Colombia Earthquake: 7.4 तीव्रता के भूकंप से भारी तबाही, 111 लोगों की मौत, 87 घायल
- By rakesh --
- 11 Aug 2026 --
- comments are disable
कोलंबिया: दक्षिण अमेरिकी देश कोलंबिया में सोमवार, 10 अगस्त को आए 7.4 तीव्रता के शक्तिशाली भूकंप ने बड़े पैमाने पर तबाही मचाई है। राष्ट्रपति एबेलार्डो डी ला एस्प्रिएला के अनुसार, आपदा में अब तक कम से कम 111 लोगों की मौत हुई है, जबकि 87 लोग घायल बताए जा रहे हैं। कई इलाकों में इमारतों के ढहने के बाद मलबे में लोगों के फंसे होने की आशंका है। भूकंप के बाद प्रशासन ने राहत और बचाव अभियान तेज कर दिया है। प्रभावित क्षेत्रों में आपातकालीन टीमें पहुंचकर मलबे में जीवित लोगों की तलाश कर रही हैं।
7.4 तीव्रता का था भूकंप
अमेरिकी भूगर्भीय सर्वेक्षण (USGS) के अनुसार, भूकंप स्थानीय समयानुसार सुबह 7:34 बजे आया। इसका केंद्र चोको प्रांत के सैन जोस डेल पाल्मार से करीब 5 किलोमीटर पूर्व में बताया गया है। भूकंप का केंद्र जमीन के लगभग 107 किलोमीटर नीचे था। तेज झटकों के कारण कई इलाकों में इमारतों को नुकसान पहुंचा। शुरुआती आकलन में 61 से अधिक इमारतों के ढहने की जानकारी सामने आई है। अधिकारियों को आशंका है कि मलबे के नीचे अभी भी लोग फंसे हो सकते हैं।
काली शहर में भी भारी नुकसान
काली शहर के मेयर एलेजांद्रो एडर के मुताबिक, शहर में कम से कम 20 इमारतें गिर गई हैं। इन इमारतों के मलबे में लोगों के दबे होने की आशंका के चलते बचाव दल लगातार अभियान चला रहे हैं। प्रशासन की प्राथमिकता मलबे में फंसे लोगों को सुरक्षित बाहर निकालना और घायलों को तत्काल चिकित्सा सहायता उपलब्ध कराना है।
पड़ोसी देशों में भी महसूस किए गए झटके
भूकंप के तेज झटके केवल कोलंबिया तक सीमित नहीं रहे। पड़ोसी देशों वेनेजुएला, इक्वाडोर और पनामा में भी कंपन महसूस की गई। भूकंप के बाद कई इलाकों में लोगों के बीच दहशत का माहौल बन गया। इस बीच अमेरिकी सुनामी चेतावनी प्रणाली के अनुसार कोलंबिया के प्रशांत महासागरीय तट के लिए सुनामी की कोई चेतावनी जारी नहीं की गई है।
सरकार ने घोषित की नेशनल इमरजेंसी
तबाही के शुरुआती आकलन के बाद सरकार ने नेशनल इमरजेंसी की घोषणा की है। प्रभावित क्षेत्रों में राहत और बचाव कार्य जारी हैं। जैसे-जैसे मलबे को हटाया जा रहा है, नुकसान और हताहतों की संख्या की तस्वीर और स्पष्ट होने की उम्मीद है।प्रशासन ने बचाव दलों को प्रभावित इलाकों में तैनात किया है और ढही इमारतों के मलबे में फंसे लोगों की तलाश को प्राथमिकता दी जा रही है।