नीलांबर-पीतांबर यूनिवर्सिटी के कुलपति डॉ. डीके सिंह ने भेजा जवाब, 47 करोड़ के खर्च पर विवाद

नीलांबर-पीतांबर यूनिवर्सिटी के कुलपति डॉ. डीके सिंह ने भेजा जवाब, 47 करोड़ के खर्च पर विवाद

रांची। नीलांबर-पीतांबर विश्वविद्यालय के कुलपति डॉ. डीके सिंह ने वित्तीय और प्रशासनिक अनियमितताओं के आरोपों को लेकर राज्य सरकार की ओर से जारी शोकॉज नोटिस का जवाब भेज दिया है। शुक्रवार को उन्होंने उच्च एवं तकनीकी शिक्षा विभाग को अपना पक्ष सौंपा। विभाग ने जांच कमेटियों की रिपोर्ट के आधार पर विभिन्न मामलों में कुलपति से स्पष्टीकरण मांगा था।

विभागीय मंत्री सह मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन के निर्देश पर उच्च शिक्षा निदेशक ने कुलपति को शोकॉज नोटिस जारी किया था। अब जवाब मिलने के बाद विभाग मामले में आगे की कार्रवाई को लेकर निर्णय लेगा।

47.21 करोड़ के खर्च पर विशेष ऑडिट की आपत्ति

जांच कमेटियों की रिपोर्ट में मार्च 2025 से जनवरी 2026 के बीच विश्वविद्यालय में करीब 47.21 करोड़ रुपये के खर्च को लेकर विशेष ऑडिट की आपत्तियां सामने आयी हैं। इसके अलावा विश्वविद्यालय के वित्तीय प्रबंधन और प्रशासनिक कार्यप्रणाली से जुड़े कई अन्य मामलों पर भी सवाल उठाये गये हैं। विभाग ने इन सभी बिंदुओं पर कुलपति से जवाब मांगा था।

दीक्षांत समारोह पर 79.35 लाख खर्च करने का मामला

अक्टूबर 2025 में आयोजित विश्वविद्यालय के दीक्षांत समारोह पर 79.35 लाख रुपये खर्च किये जाने को लेकर भी आपत्ति जतायी गयी है। आरोप है कि इस आयोजन पर लोकभवन की अनुमति के बिना राशि खर्च की गयी।

इसके अलावा डिजिटल बोर्ड की खरीद के लिए आवंटित 80 लाख रुपये के इस्तेमाल में भी नियमों का उल्लंघन किये जाने की बात जांच रिपोर्ट में सामने आयी है। कुलपति पर लोकभवन के निर्देशों की अनदेखी करने का आरोप भी लगाया गया है।

सितंबर 2026 में जब्त किये गये थे कुलपति के अधिकार

गौरतलब है कि विभिन्न शिकायतों और अनियमितताओं से जुड़े मामलों के बाद राज्यपाल सह कुलाधिपति ने सितंबर 2026 में कुलपति के अधिकार जब्त कर लिये थे। उन्हें केवल विश्वविद्यालय के नियमित कार्यों के निष्पादन की अनुमति दी गयी थी।

इससे पहले लोकभवन की ओर से कुलपति को पद से हटाने के संबंध में राज्य सरकार को पत्र भी भेजा गया था।

दो जांच कमेटियों ने सौंपी थी रिपोर्ट

पूरे मामले की पड़ताल के लिए उच्च एवं तकनीकी शिक्षा विभाग ने दो अलग-अलग जांच कमेटियों का गठन किया था। दोनों कमेटियों ने अपनी जांच पूरी कर रिपोर्ट विभाग को सौंप दी थी। इन्हीं रिपोर्टों में सामने आये बिंदुओं के आधार पर कुलपति को शोकॉज नोटिस जारी किया गया था।

अब डॉ. डीके सिंह की ओर से जवाब सौंपे जाने के बाद विभाग उनके स्पष्टीकरण और जांच रिपोर्ट की समीक्षा करेगा। इसके आधार पर आगे की कार्रवाई तय की जायेगी। उल्लेखनीय है कि डॉ. डीके सिंह रांची विश्वविद्यालय के कुलपति का प्रभार भी संभाल चुके हैं।

ये भी पढ़ें: रांची नगर निगम की जमीनों का होगा सर्वे, प्रतिबंधित प्लॉट की सूची मांगी; अतिक्रमण हटाने का आदेश