झारखंड के 29 मेधावी विद्यार्थियों को 28 नवंबर को मुख्यमंत्री करेंगे सम्मानित, टॉपरों को मिलेंगे 3 लाख रुपये और लैपटॉप
- By rakesh --
- 25 Nov 2026 --
- comments are disable
रांची: झारखंड के मेधावी छात्र-छात्राओं के लिए 28 नवंबर का दिन खास होने जा रहा है। राज्य सरकार इस दिन खेलगांव में राज्यस्तरीय पुरस्कार समारोह आयोजित करेगी। इसमें मुख्यमंत्री वर्ष 2026 की 10वीं और 12वीं बोर्ड परीक्षाओं के टॉपरों सहित विभिन्न शैक्षणिक प्रतियोगिताओं में बेहतर प्रदर्शन करने वाले 29 चयनित विद्यार्थियों को सम्मानित करेंगे। पुरस्कार के रूप में विद्यार्थियों को नकद राशि के साथ लैपटॉप और मोबाइल भी दिया जायेगा।
समारोह में झारखंड एकेडमिक काउंसिल (जैक), सीबीएसइ और आइसीएसइ के टॉपरों के अलावा मुख्यमंत्री उत्कृष्ट विद्यालयों के मेधावी छात्र, झारखंड राज्य ओलंपियाड के विजेता और आकांक्षा कोचिंग के माध्यम से देश के प्रतिष्ठित इंजीनियरिंग संस्थानों में चयनित विद्यार्थी शामिल होंगे। झारखंड शिक्षा परियोजना के निदेशक शशि रंजन ने सभी जिला शिक्षा पदाधिकारी-सह-जिला कार्यक्रम पदाधिकारियों को चयनित विद्यार्थियों की उपस्थिति सुनिश्चित कराने का निर्देश दिया है।
28 नवंबर को सुबह 10 बजे तक खेलगांव पहुंचना होगा
राज्यस्तरीय समारोह के लिए चयनित विद्यार्थियों की सूची संबंधित जिलों को भेज दी गयी है। विद्यार्थियों को 28 नवंबर को सुबह 10 बजे तक खेलगांव पहुंचने का निर्देश दिया गया है। जिला शिक्षा पदाधिकारियों को यह सुनिश्चित करना होगा कि सभी चयनित छात्र-छात्राएं निर्धारित समय पर समारोह स्थल पर उपस्थित रहें।
कार्यक्रम में मुख्यमंत्री विद्यार्थियों को सम्मानित करेंगे। शिक्षा विभाग की ओर से समारोह की तैयारियां की जा रही हैं। विद्यार्थियों को समारोह स्थल तक पहुंचाने और उनके ठहरने की व्यवस्था की जिम्मेदारी संबंधित अधिकारियों को दी गयी है।
दूसरे और तीसरे स्थान के टॉपरों को जिला स्तर पर मिलेगा पुरस्कार
जैक, सीबीएसइ और आइसीएसइ की 10वीं और 12वीं परीक्षाओं में दूसरा और तीसरा स्थान प्राप्त करने वाले विद्यार्थियों को राज्यस्तरीय समारोह के बजाय जिला स्तर पर सम्मानित किया जायेगा। मुख्यमंत्री उत्कृष्ट विद्यालयों के दूसरे और तीसरे स्थान के टॉपर भी जिला स्तरीय कार्यक्रम में पुरस्कार प्राप्त करेंगे।
इसके अलावा आकांक्षा के माध्यम से चयनित अन्य विद्यार्थियों तथा ई-शिक्षा महोत्सव और ओलंपियाड के शेष विजेताओं को भी जिला स्तर पर सम्मानित किया जायेगा। राज्यस्तरीय कार्यक्रम की तरह जिला स्तरीय पुरस्कार समारोह भी 28 नवंबर को ही आयोजित होगा। इसके लिए सभी जिलों को 27 नवंबर तक राज्य कार्यालय से पुरस्कार और अन्य आवश्यक सामग्री प्राप्त करने का निर्देश दिया गया है।
अनुपस्थित विद्यार्थी की जगह अभिभावक ले सकेंगे पुरस्कार
किसी कारणवश राज्यस्तरीय समारोह में चयनित विद्यार्थी उपस्थित नहीं हो पाते हैं, तो उनके अभिभावक कार्यक्रम में शामिल हो सकते हैं। शिक्षा विभाग ने विद्यार्थियों और उनके परिवारों की सुविधा को ध्यान में रखते हुए यह व्यवस्था की है।
चयनित विद्यार्थियों को समारोह स्थल तक लाने-ले जाने, आवास और भोजन की व्यवस्था संबंधित पदाधिकारी करेंगे। इन व्यवस्थाओं पर होने वाले खर्च की प्रतिपूर्ति तत्काल समग्र शिक्षा के प्रबंधन मद से की जा सकती है। इसका उद्देश्य यह सुनिश्चित करना है कि विद्यार्थियों को सम्मान समारोह में शामिल होने में किसी तरह की परेशानी न हो।
प्रथम स्थान पर तीन लाख, दूसरे को दो और तीसरे को एक लाख रुपये
पुरस्कार राशि के तहत प्रथम स्थान प्राप्त करने वाले विद्यार्थी को तीन लाख रुपये, दूसरे स्थान पर रहने वाले को दो लाख रुपये और तीसरे स्थान के विद्यार्थी को एक लाख रुपये दिये जायेंगे। नकद पुरस्कार के साथ सभी सम्मानित विद्यार्थियों को लैपटॉप और मोबाइल भी प्रदान किया जायेगा।
शिक्षा विभाग के अनुसार, जैक, सीबीएसइ और आइसीएसइ के तीनों बोर्डों को मिलाकर कुल 80 विद्यार्थियों को पुरस्कृत किया जायेगा। वहीं, आकांक्षा कोचिंग, ओलंपियाड और ई-शिक्षा महोत्सव के विजेताओं को शामिल करते हुए राज्य और जिला स्तर पर कुल 235 विद्यार्थियों को सम्मानित करने की योजना है। इस पहल के जरिये बेहतर शैक्षणिक प्रदर्शन करने वाले विद्यार्थियों को प्रोत्साहित करने और उनकी उपलब्धियों को पहचान देने का प्रयास किया जा रहा है।
यह भी पढ़ें: झारखंड विधानसभा में SIR पर बाबूलाल मरांडी का सरकार को जवाब, बोले- विरोध नहीं, प्रक्रिया में सहयोग जरूरी