मांगों पर अड़े अभ्यर्थी; आठवें दिन भी जारी रहा JPSC-JSSC आंदोलन

राजनीति से दूरी, मांगों पर अड़े अभ्यर्थी; आठवें दिन भी जारी रहा JPSC-JSSC आंदोलन

रांची: झारखंड लोक सेवा आयोग (JPSC) और झारखंड कर्मचारी चयन आयोग (JSSC) की भर्ती परीक्षाओं में कथित अनियमितताओं के विरोध में अभ्यर्थियों का आंदोलन शनिवार को आठवें दिन भी जारी रहा। छात्रों ने आंदोलन को पूरी तरह गैर-राजनीतिक बनाए रखने का फैसला करते हुए धरना स्थल बदलकर जयपाल सिंह मुंडा स्टेडियम के दूसरे गेट के पास कर दिया।

अभ्यर्थियों का कहना है कि आंदोलन केवल छात्रों का है और इसकी अगुवाई भी अभ्यर्थी ही करेंगे। उन्होंने स्पष्ट किया कि किसी भी राजनीतिक दल के नेतृत्व या हस्तक्षेप को स्वीकार नहीं किया जाएगा। हालांकि, नैतिक समर्थन का स्वागत किया जाएगा।

नए धरना स्थल पर प्रशासन की ओर से टेंट लगाने की अनुमति नहीं मिलने के कारण छात्र खुले आसमान के नीचे दरी बिछाकर धरने पर बैठे हैं। तेज धूप और अन्य असुविधाओं के बावजूद वे अपनी मांगों पर अडिग हैं।

अभ्यर्थी अपने खर्च पर आंदोलन चला रहे हैं। भोजन और अन्य जरूरी व्यवस्थाओं के लिए छात्र आपस में सहयोग राशि जुटा रहे हैं, जबकि कुछ समर्थक ऑनलाइन माध्यम से भी सहायता उपलब्ध करा रहे हैं। प्रशासन द्वारा धरना स्थल पर खाना बनाने की अनुमति नहीं मिलने के कारण वैकल्पिक व्यवस्था की गई है।

उधर, पुराने धरना स्थल पर अब सन्नाटा पसरा है। आंदोलन में शामिल छात्रों का दावा है कि अधिकांश अभ्यर्थी नए स्थल पर एकजुट होकर अपनी मांगों को लेकर प्रदर्शन कर रहे हैं। उनका कहना है कि भर्ती परीक्षाओं में कथित अनियमितताओं पर ठोस निर्णय होने तक आंदोलन जारी रहेगा।