दीपावली-छठ से पहले दुमका प्रशासन की तैयारी तेज, सुबह अर्घ्य के समय बढ़ेगी पुलिस गश्ती

दीपावली-छठ से पहले दुमका प्रशासन की तैयारी तेज, सुबह अर्घ्य के समय बढ़ेगी पुलिस गश्ती

दुमका। दीपावली और लोक आस्था के महापर्व छठ को सुरक्षित और व्यवस्थित तरीके से संपन्न कराने के लिए जिला प्रशासन ने तैयारियां तेज कर दी हैं। श्रद्धालुओं की सुरक्षा, स्वच्छता और सुविधाओं को लेकर उपायुक्त अभिजीत सिन्हा ने समाहरणालय सभागार में अधिकारियों के साथ समीक्षा बैठक की। इसमें छठ घाटों की सफाई, रोशनी, बैरिकेडिंग, चिकित्सा सुविधा और आपदा प्रबंधन की व्यवस्था समय पर पूरी करने का निर्देश दिया गया।

उपायुक्त ने संबंधित विभागों को स्पष्ट कहा कि पर्व के दौरान श्रद्धालुओं को किसी तरह की परेशानी नहीं होनी चाहिए। घाटों पर सुरक्षा के पर्याप्त इंतजाम के साथ यातायात प्रबंधन, अग्निशमन और विधि-व्यवस्था पर भी विशेष ध्यान दिया जाए।

खतरनाक घाटों पर बैरिकेडिंग, गोताखोरों की होगी तैनाती

डीसी ने नगर परिषद दुमका, नगर पंचायत बासुकीनाथ और संबंधित विभागों को सभी छठ घाटों, तालाबों तथा वहां तक पहुंचने वाले रास्तों की सफाई कराने का निर्देश दिया। गहरे पानी वाले स्थानों को पहले से चिह्नित कर वहां मजबूत रस्सियों और बैरिकेडिंग की व्यवस्था करने को कहा गया है, ताकि श्रद्धालु अनजाने में खतरनाक हिस्सों तक नहीं पहुंचें।

आपदा प्रबंधन विभाग को प्रशिक्षित गोताखोरों, आपदा मित्रों और नाव की उपलब्धता सुनिश्चित करने का निर्देश दिया गया। प्रमुख घाटों पर स्वास्थ्य विभाग की ओर से मेडिकल टीम तैनात रहेगी। इसके लिए जरूरी दवाइयों, एंबुलेंस, ऑक्सीजन कंसंट्रेटर और अन्य चिकित्सा उपकरणों की व्यवस्था भी की जाएगी।

छठ के अर्घ्य के समय बढ़ेगी पुलिस गश्ती

छठ के दौरान सुबह और शाम अर्घ्य देने के लिए बड़ी संख्या में श्रद्धालु घाटों की ओर पहुंचते हैं। इसे देखते हुए प्रशासन ने यातायात व्यवस्था को सुचारु रखने की तैयारी की है। जरूरत के अनुसार रूट डायवर्जन और पार्किंग की व्यवस्था की जाएगी। शहर में बड़े वाहनों के प्रवेश पर नो-एंट्री लागू रखने का भी निर्देश दिया गया है।

पुलिस अधीक्षक पीतांबर सिंह खेरवार ने सुरक्षा व्यवस्था की समीक्षा करते हुए कहा कि सुबह अर्घ्य के समय कई घर खाली रहते हैं। ऐसे में चोरी की घटनाओं की आशंका को देखते हुए पुलिस गश्ती बढ़ाई जाएगी। संवेदनशील स्थानों पर पुलिस बल, महिला पुलिसकर्मियों और दंडाधिकारियों की प्रतिनियुक्ति की जाएगी।

मिलावटी मिठाइयों पर होगी छापेमारी, बिजली व्यवस्था की जांच

त्योहारों के दौरान मिलावटी मिठाइयों और खाद्य पदार्थों की बिक्री रोकने के लिए खाद्य सुरक्षा पदाधिकारी को विशेष जांच अभियान चलाने का निर्देश दिया गया है। दुकानों में मिठाई और अन्य खाद्य सामग्री की गुणवत्ता की जांच के लिए औचक छापेमारी की जाएगी।

वहीं, विद्युत विभाग को छठ घाटों और वहां तक पहुंचने वाले रास्तों पर बिजली के झूलते तारों तथा खराब उपकरणों को तत्काल ठीक कराने को कहा गया है। बासुकीनाथ स्थित शिवगंगा फिल्ट्रेशन प्लांट को भी जल्द क्रियाशील करने का निर्देश दिया गया, ताकि संबंधित व्यवस्था सुचारु रह सके।

आपदा की स्थिति में 24 घंटे सक्रिय रहेगा कंट्रोल रूम

समीक्षा बैठक में चक्रवाती परिस्थितियों और अन्य संभावित आपदाओं से निपटने की तैयारियों पर भी चर्चा हुई। उपायुक्त ने अंचल अधिकारियों को निर्देश दिया कि मौसम या किसी अन्य आपदा के कारण नुकसान होने पर प्रभावित लोगों तक तत्काल राहत पहुंचाई जाए। फसलों को हुए नुकसान का भी जल्द आकलन कर रिपोर्ट उपलब्ध कराने को कहा गया।

पर्व के दौरान जिला स्तरीय कंट्रोल रूम सक्रिय रहेगा। यहां कर्मचारियों की ड्यूटी अलग-अलग शिफ्ट में लगाई जाएगी, ताकि किसी भी शिकायत या आपात सूचना पर तुरंत कार्रवाई की जा सके। जिला प्रशासन ने सभी विभागों को आपसी समन्वय के साथ पर्व के दौरान सुरक्षा और सुविधाओं की व्यवस्था बनाए रखने का निर्देश दिया है।

यह भी पढ़ें: टाटा स्टील कर्मचारियों के लिए नई सुविधा, अब कैंटीन में नाश्ते की भी होगी प्री-बुकिंग