रन बनाए, जिसमें पांच चौके शामिल रहे. भारत की ओर से दीप्ति शर्मा ने सबसे ज्यादा तीन विकेट झटके. वहीं शेफाली वर्मा, श्रेयंका पाटिल और श्री चरणी ने दो-दो विकेट लिए. भारतीय टीम विमेंस टी20I में रनों के लिहाज से ये सबसे बड़ी जीत रही.

मुकाबले में टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी करते हुए भारतीय टीम ने 3 विकेट पर 216 रन बनाए. स्मृति मंधाना ने 7 छक्के और 5 चौके की मदद से 45 बॉल पर 79 रनों का योगदान दिया. वहीं ऋचा घोष ने सिर्फ 22 बॉल पर नाबाद 49 रन बनाए, जिसमें 6 चौके और तीन छक्के शामिल रहे. ओपनर शेफाली वर्मा ने 29 बॉल पर 48 रनों की पारी खेली. शेफाली ने अपनी पारी में 3 छक्के और 3 चौके लगाए.

शेफाली वर्मा और स्मृति मंधाना के बीच पहले विकेट के लिए 99 रनों की साझेदारी हुई. इस पार्टनरशिप ने ही बड़े स्कोर की नींव रखी. श्रीलंका की ओर से सुगंधिका कुमारी, चामुदी प्रबोदा और कविशा दिलहारी ने एक विकेट हासिल किए.