Ranchi Electricity Camp: बिजली उपभोक्ताओं के लिए बड़ी राहत, 18 से 26 नवंबर तक लगेंगे विशेष शिविर, जानें कहां होगा आयोजन
- By rakesh --
- 17 Nov 2026 --
- comments are disable
रांची। झारखंड स्थापना दिवस पखवाड़ा के अवसर पर बिजली उपभोक्ताओं को बड़ी राहत मिलने जा रही है। रांची विद्युत आपूर्ति अंचल की ओर से उपभोक्ताओं की बिजली संबंधी समस्याओं के समाधान के लिए 18 से 26 नवंबर तक विशेष शिविर आयोजित किए जाएंगे। रांची और आसपास के विभिन्न विद्युत आपूर्ति प्रमंडलों में लगने वाले इन शिविरों में नए बिजली कनेक्शन से लेकर बिजली बिल में गड़बड़ी, खराब ट्रांसफॉर्मर और लो-वोल्टेज जैसी समस्याओं का समाधान किया जाएगा।
ये शिविर सुबह 11 बजे से दोपहर 3 बजे तक संचालित होंगे। रांची के एसई डीएन साहू ने बिजली उपभोक्ताओं से अपील की है कि वे निर्धारित तिथि पर अपने संबंधित शिविर में पहुंचकर शिकायत दर्ज कराएं और इस सुविधा का लाभ उठाएं।
बिजली बिल में गड़बड़ी से लेकर नए कनेक्शन तक का होगा समाधान
विशेष शिविरों में बिजली से जुड़ी कई तरह की शिकायतों की सुनवाई होगी। उपभोक्ता नए बिजली कनेक्शन के लिए आवेदन कर सकेंगे। इसके अलावा बिजली बिल में सुधार, बिल नहीं मिलने और बिल में मोबाइल नंबर अपडेट कराने से संबंधित समस्याएं भी दर्ज कराई जाएंगी।
खराब ट्रांसफॉर्मर बदलने, लो-वोल्टेज की समस्या, बिजली के पोल और तार की आवश्यकता सहित अन्य शिकायतों पर भी संबंधित अधिकारियों की ओर से कार्रवाई की जाएगी।
रांची के किन इलाकों के उपभोक्ता उठा सकेंगे लाभ?
इन विशेष शिविरों का आयोजन रांची केंद्रीय, रांची पूर्वी, रांची पश्चिमी, डोरंडा, कोकर, न्यू कैपिटल और खूंटी विद्युत आपूर्ति प्रमंडलों के अंतर्गत किया जाएगा। संबंधित क्षेत्रों के उपभोक्ता अपने नजदीकी निर्धारित शिविर में पहुंचकर बिजली से जुड़ी शिकायत दर्ज करा सकते हैं।
18 से 22 नवंबर तक कहां-कहां लगेंगे बिजली शिविर?
18 नवंबर को पुंदाग सब स्टेशन, कोकर रूरल सब स्टेशन, पंचायत भवन कुचू, रातू रोड पावर सब स्टेशन और खूंटी पावर सब स्टेशन में शिविर लगाए जाएंगे।
19 नवंबर को सदर पावर सब स्टेशन, कुसई कॉलोनी डोरंडा, पंचायत भवन ठाकुरगांव, कोकर अर्बन कार्यालय लालपुर, पंचायत भवन सुरसू, इटकी पावर सब स्टेशन और तोरपा बिजली कार्यालय में शिविर आयोजित होंगे।
20 नवंबर को पोलिटेक्निक पावर सब स्टेशन, पहाड़ी न्यू मार्केट, मोरहाबादी पीएसएस, पंचायत भवन नेवरी, ब्रांबे पीएसएस और खूंटी बिजली कार्यालय में उपभोक्ताओं की शिकायतें सुनी जाएंगी।
21 नवंबर को केंद्रीय कार्यालय, सैनिक मार्केट, विद्युत आपूर्ति अवर प्रमंडल तुपुदाना कार्यालय, पंचायत भवन पिठोरिया, अंचल कार्यालय चान्हो, खूंटी तोरपा कार्यालय और सेवा सदन पीएसएस में शिविर लगेंगे।
22 नवंबर को चुटिया पावर हाउस चौक और बुढ़मू पीएसएस में बिजली संबंधी समस्याओं का समाधान किया जाएगा।
23 से 26 नवंबर तक इन स्थानों पर लगेंगे शिविर
23 नवंबर को अशोक नगर पीएसएस, विद्युत आपूर्ति अवर प्रमंडल एचईसी कार्यालय, पंचायत भवन इरबा, पंचायत भवन जामुनपीड़ी, बोबरो पीएसएस और खूंटी कार्यालय में शिविर आयोजित होंगे।
24 नवंबर को जयपाल सिंह मैदान, चान्हो पीएसएस और खूंटी तोरपा कार्यालय में उपभोक्ताओं की शिकायतें दर्ज की जाएंगी।
25 नवंबर को चडरी पीएसएस, पंचायत भवन करकरी, आरएमसीएच कार्यालय, पंचायत भवन तमाड़, रातू रोड कार्यालय और अड़की पीएसएस में शिविर लगाए जाएंगे।
वहीं, 26 नवंबर को हरमू पीएसएस, तुपुदाना कार्यालय, कचहरी, कोकर बिजली कार्यालय, बुंडू कार्यालय, अंचल कार्यालय खलारी और कर्रा पीएसएस में विशेष शिविर आयोजित होंगे।
सुबह 11 से दोपहर 3 बजे तक मिलेगी सुविधा
बिजली विभाग की ओर से आयोजित सभी विशेष शिविर सुबह 11 बजे से दोपहर 3 बजे तक चलेंगे। उपभोक्ता अपनी समस्या के अनुसार निर्धारित तिथि और स्थान पर पहुंचकर शिकायत दर्ज करा सकते हैं। झारखंड स्थापना दिवस पखवाड़ा के तहत आयोजित इस पहल का उद्देश्य बिजली उपभोक्ताओं की समस्याओं का त्वरित समाधान करना और उन्हें बेहतर विद्युत सेवा उपलब्ध कराना है।
यह भी पढ़ें: Ranchi News: त्योहारों में हवाई किराये की मनमानी पर लगेगी रोक? झारखंड चेंबर ने सरकार से की बड़ी मांग