टाटा स्टील कर्मचारियों के लिए नई सुविधा, अब कैंटीन में नाश्ते की भी होगी प्री-बुकिंग
- By rakesh --
- 30 Oct 2026 --
- comments are disable
जमशेदपुर। टाटा स्टील के कर्मचारियों को अब कैंटीन में सुबह और शाम का नाश्ता लेने के लिए भी पहले से बुकिंग कराने की सुविधा मिल सकती है। कंपनी प्रबंधन कैंटीनों में नाश्ते की प्री-बुकिंग व्यवस्था लागू करने की तैयारी कर रहा है। इसके तहत कर्मचारियों को एक दिन पहले ही बताना होगा कि वे अगले दिन नाश्ते में कौन सा व्यंजन लेना चाहते हैं। इससे मांग के अनुसार खाद्य सामग्री तैयार करने और सभी कर्मचारियों को समय पर नाश्ता उपलब्ध कराने में मदद मिलेगी।
टाटा स्टील में फिलहाल दोपहर और रात के भोजन के लिए पहले से ऑनलाइन बुकिंग की व्यवस्था लागू है। कर्मचारी कंपनी की वेबसाइट के माध्यम से एक दिन पहले अपनी पसंद का भोजन चुनते हैं। प्राप्त ऑर्डर के आधार पर ही कैंटीनों में खाना तैयार किया जाता है। उबले अंडे के लिए भी इसी तरह की व्यवस्था पहले से मौजूद है। अब इस सुविधा का विस्तार सुबह और शाम के नाश्ते तक करने की योजना है।
15 बड़ी कैंटीन और 104 ट्रॉली प्वाइंट पर मिलती है सुविधा
टाटा स्टील में कर्मचारियों के लिए 15 बड़ी कैंटीन और 104 ट्रॉली प्वाइंट संचालित हैं। यहां प्रतिदिन करीब 15 हजार से अधिक स्थायी और ठेका कर्मचारी भोजन एवं नाश्ता करते हैं। कैंटीनों के संचालन की जिम्मेदारी शौर्या इन और सीएसएस एजेंसी के पास है।
कंपनी में भोजन की प्री-बुकिंग व्यवस्था से पहले ही मांग का अनुमान लगाने में मदद मिलती है। इसी तर्ज पर नाश्ते की बुकिंग शुरू होने से कैंटीन प्रबंधन को यह पता रहेगा कि किस व्यंजन की कितनी मात्रा तैयार करनी है।
नाश्ता खत्म होने की समस्या से मिलेगी राहत
कई कर्मचारी दोपहर और रात का खाना घर से लाए टिफिन में खाते हैं, लेकिन सुबह और शाम के समय कैंटीन से नाश्ता लेना पसंद करते हैं। ऐसे में नाश्ते के समय अचानक भीड़ बढ़ने से कई बार उपलब्ध खाद्य सामग्री कम पड़ जाती है। कर्मचारियों की ओर से इस तरह की शिकायतें भी सामने आती रही हैं।
कैंटीनों में इडली, उपमा, पूरी, मिक्चर, स्वीट बन, सेव-बूंदी, चूड़ा-बादाम और प्याज पकौड़ा जैसे कई व्यंजन उपलब्ध कराए जाते हैं। नाश्ते की प्री-बुकिंग शुरू होने पर कर्मचारियों की पसंद और मांग के अनुसार पहले से तैयारी की जा सकेगी। इससे नाश्ता खत्म होने की समस्या कम करने में मदद मिलने की उम्मीद है।
सेंट्रल कैंटीन मैनेजमेंट कमेटी की बैठक में होगा फैसला
नाश्ते की प्री-बुकिंग व्यवस्था को अंतिम रूप देने के लिए सेंट्रल कैंटीन मैनेजमेंट कमेटी की बैठक प्रस्तावित है। बैठक में व्यवस्था लागू करने से जुड़े पहलुओं पर चर्चा की जाएगी। इसके साथ ही ब्लैक कॉफी, झालमूढ़ी और दलिया सहित कुछ नए व्यंजनों की कीमतें भी तय की जाएंगी।
कमेटी की बैठक के बाद व्यवस्था को लेकर अंतिम निर्णय लिया जाएगा। प्री-बुकिंग लागू होने से कर्मचारियों को अपनी पसंद का नाश्ता पहले से चुनने की सुविधा मिलेगी और कैंटीन प्रबंधन भी उसी हिसाब से तैयारी कर सकेगा।
यह भी पढ़ें: जन शिकायत निवारण दिवस पर डीसी राजीव रंजन ने सुनीं फरियाद, अधिकारियों को समय-सीमा में कार्रवाई का आदेश