SSC CGL पेपर लीक केस में बड़ा खुलासा, झारखंड-बिहार के 10 आरोपियों पर CID की चार्जशीट
- By rakesh --
- 21 Nov 2026 --
- comments are disable
रांची। झारखंड में SSC CGL पेपर लीक मामले की जांच कर रही सीआईडी ने कार्रवाई तेज कर दी है। जांच एजेंसी ने मामले में 10 आरोपियों के खिलाफ करीब 5200 पन्नों की विस्तृत पूरक चार्जशीट अदालत में दाखिल की है। इसमें झारखंड और बिहार के आरोपियों को शामिल किया गया है। पूरक आरोप पत्र संख्या 28/26 में पेपर लीक सिंडिकेट के नेटवर्क से जुड़े कई अहम तथ्यों और साक्ष्यों का उल्लेख किया गया है।
सीआईडी की इस चार्जशीट में तकनीकी साक्ष्य, कॉल डिटेल रिकॉर्ड, बैंक खातों से हुए लेन-देन और आरोपियों के कथित इकबालिया बयानों को आधार बनाया गया है। जांच एजेंसी ने पेपर लीक नेटवर्क में आरोपियों की कथित भूमिका का भी विस्तृत ब्योरा दिया है।
अंतरराज्यीय पेपर लीक सिंडिकेट का खुलासा
SSC CGL पेपर लीक मामले की जांच के दौरान सीआईडी ने झारखंड और बिहार तक फैले अंतरराज्यीय गिरोह की गतिविधियों का पता लगाया था। जांच में पेपर लीक से जुड़े सिंडिकेट के कई सदस्यों की भूमिका सामने आने के बाद अलग-अलग स्थानों पर कार्रवाई की गयी थी।
अब जांच के दौरान जुटाये गये साक्ष्यों के आधार पर 10 लोगों को आरोपी बनाते हुए पूरक चार्जशीट दाखिल की गयी है।
ताजा चार्जशीट में देवघर के मार्गोमुंडा निवासी सुषमा उर्फ सुषमा तिवारी, अक्षय तिवारी, अभय तिवारी, धनबाद के राजगंज निवासी विजय तिवारी, धनबाद टाउन निवासी दीपक, गिरिडीह के बेंगाबाद निवासी समीर और बिहार के सारण निवासी आनंद सिंह को आरोपी बनाया गया है।
साक्ष्य मिटाने के आरोप में तीन अन्य आरोपी
सीआईडी ने साक्ष्य मिटाने के आरोप में तीन अन्य लोगों को भी पूरक चार्जशीट में शामिल किया है। इनमें बिहार के रोहतास निवासी सोमांश प्रकाश, वैशाली निवासी राहुल कुमार और बोकारो के दुग्दा निवासी उमेश कुमार राय शामिल हैं।
जांच एजेंसी ने चार्जशीट में इन तीनों की कथित भूमिका और उनके खिलाफ जुटाये गये साक्ष्यों का विवरण दिया है।
अब अदालत में आगे बढ़ेगी न्यायिक प्रक्रिया
करीब 5200 पन्नों की पूरक चार्जशीट दाखिल होने के बाद अब मामले में आगे की न्यायिक प्रक्रिया चलेगी। अदालत में प्रस्तुत दस्तावेजों और साक्ष्यों के आधार पर मामले की सुनवाई आगे बढ़ेगी।
सीआईडी की इस कार्रवाई को SSC CGL पेपर लीक मामले में जांच की महत्वपूर्ण कड़ी माना जा रहा है। हालांकि, चार्जशीट में नामजद सभी आरोपियों के खिलाफ आरोपों का अंतिम निर्धारण न्यायिक प्रक्रिया के तहत होगा।
ये भी पढ़ें: नीलांबर-पीतांबर यूनिवर्सिटी के कुलपति डॉ. डीके सिंह ने भेजा जवाब, 47 करोड़ के खर्च पर विवाद