झारखंड में मौसम का बड़ा उलटफेर! तेजी से गिरा तापमान, 11 जिलों में भारी बारिश का अलर्ट

झारखंड में मौसम का बड़ा उलटफेर! तेजी से गिरा तापमान, 11 जिलों में भारी बारिश का अलर्ट

रांची: झारखंड में मौसम का मिजाज तेजी से बदल रहा है। राज्य के लगभग सभी जिलों में तापमान में गिरावट दर्ज की जा रही है, जिससे ठंड का असर बढ़ने लगा है। राजधानी रांची में पिछले 24 घंटे के दौरान अधिकतम तापमान में 2.3 डिग्री और न्यूनतम तापमान में 4.3 डिग्री सेल्सियस की गिरावट आई है। बुधवार को रांची का अधिकतम तापमान 24.6 डिग्री और न्यूनतम तापमान 11.3 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया।

मौसम में इस बदलाव के बीच मौसम विभाग ने अगले कुछ दिनों के लिए कोहरे, बादल और बारिश को लेकर पूर्वानुमान जारी किया है। राज्य के कई जिलों में बारिश की संभावना जताई गई है, जबकि रात के तापमान में और गिरावट आने से ठंड बढ़ सकती है।

रांची समेत कई शहरों में गिरा रात का तापमान

राजधानी रांची के अलावा झारखंड के अन्य प्रमुख शहरों में भी न्यूनतम तापमान में गिरावट दर्ज की गई है। मेदिनीनगर में न्यूनतम तापमान 3.1 डिग्री, बोकारो में 2.9 डिग्री और चाईबासा में 2.8 डिग्री सेल्सियस नीचे आया है। वहीं, जमशेदपुर में न्यूनतम तापमान में 0.8 डिग्री सेल्सियस की कमी दर्ज की गई।

लगातार गिरते तापमान के कारण सुबह और रात के समय ठंड का एहसास बढ़ने लगा है।

अगले दो दिनों तक बढ़ेगी ठंड, फिर चढ़ सकता है पारा

मौसम विज्ञान केंद्र रांची के निदेशक अभिषेक आनंद के मुताबिक, अगले दो दिनों तक राज्य के न्यूनतम तापमान में और गिरावट आने की संभावना है। इससे ठंड का प्रभाव बढ़ सकता है।

हालांकि, इसके बाद मौसम में बदलाव देखने को मिल सकता है। पूर्वानुमान के अनुसार न्यूनतम तापमान में लगभग तीन डिग्री सेल्सियस तक बढ़ोतरी हो सकती है। वहीं, 22 और 23 नवंबर से राज्य के कई हिस्सों में आसमान साफ रहने की संभावना है।

19 से 21 नवंबर तक कई जिलों में बारिश और कोहरे का अलर्ट

मौसम विभाग के पूर्वानुमान के अनुसार, 19 नवंबर को रांची, खूंटी, सिमडेगा, गुमला, लोहरदगा, पश्चिमी सिंहभूम, पूर्वी सिंहभूम, सरायकेला-खरसावां, रामगढ़, बोकारो और धनबाद में सुबह के समय घना कोहरा छा सकता है। दिन में बादल छाए रहने और कुछ इलाकों में हल्की बारिश होने की संभावना है।

20 नवंबर को रांची, खूंटी, लोहरदगा, गुमला, सिमडेगा, रामगढ़, पश्चिमी सिंहभूम, पूर्वी सिंहभूम, सरायकेला-खरसावां, बोकारो और धनबाद में भारी बारिश का पूर्वानुमान जताया गया है।

वहीं, 21 नवंबर को बारिश का असर संथाल परगना और कोयलांचल के जिलों में देखने को मिल सकता है। इस दौरान गिरिडीह, धनबाद, देवघर, जामताड़ा, दुमका, गोड्डा, साहिबगंज और पाकुड़ में भारी बारिश होने की संभावना है।

राज्य के अन्य जिलों में सुबह के समय कोहरा और दिन में बादल छाए रह सकते हैं।

मौसम में बदलाव को लेकर सतर्क रहने की जरूरत

तापमान में गिरावट और बारिश की संभावना को देखते हुए लोगों को मौसम के अनुसार सावधानी बरतने की जरूरत है। सुबह और रात के समय गर्म कपड़ों का इस्तेमाल करें। वहीं, कोहरे के दौरान वाहन चलाते समय विशेष सतर्कता बरतें।

झारखंड में आने वाले दिनों में मौसम का मिजाज लगातार बदल सकता है। ऐसे में मौसम विभाग के ताजा पूर्वानुमान पर नजर रखना जरूरी होगा।

ये भी पढ़ें: झारखंड में इबोला का खतरा! स्वास्थ्य मंत्री ने अस्पतालों और मेडिकल कॉलेजों को किया अलर्ट