MMDR बिल पर आजसू और जयराम महतो का विरोध, सदन में बोले- झारखंड के संसाधनों पर किसका अधिकार?
- By rakesh --
- 26 Nov 2026 --
- comments are disable
रांची: झारखंड विधानसभा के विशेष सत्र में खान एवं खनिज (विकास एवं विनियमन) यानी MMDR संशोधन बिल को लेकर विरोध जारी है। आजसू पार्टी और डुमरी विधायक जयराम महतो ने भी इस विधेयक पर आपत्ति जतायी है। दोनों ने केंद्र सरकार पर राज्य के अधिकार सीमित करने का आरोप लगाते हुए कहा कि झारखंड की खनिज संपदा पर यहां के लोगों का अधिकार होना चाहिए। साथ ही, दोनों ने राज्य सरकार की ओर से सदन में लाये गये संकल्प प्रस्ताव का समर्थन किया।
आजसू ने कहा- झारखंड के हितों को ध्यान में रखकर हो फैसला
सदन में आजसू पार्टी के मांडू विधायक निर्मल महतो ने कहा कि MMDR संशोधन बिल झारखंड के हित में नहीं है। उन्होंने स्पष्ट किया कि आजसू ऐसे किसी भी विधेयक का समर्थन नहीं करेगी, जो राज्य की जनता के हितों के खिलाफ हो। निर्मल महतो ने बताया कि पार्टी अध्यक्ष सुदेश महतो ने इस मामले में पहले ही केंद्रीय कोयला मंत्री को पत्र लिखकर अपनी आपत्ति दर्ज करायी थी। पत्र के माध्यम से केंद्र सरकार को बताया गया था कि विधेयक के जरिये राज्य सरकार के अधिकारों को कम नहीं किया जाना चाहिए। उन्होंने कहा कि खनिज संपदा से जुड़े फैसले लेते समय झारखंड के हितों को प्राथमिकता दी जानी चाहिए।
जयराम महतो ने कहावत के जरिये उठाया संसाधनों पर अधिकार का सवाल
डुमरी विधायक जयराम महतो ने सदन में स्थानीय भाषा की कहावत के माध्यम से खनिज संपदा और बिजली उत्पादन से होने वाले लाभ का मुद्दा उठाया। उन्होंने कहा, “हमर पानी, हमर पसीना और बिजली जली तो शेख पसीना. हमरा खदान, हमर कोयला और बिजली जली तो टाटा-बिरला.” इस कहावत के जरिये उन्होंने सवाल उठाया कि झारखंड के संसाधनों का इस्तेमाल होने के बावजूद यहां के लोगों को उसका पर्याप्त लाभ क्यों नहीं मिल रहा है। उन्होंने कहा कि देश को झारखंड करीब 40 प्रतिशत खनिज संपदा देता है, लेकिन खनन गतिविधियों के कारण राज्य के लोगों को विस्थापन और आजीविका प्रभावित होने जैसी समस्याओं का सामना करना पड़ता है।
खनन से प्रभावित लोगों को लाभ मिलने की उठायी मांग
जयराम महतो ने कहा कि खनन के कारण स्थानीय लोगों की जमीन और आजीविका प्रभावित होती है, लेकिन संसाधनों से मिलने वाले लाभ में उनकी पर्याप्त भागीदारी नहीं दिखाई देती। उन्होंने राज्य के अधिकारों का सवाल उठाते हुए कहा कि दिल्ली में बैठी सरकार को यह तय करने का अधिकार नहीं होना चाहिए कि राज्य सरकार अपनी खनिज संपदा पर टैक्स लगा सकती है या नहीं। उन्होंने साफ किया कि वह MMDR संशोधन बिल के विरोध में हैं और झारखंड सरकार की ओर से सदन में पेश संकल्प प्रस्ताव का समर्थन करते हैं।
विशेष सत्र में खनिज अधिकारों पर जारी है बहस
MMDR संशोधन बिल को लेकर विधानसभा में सत्ता पक्ष और विपक्ष के कई विधायकों ने अपनी राय रखी है। आजसू और जयराम महतो के विरोध के साथ राज्य के खनिज संसाधनों, राजस्व और संवैधानिक अधिकारों का मुद्दा फिर चर्चा के केंद्र में आ गया है। विधायकों ने अपने वक्तव्यों में राज्य के हितों और स्थानीय लोगों की भागीदारी को लेकर सवाल उठाये।
यह भी पढ़ें: हेमंत सोरेन की अध्यक्षता में 1 दिसंबर को कैबिनेट बैठक, सरकार के फैसलों पर टिकी नजर