झारखंड के स्टार्टअप्स को मिला निवेशकों से जुड़ने का मंच, 75 से अधिक फाउंडर्स ने लिया हिस्सा
- By rakesh --
- 16 Sep 2026 --
- comments are disable
रांची: झारखंड में स्टार्टअप और नवाचार आधारित उद्यमिता को बढ़ावा देने के उद्देश्य से बुधवार को झारखंड इंडस्ट्रियल इंफ्रास्ट्रक्चर डेवलपमेंट कॉरपोरेशन (JIIDCO) में ‘Tally Startup Collective – Ranchi Chapter’ का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में राज्य के अलग-अलग हिस्सों से 75 से अधिक स्टार्टअप फाउंडर्स शामिल हुए।
आयोजन का उद्देश्य स्टार्टअप फाउंडर्स को निवेशकों, मेंटर्स और उद्योग विशेषज्ञों से जोड़ना था। कार्यक्रम के दौरान निवेश की तैयारी, बिजनेस विस्तार, प्रभावी पिच तैयार करने और निवेशकों के साथ बेहतर संबंध बनाने जैसे विषयों पर चर्चा हुई।
JIIDCO और Startup Jharkhand ने बताई संस्थागत सहयोग की भूमिका
कार्यक्रम में JIIDCO के महाप्रबंधक संजय कुमार साहू और Startup Jharkhand के Chief Enabler शुभम राज ने स्टार्टअप इकोसिस्टम से जुड़े विषयों पर अपने विचार रखे।
उन्होंने राज्य में नवाचार और उद्यमिता को बढ़ावा देने के लिए संस्थागत सहयोग, उद्योग जगत से संपर्क और मजबूत स्टार्टअप नेटवर्क की भूमिका पर प्रकाश डाला। आयोजन के माध्यम से फाउंडर्स को अपने कारोबार से जुड़े सवालों और चुनौतियों पर विशेषज्ञों से सीधे संवाद करने का अवसर मिला।
निवेश और बिजनेस ग्रोथ पर विशेषज्ञों ने साझा किए अनुभव
कार्यक्रम में Tally Solutions Pvt. Ltd. के AGM–Product Excellence गौतम चक्रवर्ती ने स्टार्टअप्स के लिए तकनीक और व्यावसायिक समाधानों से जुड़े पहलुओं पर जानकारी साझा की।
निवेश और फंडिंग से संबंधित सत्रों में A Square Capital की Managing Director चाहत अग्रवाल, VC Grid के कुमार धीरज और Angel Investor एवं Mission Blue Foundation के पंकज सोनी ने स्टार्टअप फाउंडर्स के साथ अपने अनुभव साझा किए।
इसके अलावा SanchiConnect के VP–Growth विजय बावरा ने भी कार्यक्रम में हिस्सा लिया। विभिन्न सत्रों में स्टार्टअप्स के लिए निवेश की तैयारी और कारोबार को आगे बढ़ाने से जुड़े पहलुओं पर चर्चा हुई।
5 स्टार्टअप्स ने निवेशकों के सामने पेश किया बिजनेस मॉडल
कार्यक्रम का प्रमुख आकर्षण 1:1 Investor Pitch Session रहा। इसमें झारखंड के पांच चयनित स्टार्टअप फाउंडर्स को निवेशकों के सामने अपने बिजनेस मॉडल और भविष्य की विकास योजनाएं प्रस्तुत करने का अवसर मिला।
पिच सत्र के दौरान फाउंडर्स ने निवेशकों के साथ सीधे संवाद किया और अपने उद्यमों से जुड़े महत्वपूर्ण फीडबैक प्राप्त किए। इस तरह स्टार्टअप्स को अपने कारोबार और निवेश प्रस्ताव को विशेषज्ञों के सामने रखने का व्यावहारिक अवसर मिला।
नेटवर्किंग से संभावित सहयोग पर हुई चर्चा
कार्यक्रम में नेटवर्किंग सत्र भी आयोजित किया गया। इसमें स्टार्टअप फाउंडर्स, निवेशक, मेंटर्स और स्टार्टअप इकोसिस्टम से जुड़े अन्य हितधारकों ने एक-दूसरे से संवाद किया।
Tally Solutions, SanchiConnect, Startup Jharkhand और JIIDCO की सहभागिता से आयोजित इस कार्यक्रम ने सरकार, उद्योग, निवेशकों और स्टार्टअप समुदाय के बीच संवाद के लिए साझा मंच उपलब्ध कराया।
JIIDCO की ओर से बताया गया कि राज्य में औद्योगिक विकास के साथ उद्यमिता और नवाचार के लिए अनुकूल वातावरण विकसित करने पर भी काम किया जा रहा है। ऐसे आयोजनों के माध्यम से स्टार्टअप्स को विशेषज्ञ मार्गदर्शन, निवेशक नेटवर्क और उद्योग जगत से जोड़ने का अवसर मिल रहा है।