रिम्स जमीन घोटाले में एसीबी का बड़ा एक्शन, 13 आरोपितों की संपत्ति और बैंक खातों की जांच शुरू

रिम्स जमीन घोटाले में एसीबी का बड़ा एक्शन, 13 आरोपितों की संपत्ति और बैंक खातों की जांच शुरू

रांची। रिम्स जमीन घोटाला मामले में भ्रष्टाचार निरोधक ब्यूरो (एसीबी) ने जांच का दायरा बढ़ा दिया है। अब तक सात अधिकारियों, एक बिल्डर और पांच दलालों व जालसाजों को गिरफ्तार कर जेल भेजा जा चुका है। अब एसीबी आरोपितों की चल-अचल संपत्ति, बैंक खातों और निवेश से जुड़े दस्तावेजों की पड़ताल कर रही है। जांच एजेंसी यह पता लगाने में जुटी है कि रिम्स की अधिग्रहीत जमीन को फर्जी दस्तावेजों के आधार पर निजी संपत्ति बताकर खरीद-बिक्री कराने के बदले किसे कितनी रकम मिली।

एसीबी ने सभी आरोपितों के पैन कार्ड और बैंक खातों का विवरण जुटाया है। पिछले दिनों आरोपितों के ठिकानों पर हुई छापेमारी में बरामद डिजिटल साक्ष्यों और कागजी दस्तावेजों की भी जांच की जा रही है। एजेंसी यह पता लगा रही है कि रांची में पदस्थापन के दौरान संबंधित अधिकारियों ने कितनी चल-अचल संपत्ति अर्जित की। साथ ही, जमीन की खरीद-बिक्री में सहयोग करने के बदले कहां से और कितनी राशि का लेन-देन हुआ, इसकी जानकारी भी जुटाई जा रही है।

अस्वीकृत दाखिल-खारिज को मंजूरी देने में अधिकारी की भूमिका

जांच में तत्कालीन भूमि सुधार उप समाहर्ता (एलआरडीसी) मनोज कुमार रंजन की भूमिका भी सामने आई है। आरोप है कि उन्होंने पहले से अस्वीकृत दाखिल-खारिज के आवेदन को मंजूरी दिलाई, जिसके आधार पर जमीन का दाखिल-खारिज किया गया।

एसीबी की जांच में पता चला है कि मुन्नी कुमारी और सुमित्रा कुमारी बड़ाईक के दाखिल-खारिज आवेदन अंचल स्तर से खारिज कर दिए गए थे। इसके बावजूद एलआरडीसी कार्यालय से इन आवेदनों को मंजूरी दे दी गई। बाद में संबंधित जमीन पर रांची नगर निगम की ओर से नक्शा भी पास कर दिया गया। अब जांच एजेंसी इस पूरी प्रक्रिया में शामिल अधिकारियों और अन्य लोगों की भूमिका की पड़ताल कर रही है।

45.72 लाख रुपये में जमीन बेचने का मामला भी आया सामने

एसीबी की जांच में एक अन्य आरोपित प्रमोद कुमार महतो से जुड़ा जमीन का मामला भी सामने आया है। आरोप है कि प्रमोद ने 11 अक्टूबर 2017 को सोनमाईत देवी से 17.35 डिसमिल जमीन का जनरल पावर ऑफ अटॉर्नी लिया था। इसके बाद उसने पटना की कामिनी रंजन को यह जमीन 45.72 लाख रुपये में बेच दी।

हालांकि, जमीन का कब्जा नहीं मिलने और चेक बाउंस होने के बाद कामिनी रंजन ने पटना के मुख्य न्यायिक दंडाधिकारी (सीजीएम) की अदालत में परिवाद दायर किया था। एसीबी इस मामले से जुड़े दस्तावेजों और लेन-देन की भी जांच कर रही है।

पत्नी के नाम पर जमीन खरीदकर फर्जीवाड़े का आरोप

जांच में एक अन्य आरोपित राजेश कुमार झा की भूमिका भी सामने आई है। आरोप है कि उसने वर्ष 2019 में अपनी पत्नी मुन्नी कुमारी के नाम पर रिम्स की 11 डिसमिल जमीन खरीदी थी। इसके बाद कथित तौर पर फर्जी दस्तावेज तैयार कर उक्त जमीन की खरीद-बिक्री भी कर दी गई। एसीबी अब इस जमीन के स्वामित्व, दस्तावेजों और खरीद-बिक्री की प्रक्रिया की जांच कर रही है।

जांच एजेंसी का उद्देश्य यह पता लगाना है कि जमीन के फर्जीवाड़े में किस स्तर पर किसकी भूमिका रही और इसके बदले आरोपितों को आर्थिक लाभ कैसे पहुंचा। इसके लिए बैंक खातों, निवेश और छापेमारी में मिले डिजिटल साक्ष्यों को खंगाला जा रहा है।

एसडीओ मनोज कुमार की जमानत पर पांच दिसंबर को अगली सुनवाई

इधर, रिम्स की अधिग्रहीत जमीन को फर्जी दस्तावेजों के सहारे निजी संपत्ति बताकर कब्जा करने के मामले में गिरफ्तार बेरमो के एसडीओ मनोज कुमार की जमानत याचिका पर शुक्रवार को सुनवाई हुई। एसीबी के विशेष न्यायाधीश ओंकार नाथ चौधरी की अदालत में हुई सुनवाई के दौरान बचाव पक्ष के अधिवक्ता ने दलील दी कि मनोज कुमार इस मामले में निर्दोष हैं और उनकी गिरफ्तारी गलत तरीके से की गई है।

दोनों पक्षों की दलीलें सुनने के बाद अदालत ने एसीबी से मामले की केस डायरी तलब की है। जमानत याचिका पर अगली सुनवाई के लिए पांच दिसंबर की तारीख निर्धारित की गई है। गौरतलब है कि एसीबी ने मनोज कुमार को 19 नवंबर को गिरफ्तार किया था। गिरफ्तारी के बाद से वह जेल में हैं। अब केस डायरी के आधार पर अदालत में उनकी जमानत याचिका पर आगे सुनवाई होगी।

यह भी पढ़ें: चीन से मशीनरी आयात घटाने की तैयारी, रांची के HEC के लिए खुल सकता है अवसरों का नया रास्ता