छठ पर घर जाने वालों के लिए खुशखबरी! रांची-धनबाद होकर चलेगी गोंदिया-पटना स्पेशल ट्रेन
- By rakesh --
- 09 Nov 2026 --
- comments are disable
रांची: दीपावली और छठ महापर्व पर घर आने-जाने वाले यात्रियों की सुविधा के लिए रेलवे ने गोंदिया-पटना-गोंदिया पूजा स्पेशल ट्रेन चलाने का निर्णय लिया है। ट्रेन संख्या 08895/08896 रांची, बोकारो, धनबाद और जसीडीह होकर परिचालित होगी। त्योहार के दौरान यात्रियों की अतिरिक्त भीड़ को देखते हुए इस विशेष ट्रेन से झारखंड और बिहार के यात्रियों को राहत मिलने की उम्मीद है।
13 और 20 नवंबर को गोंदिया से खुलेगी ट्रेन
ट्रेन संख्या 08895 गोंदिया-पटना पूजा स्पेशल 13 और 20 नवंबर को शुक्रवार दोपहर 12:30 बजे गोंदिया से रवाना होगी। रायपुर और राउरकेला होते हुए ट्रेन शनिवार तड़के 2:10 बजे हटिया और 2:30 बजे रांची पहुंचेगी। रांची से 2:40 बजे रवाना होकर यह सुबह 5:05 बजे बोकारो, 7:05 बजे धनबाद और 10:43 बजे जसीडीह पहुंचेगी। ट्रेन के पटना पहुंचने का निर्धारित समय शाम 4:30 बजे है।
पटना से वापसी का जानिए पूरा समय
वापसी में ट्रेन संख्या 08896 पटना-गोंदिया पूजा स्पेशल 14 और 21 नवंबर को शाम 6:10 बजे पटना से खुलेगी। अगले दिन सुबह 8:05 बजे रांची पहुंचेगी और 8:15 बजे गोंदिया के लिए रवाना होगी। इस ट्रेन का परिचालन दोनों दिशाओं में निर्धारित तारीखों पर किया जाएगा।
20 कोच के साथ चलेगी पूजा स्पेशल
रेलवे के अनुसार, विशेष ट्रेन में कुल 20 कोच होंगे। इनमें एसी टू टियर का एक, एसी थ्री टियर के तीन, स्लीपर श्रेणी के 10, सामान्य श्रेणी के चार और दो एसएलआरडी कोच शामिल हैं। अलग-अलग श्रेणियों के कोच होने से यात्रियों को अपनी सुविधा के अनुसार सफर करने का विकल्प मिलेगा।
रांची स्टेशन पर आरपीएफ का विशेष सेफ्टी ड्राइव
त्योहार के दौरान ट्रेनों और रेलवे स्टेशनों पर बढ़ती भीड़ को देखते हुए रांची रेलवे स्टेशन पर रेलवे सुरक्षा बल (आरपीएफ) ने विशेष सेफ्टी ड्राइव शुरू की है। इसके तहत सेफ क्यू यानी सुरक्षित कतार, सेफ चेकिंग यानी सुरक्षित जांच और सेफ बोर्डिंग यानी सुरक्षित तरीके से ट्रेन में चढ़ने पर विशेष ध्यान दिया जा रहा है।
अभियान के तहत यात्रियों को कतारबद्ध होकर ट्रेन में चढ़ने और उतरने के लिए जागरूक किया जा रहा है। महिलाओं, बुजुर्गों, बच्चों और दिव्यांग यात्रियों की सुरक्षा पर भी विशेष ध्यान दिया जा रहा है। आरपीएफ का उद्देश्य यात्रियों को सुरक्षित यात्रा के प्रति जागरूक करना और स्टेशन पर किसी अप्रिय घटना को रोकना है।
चलती ट्रेन में चढ़ने से बचें, 139 पर मिलेगी मदद
आरपीएफ ने यात्रियों से अपील की है कि ट्रेन के पूरी तरह रुकने के बाद ही उसमें चढ़ें या उतरें। चलती ट्रेन में चढ़ने, दरवाजे पर लटककर यात्रा करने और प्लेटफॉर्म पर धक्का-मुक्की करने से बचें। यात्रियों को अपने सामान की निगरानी रखने और अनजान व्यक्तियों से खाने-पीने की वस्तुएं स्वीकार नहीं करने की सलाह भी दी जा रही है।
स्टेशन या ट्रेन में कोई संदिग्ध वस्तु अथवा गतिविधि दिखाई देने पर तत्काल आरपीएफ को सूचना देने की अपील की गई है। आपात स्थिति में यात्री रेलवे हेल्पलाइन नंबर 139 पर संपर्क कर सकते हैं।
यह भी पढ़ें: बाबूलाल मरांडी ने सरकार को लौटाई 13 साल पुरानी बुलेटप्रूफ गाड़ी, हेमंत सोरेन को दिया 7 दिन का अल्टीमेटम