53 लाख महिलाओं को लाभ, युवाओं को रोजगार; हेमंत सरकार के दो साल में क्या बदला?

53 लाख महिलाओं को लाभ, युवाओं को रोजगार; हेमंत सरकार के दो साल में क्या बदला?

रांची: झारखंड की हेमंत सरकार-02 शनिवार को अपने दो वर्ष का कार्यकाल पूरा कर रही है। इस मौके पर सरकार के कामकाज और चुनावी वादों की स्थिति पर नजर डालना अहम है। इन दो वर्षों में राज्य सरकार ने मंईयां सम्मान योजना की राशि बढ़ाने, पेसा नियमावली लागू करने, शिक्षा और स्वास्थ्य क्षेत्र में नई योजनाएं शुरू करने सहित कई कदम उठाए हैं। वहीं, कुछ घोषणाएं अभी प्रक्रियाधीन हैं और कई वादों पर काम शुरू होना बाकी है। सरकार के पास अपने शेष तीन वर्षों में इन योजनाओं को पूरा करने का अवसर है।

मंईयां सम्मान योजना का वादा पूरा, 53 लाख महिलाओं को मिल रहा लाभ

सत्तारूढ़ झारखंड मुक्ति मोर्चा (झामुमो) ने विधानसभा चुनाव के घोषणापत्र में मुख्यमंत्री मंईयां सम्मान योजना के तहत मिलने वाली राशि एक हजार रुपये से बढ़ाकर 2,500 रुपये करने का वादा किया था। सरकार बनने के बाद इस वादे को पूरा किया गया। उपलब्ध जानकारी के अनुसार, फिलहाल करीब 53 लाख महिला लाभुकों को नियमित रूप से योजना का लाभ मिल रहा है।

शिक्षा के क्षेत्र में भी सरकार ने सीएम स्कूल ऑफ एक्सीलेंस की संख्या बढ़ाने की दिशा में कदम उठाया है। राज्य में 100 स्कूलों को विकसित करने की योजना को कैबिनेट की मंजूरी मिल चुकी है। उम्मीद है कि शैक्षणिक सत्र 2027-28 से इन विद्यालयों में नामांकन शुरू हो सकेगा। हालांकि चुनावी घोषणा में 500 उत्कृष्ट विद्यालय विकसित करने की बात कही गई थी। ऐसे में शेष विद्यालयों पर आने वाले वर्षों में काम होना है।

रोजगार के अवसर बढ़े, लेकिन परीक्षाओं की गड़बड़ी बनी चुनौती

रोजगार के मोर्चे पर सरकार ने पिछले दो वर्षों में विभिन्न कंपनियों के माध्यम से युवाओं को अवसर उपलब्ध कराने का दावा किया है। हाल ही में 3,044 प्रशिक्षित युवाओं को नियुक्ति पत्र दिए गए, जिनमें करीब 500 युवाओं को संयुक्त अरब अमीरात (यूएई) में रोजगार के अवसर मिले। इससे पहले भी लगभग डेढ़ लाख युवाओं को अलग-अलग कंपनियों में रोजगार उपलब्ध कराने की बात कही गई है।

सरकारी नियुक्तियों के लिए भी अलग-अलग विभागों में नियुक्ति पत्र वितरित किए गए। हालांकि JPSC की कई परीक्षाओं और JSSC की CGL परीक्षा में कथित गड़बड़ियों के आरोपों ने भर्ती प्रक्रिया पर सवाल खड़े किए। इन मामलों की CID जांच जारी है। ऐसे में पारदर्शी और समयबद्ध भर्ती प्रक्रिया सरकार के सामने एक महत्वपूर्ण चुनौती बनी हुई है।

अबुआ स्वास्थ्य योजना लागू, कई स्वास्थ्य योजनाएं प्रक्रियाधीन

झामुमो ने चुनावी घोषणा पत्र में जरूरतमंद परिवारों को 15 लाख रुपये तक के निशुल्क इलाज की सुविधा देने के लिए अबुआ स्वास्थ्य योजना शुरू करने का वादा किया था। उपलब्ध जानकारी के मुताबिक, इस योजना का लाभ लोगों को मिल रहा है।

इसके अलावा प्रत्येक पांच हजार परिवार पर एक एंबुलेंस उपलब्ध कराने, 50 लाख पोषण वाटिका बनाने, 100 नर्सिंग कॉलेज स्थापित करने और स्वास्थ्य केंद्रों में डॉक्टरों तथा दवाओं की उपलब्धता सुनिश्चित करने की घोषणा की गई थी। इनमें एंबुलेंस खरीदने की प्रक्रिया चल रही है, जबकि अन्य योजनाएं भी प्रक्रियाधीन बताई गई हैं।

वित्तीय वर्ष 2026-27 के बजट में सरकार ने 750 अबुआ दवाखाना खोलने की घोषणा की थी। इसे कैबिनेट की मंजूरी मिल चुकी है, लेकिन अभी दवाखाने शुरू नहीं हुए हैं। सरकार का उद्देश्य लोगों को किफायती और गुणवत्तापूर्ण दवाएं उपलब्ध कराना है। इसके अलावा राज्य के सभी पांच सरकारी मेडिकल कॉलेजों और अस्पतालों में PET और CT स्कैन मशीनें लगाने की योजना भी प्रक्रियाधीन है।

नीति आयोग की रिपोर्ट में वित्तीय प्रबंधन की सराहना

वित्तीय प्रबंधन के मामले में झारखंड को नीति आयोग की राजकोषीय स्वास्थ्य सूचकांक-2026 की रिपोर्ट में 50.5 अंक मिले हैं। इस आधार पर राज्य को देश के शीर्ष तीन राज्यों में स्थान मिला। इस सूची में झारखंड के साथ ओडिशा और गोवा भी शामिल हैं।

हालांकि यह रिपोर्ट वित्तीय वर्ष 2023-24 के आंकड़ों के विश्लेषण पर आधारित है। इसमें देश के 18 प्रमुख राज्यों के प्रदर्शन का आकलन किया गया था। रिपोर्ट में झारखंड का प्रदर्शन उसके पड़ोसी राज्यों बिहार, पश्चिम बंगाल, छत्तीसगढ़ और उत्तर प्रदेश से बेहतर रहा।

दावोस से लेकर मेडिको सिटी तक सरकार की प्रमुख पहल

झारखंड ने पहली बार वर्ल्ड इकोनॉमिक फोरम के दावोस सम्मेलन-2026 में हिस्सा लिया। इसके जरिए राज्य ने ग्रीन इंडस्ट्रियलाइजेशन और खनिज क्षेत्र में वैश्विक निवेश के अवसर तलाशने की पहल की।

उच्च शिक्षा के क्षेत्र में झारखंड विश्वविद्यालय अधिनियम-2026 लागू किया गया। इसमें विश्वविद्यालयों की शैक्षणिक और प्रशासनिक व्यवस्था के साथ कुलपतियों की नियुक्ति से जुड़े प्रावधानों में बदलाव किया गया है। विश्वविद्यालय सेवा आयोग के गठन का भी प्रावधान है, जिसके माध्यम से शिक्षकों और शिक्षकेत्तर कर्मियों की नियुक्ति की जानी है। हालांकि अधिनियम के कई प्रावधानों को लागू करने के लिए परिनियम बनना अभी बाकी है।

स्वास्थ्य क्षेत्र में मेडिकल कॉलेजों की सीटें बढ़ाने और आधारभूत संरचना के विस्तार की योजना शुरू की गई है। धनबाद, जामताड़ा, गिरिडीह और खूंटी में PPP मोड पर मेडिकल कॉलेज बनाने के लिए टेंडर प्रक्रिया शुरू हुई है। वहीं, रांची के कांके में 2,184 करोड़ रुपये की मेडिको सिटी परियोजना को हाल ही में कैबिनेट की मंजूरी मिली है। इससे मेडिकल टूरिज्म को बढ़ावा देने और रोजगार के अवसर पैदा होने की उम्मीद है।

पेसा कानून लागू, ग्राम सभाओं को मिले अधिकार

राज्य सरकार ने 2 जनवरी 2026 से पेसा अधिनियम लागू किया। इसके तहत ग्राम सभाओं को बालू घाटों के प्रबंधन और स्थानीय विकास योजनाओं के चयन में सीधे अधिकार दिए गए हैं। इसके अलावा राज्य में पेसा नियमावली लागू करना भी सरकार के दो वर्षों के कार्यकाल की प्रमुख पहल रही है।

राज्य सरकार ने भविष्य में खनन राजस्व में संभावित कमी और उससे सरकारी दायित्वों पर पड़ने वाले असर से निपटने के लिए झारखंड बजट स्थिरीकरण कोष का गठन किया है। इस कोष में 2025-26 में 832 करोड़ रुपये और 2026-27 में 1,209 करोड़ रुपये निवेश का अनुमान रखा गया है।

इन चुनावी वादों पर अभी काम शुरू होना बाकी

सरकार की कई घोषणाएं अभी जमीन पर उतरने का इंतजार कर रही हैं। वित्तीय वर्ष 2026-27 के बजट में चतरा जिले में डॉ. भीमराव आंबेडकर विश्वविद्यालय स्थापित करने की घोषणा की गई थी, लेकिन इस दिशा में अब तक काम शुरू नहीं हुआ है।

इसी तरह राज्य में पांच बालिका आवासीय विद्यालय बनाने की योजना भी अभी शुरुआती स्तर पर नहीं पहुंची है। इसके तहत धनबाद में दो और पलामू, लातेहार तथा गढ़वा में एक-एक विद्यालय स्थापित करने की घोषणा की गई थी।

कुल मिलाकर, हेमंत सरकार के दो वर्षों में कुछ चुनावी वादे पूरे हुए हैं, कई योजनाओं को मंजूरी मिली है और अनेक परियोजनाएं प्रक्रियाधीन हैं। वहीं, शिक्षा, स्वास्थ्य और बुनियादी सुविधाओं से जुड़ी कुछ घोषणाओं पर काम शुरू होना बाकी है। सरकार के सामने अब चुनौती इन योजनाओं को समयबद्ध तरीके से जमीन पर उतारने और शेष तीन वर्षों में अधूरे वादों को पूरा करने की होगी।

यह भी पढ़ें: बिहार में 1 दिसंबर से 20 जोड़ी ट्रेनें रद्द, 26 जोड़ी के फेरे भी घटे; देखें पूरी लिस्ट