झारखंड में इबोला का खतरा! स्वास्थ्य मंत्री ने अस्पतालों और मेडिकल कॉलेजों को किया अलर्ट

झारखंड में इबोला का खतरा! स्वास्थ्य मंत्री ने अस्पतालों और मेडिकल कॉलेजों को किया अलर्ट

रांची: इबोला वायरस के संभावित खतरे को देखते हुए झारखंड सरकार ने स्वास्थ्य विभाग को अलर्ट मोड पर रहने का निर्देश दिया है। हालांकि, राज्य में अभी तक इबोला संक्रमण का कोई मामला सामने नहीं आया है, लेकिन एहतियात के तौर पर स्वास्थ्य व्यवस्था को मजबूत करने की तैयारी शुरू कर दी गई है। अस्पतालों के साथ-साथ एयरपोर्ट, रेलवे स्टेशन और बस स्टैंड जैसे सार्वजनिक स्थानों पर भी निगरानी बढ़ाने के निर्देश दिए गए हैं।

इस संबंध में स्वास्थ्य मंत्री डॉ. इरफान अंसारी ने बुधवार को स्वास्थ्य विभाग के वरिष्ठ अधिकारियों के साथ उच्चस्तरीय समीक्षा बैठक की। बैठक में राज्य की स्वास्थ्य सुविधाओं और संभावित संक्रमण से निपटने की तैयारियों का जायजा लिया गया।

रिम्स और मेडिकल कॉलेजों को अलर्ट रहने का निर्देश

स्वास्थ्य मंत्री ने रिम्स, राज्य के सभी मेडिकल कॉलेजों और सदर अस्पतालों को किसी भी आपात स्थिति से निपटने के लिए तैयार रहने को कहा है। उन्होंने निर्देश दिया कि भारत सरकार की ओर से जारी स्वास्थ्य संबंधी दिशा-निर्देशों का पूरी गंभीरता से पालन किया जाए।

मंत्री ने स्पष्ट किया कि किसी भी संदिग्ध मरीज की जानकारी मिलने पर तत्काल संबंधित अधिकारियों को सूचित किया जाए। इसके साथ ही जांच, चिकित्सकीय निगरानी और आइसोलेशन की व्यवस्था में किसी तरह की लापरवाही नहीं होनी चाहिए।

अस्पतालों में जरूरी चिकित्सा उपकरण, सुरक्षा किट और प्रशिक्षित स्वास्थ्यकर्मियों की उपलब्धता सुनिश्चित करने पर भी जोर दिया गया।

एयरपोर्ट और रेलवे स्टेशनों पर बढ़ेगी निगरानी

संभावित संक्रमण के खतरे को देखते हुए एयरपोर्ट, रेलवे स्टेशन, बस स्टैंड और अन्य भीड़भाड़ वाले स्थानों पर निगरानी व्यवस्था मजबूत करने का निर्देश दिया गया है।

स्वास्थ्य मंत्री ने संबंधित विभागों और एजेंसियों के बीच बेहतर समन्वय स्थापित करने को कहा है, ताकि जरूरत पड़ने पर यात्रियों की स्वास्थ्य जांच और स्क्रीनिंग की व्यवस्था की जा सके।

यदि किसी यात्री में संदिग्ध लक्षण दिखाई देते हैं या उसकी यात्रा का इतिहास किसी जोखिम वाले क्षेत्र से जुड़ा मिलता है, तो निर्धारित स्वास्थ्य प्रोटोकॉल के अनुसार आगे की जांच और चिकित्सकीय कार्रवाई की जाएगी।

सभी जिलों को तैयारियां मजबूत रखने का निर्देश

स्वास्थ्य विभाग को राज्य के सभी जिलों में सतर्कता बनाए रखने को कहा गया है। सभी सिविल सर्जनों को अपने-अपने जिलों में स्वास्थ्य सुविधाओं, चिकित्सा संसाधनों और आपातकालीन तैयारियों की नियमित समीक्षा करने का निर्देश दिया गया है।

सरकार का उद्देश्य संभावित खतरे को देखते हुए पहले से तैयारी रखना और किसी भी संदिग्ध स्थिति में तत्काल कार्रवाई सुनिश्चित करना है। फिलहाल झारखंड में इबोला संक्रमण का कोई मामला सामने नहीं आया है।

ये भी पढ़ें: सावरकर और RSS पर सोनिया गांधी की टिप्पणी से महाराष्ट्र में बवाल, शिवसेना ने फाड़े किताब के पन्ने