झारखंड में दो दिनों तक भारी बारिश के आसार, कई जिलों में अलर्ट

झारखंड में 25 से 27 अगस्त तक भारी बारिश के आसार, रांची समेत कई जिलों में अलर्ट

रांची, 23 अगस्त झारखंड में एक बार फिर मौसम करवट लेने वाला है। मौसम विभाग ने 25, 26 और 27 अगस्त को राज्य के कई जिलों में भारी बारिश की संभावना जताई है। इस दौरान रांची सहित मध्यवर्ती जिलों में भी बारिश होने के आसार हैं।

मौसम विभाग के अनुसार, 25 अगस्त को दक्षिण-पश्चिमी जिलों गुमला, सिमडेगा और पश्चिमी सिंहभूम के अलावा मध्यवर्ती जिले खूंटी में कहीं-कहीं भारी बारिश हो सकती है।

26 अगस्त को उत्तर-पश्चिमी और दक्षिण-पश्चिमी हिस्सों में बारिश का जोर रहने की संभावना है। इस दौरान गुमला, सिमडेगा और पश्चिमी सिंहभूम के साथ निकटवर्ती मध्यवर्ती जिलों लोहरदगा और खूंटी में भारी बारिश हो सकती है।

27 अगस्त को रांची, बोकारो, रामगढ़, हजारीबाग, कोडरमा और धनबाद में भारी बारिश की संभावना है। वहीं, निकटवर्ती उत्तर-पश्चिमी जिले चतरा और उत्तर-पूर्वी जिले गिरिडीह में भी कहीं-कहीं भारी बारिश हो सकती है।