Jamshedpur News: जुगसलाई में विवाद के बाद बवाल, पुलिस ने किया लाठीचार्ज और हवाई फायरिंग
- By rakesh --
- 05 Sep 2026 --
- comments are disable
जमशेदपुर। जुगसलाई थाना क्षेत्र के ईदगाह मैदान के पास शुक्रवार देर रात विवाद के बाद बड़ी संख्या में लोगों के जुटने से स्थिति तनावपूर्ण हो गई। भीड़ को नियंत्रित करने के लिए पुलिस को लाठीचार्ज करना पड़ा। स्थिति सामान्य नहीं होने पर पुलिस ने हवाई फायरिंग भी की। इसके बाद इलाके में सुरक्षा व्यवस्था बढ़ा दी गई।
मौके पर क्यूआरटी की दो गाड़ियों के साथ बड़ी संख्या में पुलिस बल तैनात किया गया। डीएसपी सुमित कुमार सहित पुलिस के कई अधिकारी देर रात तक घटनास्थल पर मौजूद रहे और स्थिति पर नजर बनाए रखी।
बाछी की तलाश में जुगसलाई पहुंचे थे लोग
मिली जानकारी के अनुसार, बिष्टुपुर के रामदास भट्टा ग्वालाबस्ती से एक गाय की बाछी चोरी हो गई थी। मवेशी के मालिक उसकी तलाश करते हुए जुगसलाई पहुंचे। उन्हें जानकारी मिली थी कि ईदगाह मैदान के पास उक्त बाछी को लाया गया है।
इसके बाद कुछ लोग मामले की जानकारी लेने के लिए वहां पहुंचे। इसी दौरान वहां मौजूद लोगों के बीच किसी बात को लेकर विवाद हो गया। धीरे-धीरे विवाद की जानकारी आसपास के इलाकों में फैल गई और लोगों की भीड़ मौके पर जुटने लगी।
पुलिस के पहुंचने के बाद भी बढ़ती गई भीड़
विवाद की सूचना मिलने पर जुगसलाई थाना प्रभारी गुलाम रब्बानी पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। पुलिस ने लोगों को समझाकर स्थिति को सामान्य करने का प्रयास किया। हालांकि, भीड़ बढ़ती देख क्यूआरटी की दो गाड़ियों को भी मौके पर बुलाया गया।
डीएसपी सुमित कुमार के साथ बिष्टुपुर, बागबेड़ा और आसपास के थानों से अतिरिक्त पुलिस बल भी घटनास्थल पर पहुंचा। पुलिस के अनुसार, इसी दौरान बड़ी संख्या में मौजूद लोगों ने पुलिस टीम को घेर लिया। आरोप है कि भीड़ में शामिल कुछ लोगों ने पुलिस बल पर पथराव भी किया।
लाठीचार्ज के बाद पुलिस ने की हवाई फायरिंग
स्थिति बिगड़ने के बाद पुलिस ने भीड़ को नियंत्रित करने के लिए लाठीचार्ज किया और लोगों को वहां से हटाने का प्रयास किया। इसके बावजूद जब स्थिति पूरी तरह सामान्य नहीं हुई तो पुलिस ने चार राउंड हवाई फायरिंग की।
इसके बाद पुलिस ने इलाके में सुरक्षा व्यवस्था और बढ़ा दी। ईदगाह मैदान तथा आसपास के क्षेत्रों में अतिरिक्त पुलिस बल तैनात किया गया। क्यूआरटी की टीमें भी क्षेत्र में निगरानी करती रहीं।
अफवाहों पर ध्यान नहीं देने की अपील
घटना के बाद पुलिस अधिकारियों ने स्थानीय लोगों से संयम बरतने की अपील की। लोगों से किसी भी तरह की अफवाह पर ध्यान नहीं देने और बिना पुष्टि के किसी सूचना को आगे नहीं बढ़ाने को कहा गया।
घटना की जानकारी मिलने के बाद डीएसपी लॉ एंड ऑर्डर सुमित कुमार के अलावा बिष्टुपुर और बागबेड़ा थाना प्रभारी भी अतिरिक्त पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे थे। इलाके में स्थिति पर लगातार निगरानी रखी गई।
उपद्रव में शामिल लोगों की पहचान में जुटी पुलिस
स्थिति नियंत्रण में आने के बाद पुलिस ने घटनास्थल की जांच की। मौके से कारतूस के खोखे बरामद किए जाने की जानकारी दी गई है। पुलिस अब उपद्रव में शामिल लोगों की पहचान करने में जुटी है।
पुलिस के अनुसार, पहचान किए जा रहे लोगों के संभावित ठिकानों पर गिरफ्तारी के लिए छापेमारी की जा रही है। इलाके में फ्लैग मार्च भी किया गया।
जमशेदपुर एसएसपी डॉ. एहतेशाम वकारिब ने बताया कि जुगसलाई में दो पक्षों के बीच विवाद और मारपीट के बाद स्थिति बिगड़ी थी और पुलिस पर हमला किया गया। इसके बाद पुलिस की ओर से हवाई फायरिंग की गई। उन्होंने कहा कि उपद्रव में शामिल लोगों को चिह्नित किया जा रहा है और उनके खिलाफ कार्रवाई की जाएगी।
यह भी पढ़ें: मंईयां सम्मान योजना: इन वजहों से रुक सकती है किस्त, लाभार्थी तुरंत करें ये काम