धनबाद दुर्गा पूजा 2026: DJ पर रोक, हर बड़े पंडाल में CCTV; प्रशासन ने जारी किए सख्त निर्देश
- By rakesh --
- 07 Oct 2026 --
- comments are disable
धनबाद: दुर्गा पूजा को शांतिपूर्ण और सुरक्षित तरीके से संपन्न कराने के लिए जिला प्रशासन ने तैयारियां तेज कर दी हैं। पूजा पंडालों की सुरक्षा, यातायात, बिजली, स्वास्थ्य व्यवस्था से लेकर विसर्जन तक के लिए संबंधित अधिकारियों को जिम्मेदारियां सौंपी गई हैं।
समाहरणालय सभागार में उपायुक्त सह जिला दंडाधिकारी आदित्य रंजन और वरीय पुलिस अधीक्षक प्रभात कुमार की संयुक्त अध्यक्षता में बैठक हुई। इसमें दुर्गा पूजा की तैयारियों की समीक्षा की गई और सभी संबंधित विभागों के अधिकारियों व पुलिस पदाधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए।
प्रशासन ने स्पष्ट किया कि सुरक्षा मानकों में किसी भी तरह की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।
पंडाल निर्माण के लिए NOC अनिवार्य
प्रत्येक पूजा समिति को सुरक्षा मानकों के पालन को लेकर अंडरटेकिंग देना होगा। पंडाल के लिए अग्निशमन विभाग, भवन प्रमंडल और विद्युत विभाग से NOC लेना अनिवार्य किया गया है।
पंडाल निर्माण में नायलॉन, सिंथेटिक या अन्य ज्वलनशील सामग्री के इस्तेमाल पर रोक रहेगी। पंडालों में अग्निशामक यंत्र, बालू की बाल्टियां और प्राथमिक उपचार की व्यवस्था करनी होगी। बिजली बाधित होने की स्थिति में इन्वर्टर या जेनरेटर जैसी वैकल्पिक व्यवस्था भी रखनी होगी।
महिला और पुरुष श्रद्धालुओं के लिए अलग-अलग कतार के साथ प्रवेश और निकास की व्यवस्था करनी होगी। बैरिकेडिंग, पर्याप्त वेंटिलेशन और खोया-पाया केंद्र की व्यवस्था भी जरूरी होगी।
प्रमुख पंडालों में इंटरनेट से जुड़े CCTV कैमरे लगाने और निगरानी व्यवस्था मजबूत रखने का निर्देश दिया गया है। डायल 112, स्थानीय थाना और कंट्रोल रूम के नंबर भी प्रमुख स्थानों पर प्रदर्शित करने होंगे।
DJ पर रोक, वॉलंटियर और भीड़ प्रबंधन पर जोर
दुर्गा पूजा के दौरान पूजा पंडालों और विसर्जन जुलूस में DJ बजाने पर पूरी तरह रोक रहेगी। लाउडस्पीकर का इस्तेमाल निर्धारित समय और तय ध्वनि सीमा के भीतर ही किया जा सकेगा।
पूजा समितियों को पर्याप्त संख्या में पहचान-पत्र वाले वॉलंटियर तैनात करने होंगे। वॉलंटियरों की सूची और उनके मोबाइल नंबर संबंधित थाने में उपलब्ध कराने होंगे।
सुरक्षा, स्वच्छता और प्रशासनिक निर्देशों का बेहतर तरीके से पालन करने वाली पूजा समितियों को नकद पुरस्कार भी दिए जाएंगे। प्रथम पुरस्कार 51 हजार, द्वितीय 41 हजार, तृतीय 31 हजार रुपये और चतुर्थ से दसवें स्थान तक 11-11 हजार रुपये दिए जाएंगे।
विसर्जन घाटों पर गोताखोर और वॉच टावर की व्यवस्था
विसर्जन स्थलों पर सुरक्षा के लिए विशेष इंतजाम किए जाएंगे। प्रमुख जलाशयों पर मजिस्ट्रेट और पुलिस बल की तैनाती रहेगी। बैरिकेडिंग के अलावा नाव, प्रशिक्षित गोताखोर, वॉच टावर और पब्लिक एड्रेस सिस्टम की व्यवस्था की जाएगी।
विसर्जन जुलूस में शामिल वाहनों के चालकों के पास वैध ड्राइविंग लाइसेंस होना जरूरी होगा। रास्ते में वाहन खराब होने की स्थिति से निपटने के लिए क्रेन की व्यवस्था भी रहेगी। प्रशासन ने छोटे बच्चों को विसर्जन जुलूस में शामिल नहीं करने की सलाह दी है।
सड़क, बिजली और स्वास्थ्य व्यवस्था पर भी फोकस
उपायुक्त ने पथ निर्माण विभाग और नगर निकाय के अधिकारियों को पूजा पंडालों तक जाने वाली सड़कों, मुख्य मार्गों और संपर्क सड़कों की तत्काल मरम्मत कराने का निर्देश दिया है। विद्युत विभाग को जर्जर और लटकते तारों के साथ खराब बिजली के पोलों को प्राथमिकता के आधार पर ठीक करने को कहा गया है।
गोविंदपुर मुख्य बाजार समेत जिले के प्रमुख चौक-चौराहों से अतिक्रमण हटाने की कार्रवाई भी की जाएगी। सड़क और फुटपाथ पर लगे अवैध ठेले, दुकान और अन्य अवरोध हटाने के निर्देश दिए गए हैं।
अस्पतालों, सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्रों और प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्रों को आपात स्थिति के लिए तैयार रहने को कहा गया है। जरूरी दवाओं, एंबुलेंस और बेड की उपलब्धता सुनिश्चित करने के साथ डॉक्टर और पैरामेडिकल स्टाफ को ड्यूटी पर उपलब्ध रहने का निर्देश दिया गया है।
जरूरत वाले पूजा पंडालों में मेडिकल टीम भी तैनात की जाएगी। खाद्य सुरक्षा विभाग की टीम पूजा पंडालों और आसपास लगने वाले खाद्य स्टॉलों की जांच करेगी।
महिला सुरक्षा और सोशल मीडिया पर भी नजर
एसएसपी प्रभात कुमार ने थाना प्रभारियों और पुलिस अधिकारियों को पूजा के दौरान सुरक्षा व्यवस्था मजबूत रखने का निर्देश दिया है। भीड़भाड़ वाले इलाकों में अतिरिक्त पुलिस बल की तैनाती की जाएगी। संवेदनशील स्थानों पर सादे कपड़ों में पुलिसकर्मी भी निगरानी करेंगे।
महिला श्रद्धालुओं की सुरक्षा को लेकर मनचलों और असामाजिक तत्वों पर विशेष नजर रखने के निर्देश दिए गए हैं। प्रमुख पूजा पंडालों में CCTV, प्रवेश-निकास पर बैरिकेडिंग और हेल्पलाइन बूथ की व्यवस्था सुनिश्चित की जाएगी।
इसके अलावा साइबर मॉनिटरिंग सेल को भी सक्रिय किया गया है। सोशल मीडिया पर अफवाह, भ्रामक या विवादित सामग्री प्रसारित करने वालों पर नजर रखी जाएगी और नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।
प्रशासन ने श्रद्धालुओं से भी सतर्क रहने की अपील की है। बच्चों की जेब में नाम, पता और मोबाइल नंबर की पर्ची रखने, भीड़ में कीमती सामान और आभूषणों से बचने तथा दोपहिया वाहनों में डबल लॉक लगाने की सलाह दी गई है। किसी संदिग्ध व्यक्ति या लावारिस वस्तु को हाथ न लगाने और तुरंत डायल 112 या नजदीकी पुलिसकर्मी को सूचना देने की अपील की गई है।
प्रशासन ने लोगों से पूजा के दौरान अनावश्यक निजी वाहनों का इस्तेमाल कम करने की भी अपील की है, ताकि शहर की यातायात व्यवस्था सुचारू बनी रहे।
यह भी पढ़ें: Trisha Singh: तृषा सिंह के द्वादशा कार्यक्रम में पहुंचे हेमंत-कल्पना सोरेन, दी श्रद्धांजलि