निशा भगत मौत मामले में CBI का बड़ा एक्शन, पूर्व थाना प्रभारी सतीश पांडे से पूछताछ

निशा भगत मौत मामले में CBI का बड़ा एक्शन, पूर्व थाना प्रभारी सतीश पांडे से पूछताछ

रांची: आदिवासी नेत्री निशा भगत की संदिग्ध मौत के मामले में केंद्रीय जांच ब्यूरो (CBI) ने अपनी जांच तेज कर दी है। दिल्ली सीबीआई की स्पेशल क्राइम ब्रांच-1 की टीम ने मामले की पड़ताल के दौरान पिठोरिया के तत्कालीन थाना प्रभारी सतीश पांडे से पूछताछ की है। इस दौरान शुरुआती पुलिस कार्रवाई और जांच से जुड़े कई अहम पहलुओं पर जानकारी जुटाई गई।

पिछले कुछ दिनों से रांची में कैंप कर रही सीबीआई की टीम ने प्रारंभिक जांच और जरूरी साक्ष्य जुटाने की प्रक्रिया आगे बढ़ाई है। जानकारी के मुताबिक, टीम के वरिष्ठ अधिकारी गुरुवार को दिल्ली लौटेंगे।

शुरुआती पुलिस जांच और केस डायरी खंगाल रही CBI

सीबीआई अधिकारियों ने पूछताछ के दौरान तत्कालीन थाना प्रभारी सतीश पांडे से कई महत्वपूर्ण सवाल किए। इनमें घटनास्थल पर पुलिस की शुरुआती कार्रवाई, बरामद साक्ष्य और केस डायरी में दर्ज तथ्यों से जुड़े सवाल शामिल थे।

अधिकारियों ने मामले में अब तक हुई पुलिस जांच के विभिन्न पहलुओं को समझने के लिए उनका बयान भी दर्ज किया। सीबीआई अब शुरुआती जांच में सामने आए तथ्यों और उपलब्ध साक्ष्यों का आपस में मिलान कर रही है।

ज्योत्स्ना केरकेट्टा और अजय तिर्की से भी हो चुकी है पूछताछ

इस मामले में सीबीआई नामजद आरोपी ज्योत्स्ना केरकेट्टा और अजय तिर्की से भी लंबी पूछताछ कर चुकी है। दोनों के ठिकानों पर छापेमारी के दौरान मोबाइल फोन, लैपटॉप और अन्य डिजिटल उपकरणों के अलावा महत्वपूर्ण दस्तावेज जब्त किए गए थे।

जब्त इलेक्ट्रॉनिक उपकरणों को फॉरेंसिक जांच के लिए भेजा गया है। इनके माध्यम से कॉल डिटेल्स, चैट और अन्य डिजिटल रिकॉर्ड की पड़ताल की जाएगी। जांच एजेंसी इन साक्ष्यों के आधार पर मामले से जुड़े घटनाक्रम और संभावित कड़ियों को समझने का प्रयास कर रही है।

घटनास्थल पर क्राइम सीन रीक्रिएशन भी कर चुकी है CBI

जांच के तकनीकी पहलुओं को समझने के लिए सीबीआई की टीम घटनास्थल पर क्राइम सीन रीक्रिएशन भी कर चुकी है। इसके जरिए घटना से जुड़े विभिन्न तथ्यों और उपलब्ध साक्ष्यों का मिलान किया जा रहा है।

एजेंसी की जांच का फोकस शुरुआती पुलिस कार्रवाई, डिजिटल साक्ष्यों और घटनास्थल से जुड़े तथ्यों को एक साथ जोड़कर मामले की परिस्थितियों को स्पष्ट करना है।

6 नवंबर को फेसबुक लाइव के बाद हुई थी निशा भगत की मौत

गौरतलब है कि 6 नवंबर को पिठोरिया स्थित अपने आवास पर फेसबुक लाइव के बाद आदिवासी नेत्री निशा भगत की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई थी। घटना के बाद परिजनों और विभिन्न आदिवासी संगठनों ने मामले की निष्पक्ष जांच की मांग को लेकर विरोध जताया था।

इसके बाद राज्य सरकार की अनुशंसा पर मामले की जांच दिल्ली सीबीआई को सौंप दी गई। अब केंद्रीय जांच एजेंसी सभी संबंधित लोगों से पूछताछ और तकनीकी साक्ष्यों की जांच के जरिए मामले की तह तक पहुंचने में जुटी है। फिलहाल जांच जारी है।

ये भी पढ़ें: झारखंड में मौसम का बड़ा उलटफेर! तेजी से गिरा तापमान, 11 जिलों में भारी बारिश का अलर्ट