नीट यूजी परीक्षा 2025 के परिणाम जारी,राजस्थान के महेश कुमार ने टॉप !

नेशनल टेस्टिंग एजेंसी (एनटीए) ने नीट यूजी परीक्षा 2025 के परिणाम जारी कर दिए है। इसमे इंदौर निवासी उत्कर्ष अवधिया की देशभर में दूसरी रैंक आई है। इस परीक्षा में इंदौर हाईकोर्ट में याचिका दायर करने वाले 75 उम्मीदवारों को छोड़कर बाकी सभी की परीक्षा के नजीते घोषित किए गए है। उत्कर्ष ने भी इंदौर सेंटर से परीक्षा दी थी। तब इंदौर में आंधी-तूफान के कारण परीक्षा केंद्रों की बिजली गुल हो गई थी। कई विद्यार्थी तो रोते हुए परीक्षा केंद्रों से बाहर आए थे।
राजस्थान के महेश कुमार ने देशभर में पहली रैंक हासिल की है। दूसरे नंबर पर उत्कर्ष इंदौर के है, जबकि तीसरे नंबर पर महाराष्ट्र के कृषांग जोशी रहे। अविका अग्रवाल ने लड़कियों में सबसे ज्यादा नंबर हासिल किए है। देशभर के टाॅप 100 में एमपी के चार स्टूडेंट है। एमपी से अगम जैन ने 45 वीं, अनुभव पांडे ने 79 वीं व मोहित भारती ने 82 वीं रैंक हासिल की है।