रांची में भर्ती सुधार यात्रा का समापन, देवेंद्र नाथ महतो बोले- यात्रा संपन्न हुई है, आंदोलन नहीं
- By rakesh --
- 12 Sep 2026 --
- comments are disable
रांची: झारखंड लोक सेवा आयोग (JPSC) और झारखंड कर्मचारी चयन आयोग (JSSC) की नियुक्ति प्रक्रियाओं में कथित अनियमितताओं, धांधली और भ्रष्टाचार के खिलाफ छात्रों की ओर से निकाली गई राज्यव्यापी भर्ती व्यवस्था सुधार यात्रा का राजधानी रांची में विधिवत समापन हो गया। यात्रा के 18वें दिन राजधानी में करीब 7 किलोमीटर की पदयात्रा निकाली गई।
पदयात्रा की शुरुआत मोरहाबादी स्थित बापू वाटिका से हुई। इसके बाद छात्र और समर्थक रेडियम रोड होते हुए अल्बर्ट एक्का चौक पहुंचे। यहां परमवीर चक्र विजेता शहीद अल्बर्ट एक्का को श्रद्धांजलि अर्पित की गई।
बापू वाटिका से शुरू हुई पदयात्रा
मोरहाबादी स्थित बापू वाटिका में महात्मा गांधी की प्रतिमा पर माल्यार्पण के बाद पदयात्रा आगे बढ़ी। यात्रा में प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी कर रहे छात्रों के साथ आम लोगों की भी भागीदारी रही।
रेडियम रोड से होते हुए पदयात्रा अल्बर्ट एक्का चौक पहुंची। यहां शहीद अल्बर्ट एक्का की प्रतिमा पर माल्यार्पण कर श्रद्धांजलि दी गई। बड़ी संख्या में लोगों की मौजूदगी के कारण कुछ समय के लिए यातायात भी प्रभावित हुआ।
अल्बर्ट एक्का चौक पर देवेंद्र नाथ महतो ने रखी मांग
अल्बर्ट एक्का चौक पर आयोजित सभा को यात्रा के नेतृत्वकर्ता और छात्र नेता देवेंद्र नाथ महतो ने संबोधित किया। उन्होंने कहा कि छात्रों की यात्रा संपन्न हुई है, लेकिन आंदोलन समाप्त नहीं हुआ है।
देवेंद्र नाथ महतो ने राज्य सरकार से नियुक्ति परीक्षाओं में हुई कथित अनियमितताओं से जुड़े साक्ष्य और सबूत न्यायालय के समक्ष मजबूती से रखने की मांग की। उन्होंने पूरे मामले की निष्पक्ष और पारदर्शी जांच के लिए सीबीआई जांच की अनुशंसा करने की भी मांग रखी।
उन्होंने कहा कि यात्रा के माध्यम से छात्रों ने पूरे राज्य में भर्ती व्यवस्था में सुधार की मांग को अभ्यर्थियों और आम जनता के बीच पहुंचाया है। अब सरकार को छात्रों की मांग पर गंभीरता से विचार करते हुए ठोस कार्रवाई करनी चाहिए।
24 जिलों से गुजरकर रांची पहुंची यात्रा
आयोजकों के अनुसार, राज्यव्यापी भर्ती सुधार यात्रा की शुरुआत दिशोम गुरु शिबू सोरेन की जन्मस्थली नेमरा से हुई थी। यात्रा के दौरान झारखंड के सभी 24 जिलों का भ्रमण किया गया और अभ्यर्थियों तथा आम लोगों के बीच भर्ती व्यवस्था में सुधार को लेकर जागरूकता अभियान चलाया गया।
यात्रा शुरू करने के पीछे नियुक्ति परीक्षाओं से संबंधित कथित अनियमितताओं के साक्ष्य न्यायालय में प्रस्तुत करने को लेकर सरकार की कथित उदासीनता का विरोध बताया गया।
बिरसा मुंडा समाधि स्थल पर हुआ समापन
अल्बर्ट एक्का चौक से पदयात्रा आगे बढ़ते हुए कोकर स्थित भगवान बिरसा मुंडा समाधि स्थल पहुंची। यहां श्रद्धांजलि अर्पित करने के बाद राज्यव्यापी भर्ती सुधार यात्रा का औपचारिक समापन किया गया।
पदयात्रा में स्टेट लाइब्रेरी और सेंट्रल लाइब्रेरी, रांची समेत अलग-अलग स्थानों पर प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी कर रहे छात्रों की भी भागीदारी रही।
देवेंद्र नाथ महतो ने स्पष्ट किया कि यात्रा का समापन छात्रों की मांगों और संघर्ष का अंत नहीं है। उन्होंने कहा कि छात्रों के अधिकार, नियुक्ति प्रक्रिया में पारदर्शिता और निष्पक्ष जांच की मांग को लेकर आगे भी संघर्ष जारी रहेगा।
यह भी पढ़ें: चुटूपालू-ओरमांझी में अवैध स्टोन क्रशिंग पर बड़ी कार्रवाई, 8 क्रशर सील और 11 ध्वस्त