बिरसा जयंती पर भाजपा की 73 KM पदयात्रा! उलिहातू से कोकर तक निकलेगी यात्रा, जानें पूरा कार्यक्रम
- By rakesh --
- 11 Nov 2026 --
- comments are disable
रांची। धरती आबा भगवान बिरसा मुंडा की 151वीं जयंती और जनजातीय गौरव दिवस के अवसर पर भाजपा झारखंड में बड़ा अभियान चलाने जा रही है। 13 से 15 नवंबर 2026 तक खूंटी के उलिहातू से रांची के कोकर स्थित बिरसा मुंडा समाधि स्थल तक करीब 73 किलोमीटर की पदयात्रा निकाली जाएगी। इसके बाद 17 से 20 नवंबर तक राज्य के अलग-अलग जिलों में जनजातीय गौरव सम्मेलन आयोजित किए जाएंगे।
इसकी जानकारी भाजपा एसटी मोर्चा के पूर्व राष्ट्रीय अध्यक्ष एवं पूर्व सांसद समीर उरांव ने बुधवार को प्रेस वार्ता में दी। उन्होंने बताया कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व और भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन के मार्गदर्शन में 11 से 18 नवंबर तक देशभर में जनजातीय गौरव सप्ताह मनाया जाएगा। झारखंड में भी इस दौरान भगवान बिरसा मुंडा के संघर्ष, बलिदान और जनजातीय समाज के गौरवशाली इतिहास को याद किया जाएगा।
13 नवंबर को उलिहातू से शुरू होगी पदयात्रा
समीर उरांव ने बताया कि करीब 73 किलोमीटर लंबी पदयात्रा 13 नवंबर को सुबह 10 बजे खूंटी जिले के उलिहातू से शुरू होगी। उलिहातू धरती आबा भगवान बिरसा मुंडा की जन्मस्थली है। यहां से यात्रा शुरू होकर खूंटी पहुंचेगी। 14 नवंबर को पदयात्रा खूंटी से रांची स्थित बिरसा मुंडा संग्रहालय तक पहुंचेगी।
15 नवंबर को यात्रा का अंतिम चरण आयोजित होगा। इस दिन सुबह जेल चौक से पदयात्रा शुरू की जाएगी और सुबह 11 बजे रांची के कोकर स्थित बिरसा मुंडा समाधि स्थल पर श्रद्धांजलि अर्पित करने के साथ इसका समापन होगा। भाजपा इस यात्रा के माध्यम से भगवान बिरसा मुंडा के विचारों और उनके संघर्ष को जन-जन तक पहुंचाने की तैयारी में है।
गुमला से साहिबगंज और चाईबासा तक होंगे सम्मेलन
पदयात्रा के बाद भाजपा की ओर से 17 से 20 नवंबर तक विभिन्न जिलों में जनजातीय गौरव सम्मेलन आयोजित किए जाएंगे। 17 नवंबर को गुमला जिले के सिसई रेडवा बगीचा और रायडीह में कार्यक्रम होंगे।
18 नवंबर को साहिबगंज के भोगनाडीह और चाईबासा में आयोजन किया जाएगा। वहीं, 19 नवंबर को दूबियाखार, मेदिनीराय चौक और सिलागाई में कार्यक्रम होंगे। 20 नवंबर को गुमला जिले के चिंगरी और विशुनपुर में जनजातीय गौरव सम्मेलन आयोजित किए जाएंगे। समीर उरांव ने पार्टी कार्यकर्ताओं और जनजातीय समाज के लोगों से इन कार्यक्रमों में शामिल होने की अपील की है।
जनजातीय गौरव सप्ताह में बिरसा मुंडा के योगदान को करेगी याद
भाजपा की ओर से आयोजित पदयात्रा और सम्मेलनों का उद्देश्य भगवान बिरसा मुंडा के जीवन, संघर्ष और बलिदान को याद करना है। धरती आबा ने अंग्रेजी शासन के खिलाफ जनजातीय समाज को संगठित कर आंदोलन का नेतृत्व किया था। उनका संघर्ष जल, जंगल, जमीन और जनजातीय अस्मिता के अधिकारों से जुड़ा रहा है।
समीर उरांव के अनुसार, प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में देशभर में 11 से 18 नवंबर तक जनजातीय गौरव सप्ताह मनाया जाएगा। इसी क्रम में झारखंड में भी कई कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। पार्टी ने कार्यकर्ताओं से इन आयोजनों को सफल बनाने की अपील की है।
किसान मोर्चा की 22 सदस्यीय प्रदेश कमेटी घोषित
इसी बीच भारतीय जनता पार्टी किसान मोर्चा ने 22 सदस्यीय प्रदेश कमेटी की घोषणा की है। किसान मोर्चा के प्रदेश अध्यक्ष अर्जुन सिंह की ओर से गठित कमेटी में इंद्रजीत कुमार समेत आठ नेताओं को प्रदेश उपाध्यक्ष बनाया गया है। वहीं, विक्रांत उपाध्याय समेत दो नेताओं को प्रदेश महामंत्री की जिम्मेदारी सौंपी गई है।
कमेटी में आठ लोगों को प्रदेश मंत्री बनाया गया है, जबकि जितेन्द्र जैन को प्रदेश कोषाध्यक्ष नियुक्त किया गया है। भाजपा प्रदेश अध्यक्ष आदित्य साहू के निर्देश पर गठित इस कमेटी में सभी जिलों का प्रतिनिधित्व रखने की बात कही गई है। नई कमेटी के गठन को संगठनात्मक गतिविधियों को मजबूत करने की दिशा में अहम कदम माना जा रहा है।