बिना बायोमैट्रिक अटेंडेंस जनवरी से नहीं मिलेगा वेतन, रांची यूनिवर्सिटी ने जारी किया आदेश
- By rakesh --
- 21 Nov 2026 --
- comments are disable
रांची। रांची विश्वविद्यालय प्रशासन ने शिक्षकों और कर्मचारियों की उपस्थिति को लेकर बड़ा फैसला लिया है। विश्वविद्यालय के सभी कॉलेजों, पीजी विभागों और कार्यालयों में 1 दिसंबर 2026 से बायोमैट्रिक अटेंडेंस अनिवार्य कर दी जायेगी। इस व्यवस्था के तहत शिक्षक, कर्मचारी, अधिकारी, प्राचार्य और विभागाध्यक्ष सभी को बायोमैट्रिक मशीन के माध्यम से अपनी उपस्थिति दर्ज करानी होगी।
विश्वविद्यालय प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि जनवरी 2027 से बायोमैट्रिक उपस्थिति दर्ज नहीं करने वाले संबंधित कर्मियों का वेतन रोक दिया जायेगा। इस फैसले के बाद विश्वविद्यालय के सभी संबंधित संस्थानों में बायोमैट्रिक व्यवस्था दुरुस्त करने की तैयारी शुरू कर दी गयी है।
कुलपति के निर्देश पर जारी हुआ आदेश
कुलपति प्रो. सरोज शर्मा के निर्देश पर विश्वविद्यालय प्रशासन ने सभी कॉलेजों और पीजी विभागों को बायोमैट्रिक मशीन लगाने और पहले से लगी मशीनों को दुरुस्त करने का निर्देश दिया है। विश्वविद्यालय मुख्यालय सहित अन्य संबंधित कार्यालयों में भी बायोमैट्रिक उपस्थिति की व्यवस्था सुनिश्चित की जायेगी।
आने और जाने दोनों समय दर्ज करनी होगी हाजिरी
नई व्यवस्था के तहत शिक्षकों, कर्मचारियों, अधिकारियों, प्राचार्यों और विभागाध्यक्षों को कार्यालय पहुंचने के समय के साथ-साथ वापस जाते समय भी बायोमैट्रिक उपस्थिति दर्ज करनी होगी। यानी केवल आने के समय हाजिरी बनाना पर्याप्त नहीं होगा।
इसके लिए सभी कॉलेजों, पीजी विभागों और कार्यालयों को अपनी बायोमैट्रिक मशीनों की तकनीकी स्थिति जांचने और आवश्यक सुधार करने को कहा गया है।
जनवरी 2027 से वेतन पर पड़ेगा असर
रांची विश्वविद्यालय प्रशासन ने बायोमैट्रिक उपस्थिति को वेतन भुगतान से जोड़ने का निर्णय लिया है। इसके तहत जनवरी 2027 से निर्धारित व्यवस्था के अनुसार बायोमैट्रिक अटेंडेंस नहीं बनाने वाले संबंधित कर्मियों का वेतन रोक दिया जायेगा।
विश्वविद्यालय प्रशासन का यह कदम सभी शिक्षण संस्थानों और कार्यालयों में नियमित उपस्थिति सुनिश्चित करने की दिशा में महत्वपूर्ण माना जा रहा है। 1 दिसंबर से व्यवस्था लागू होने के बाद संबंधित कर्मियों को समय पर आने और जाने की हाजिरी दर्ज करनी होगी।
ये भी पढ़ें: रांची यूनिवर्सिटी में UG-PG रजिस्ट्रेशन शुरू, किसी की 30 नवंबर तो किसी की 8 दिसंबर अंतिम तारीख