Jamshedpur Encounter: बिंदल मॉल फायरिंग केस में बड़ा एक्शन, मरीन ड्राइव पर पुलिस एनकाउंटर में दो आरोपी घायल
- By rakesh --
- 07 Oct 2026 --
- comments are disable
जमशेदपुर: सोनारी थाना क्षेत्र के मरीन ड्राइव पर मंगलवार और बुधवार की देर रात पुलिस और अपराधियों के बीच मुठभेड़ हुई। पुलिस के अनुसार, मुठभेड़ में बिंदल मॉल रेस्टोरेंट फायरिंग मामले में शामिल बताए जा रहे दो आरोपी घायल हुए हैं।
घायल आरोपियों की पहचान मोहन यादव और अजीत मंडल के रूप में हुई है। पुलिस की जवाबी कार्रवाई में दोनों के पैर में गोली लगी। इसके बाद पुलिस ने दोनों को घायल अवस्था में कब्जे में लिया और इलाज के लिए एमजीएम अस्पताल में भर्ती कराया, जहां उनका उपचार चल रहा है।
हथियार बरामदगी के लिए मरीन ड्राइव पहुंची थी पुलिस
पुलिस के मुताबिक, रेस्टोरेंट फायरिंग मामले में दोनों आरोपियों को गिरफ्तार किया गया था। पूछताछ के दौरान मिली जानकारी के आधार पर पुलिस हथियार बरामद करने के लिए दोनों को मरीन ड्राइव इलाके में लेकर पहुंची थी।
पुलिस का दावा है कि इसी दौरान दोनों आरोपियों ने पुलिस पर फायरिंग कर भागने की कोशिश की। इसके बाद पुलिस की ओर से जवाबी कार्रवाई की गई। पुलिस के अनुसार, दोनों ओर से तीन-तीन राउंड फायरिंग हुई।
मुठभेड़ के बाद पुलिस ने इलाके में सर्च अभियान तेज कर दिया। दोनों आरोपियों की निशानदेही पर मौके से हथियार बरामद किए जाने की बात भी पुलिस ने कही है।
अजीत के बाएं और मोहन के दाएं पैर में लगी गोली
जमशेदपुर के सिटी एसपी ललित मीणा ने बताया कि आरोपी मौके से भागने का प्रयास कर रहे थे और उनकी ओर से फायरिंग की गई। पुलिस ने जवाबी कार्रवाई की, जिसमें अजीत मंडल के बाएं पैर और मोहन यादव के दाएं पैर में गोली लगी।
सिटी एसपी के मुताबिक, दोनों की निशानदेही पर हथियार बरामद किया गया है। पूरे मामले की जांच की जा रही है।
उन्होंने कहा कि अपराध कर कोई व्यक्ति कहीं छिप नहीं सकता और पुलिस उसे खोजकर कार्रवाई करेगी। पुलिस के मुताबिक, मामले में आगे भी जांच और कार्रवाई जारी है।
बिंदल मॉल रेस्टोरेंट में हुई थी करीब 12 राउंड फायरिंग
गौरतलब है कि 26 सितंबर की दोपहर करीब डेढ़ बजे बिंदल मॉल स्थित एक रेस्टोरेंट में फायरिंग की घटना हुई थी। पुलिस के अनुसार, डोमिनिक सैमसन अपने परिचित रिजवान और दिलशान उर्फ दानिश के साथ रेस्टोरेंट में नाश्ता कर रहे थे।
इसी दौरान बाइक सवार तीन अपराधी वहां पहुंचे और तीनों को निशाना बनाकर करीब 12 राउंड फायरिंग की। अचानक हुई गोलीबारी से रेस्टोरेंट में अफरा-तफरी मच गई थी।
फायरिंग की इस घटना में डोमिनिक सैमसन, रिजवान, दिलशान और कृष्णा चौधरी घायल हुए थे। सभी घायलों को इलाज के लिए टीएमएच में भर्ती कराया गया था।
मरीन ड्राइव एनकाउंटर के बाद पुलिस ने इस मामले की जांच और आरोपियों से जुड़े अन्य पहलुओं पर कार्रवाई तेज कर दी है।
यह भी पढ़ें: धनबाद दुर्गा पूजा 2026: DJ पर रोक, हर बड़े पंडाल में CCTV; प्रशासन ने जारी किए सख्त निर्देश