पाक हमलों को किया नाकाम, ड्रोन व मिसाइल को मार गिराया- कर्नल सोफिया

 

दिल्ली: पाकिस्तान द्वारा LOC पर स्कूलों और धार्मिक स्थलों को निशाना बनाए जाने पर विदेश सचिव विक्रम मिस्री ने कहा, “… 7 मई की सुबह LOC पर भारी गोलाबारी के दौरान, पाकिस्तान की ओर से दागा गया एक गोला पुंछ में क्राइस्ट स्कूल के ठीक पीछे गिरा। पाकिस्तान की ओर से दागा गया गोला स्कूल के दो छात्रों के घर पर लगा, जिन्होंने दुर्भाग्य से अपनी जान गंवा दी और उनके माता-पिता घायल हो गए… सौभाग्य से स्कूल बंद था, अन्यथा और अधिक नुकसान हो सकता था। पाकिस्तान गुरुद्वारों, चर्चों और मंदिरों सहित पूजा स्थलों को निशाना बना रहा है और उन पर गोलाबारी कर रहा है।”

 

कर्नल सोफिया कुरैशी ने बताया, “8-9 मई की मध्यरात्रि को पाकिस्तानी सेना ने सैन्य बुनियादी ढांचे को निशाना बनाने के इरादे से पूरी पश्चिमी सेना पर भारतीय वायुक्षेत्र का कई बार उल्लंघन किया। पाकिस्तानी सेना ने नियंत्रण रेखा पर भारी कैलिबर वाले हथियारों से गोलीबारी भी की। अंतर्राष्ट्रीय सीमा और नियंत्रण रेखा पर 36 जगहों पर 300-400 ड्रोनों का इस्तेमाल घुसपैठ के लिया किया गया। भारत ने इनमें से कई ड्रोन को मार गिराया।”

कर्नल सोफिया कुरैशी ने बताया, “रात में पाकिस्तान के सशस्त्र UAV(मानव रहित हवाई वाहन) ने बठिंडा सैन्य स्टेशन को निशाना बनाने की कोशिश भी की जिसे पकड़ कर निष्क्रिय कर दिया गया। पाकिस्तानी हमले के जवाब में पाकिस्तान में 4 हवाई रक्षा स्थालों पर सशस्त्र ड्रोन लॉन्च किए गए। इनमें से एक ड्रोन AD रडार को नष्ट करने में सक्षम रहा।”

कर्नल सोफिया कुरैशी ने बताया, “पाकिस्तान ने जम्मू-कश्मीर के तंगधार, उरी, पुंछ, मेंढर, राजौरी, अखनूर और उधमपुर में भारी कैलिबर आर्टिलरी गन और सशस्त्र ड्रोन का उपयोग करके नियंत्रण रेखा के पार गोलीबारी भी की। जिसके परिणाम स्वरूप भारतीय सेना के कुछ जवान हताहत हुए और घायल हुए। भारतीय जवाबी कार्रवाई में पाकिस्तानी सेना को भी बड़ा नुकसान पहुंचाया गया है।”