जयराम महतो का दावा- रोजाना 25 करोड़ का कोयला कारोबार, मुख्यमंत्री को देंगे गाड़ियों की सूची
- By rakesh --
- 26 Nov 2026 --
- comments are disable
रांची: झारखंड में खनिज राजस्व और MMDR संशोधन विधेयक को लेकर राजनीतिक बयानबाजी तेज हो गयी है। डुमरी विधायक जयराम महतो ने विधानसभा पोर्टिको के बाहर पत्रकारों से बातचीत के दौरान मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन और राज्य सरकार पर निशाना साधा। उन्होंने दावा किया कि झारखंड में अवैध खनिज कारोबार का सालाना आंकड़ा करीब 50 हजार करोड़ रुपये तक हो सकता है। विधायक ने आरोप लगाया कि इस कारोबार से होने वाली कमाई सरकारी खजाने में जाने के बजाय नेताओं, अधिकारियों और माफियाओं तक पहुंच रही है। जयराम महतो ने कहा कि यदि सरकार को राज्य के राजस्व की इतनी चिंता है, तो उसे अवैध खनन और खनिजों की अवैध ढुलाई पर भी कार्रवाई करनी चाहिए। उन्होंने दावा किया कि उनके पास ऐसी गाड़ियों, माइंस और डिपो की जानकारी है, जिनका विवरण वह मुख्यमंत्री तक पहुंचायेंगे।
अवैध खनिज कारोबार से 50 हजार करोड़ की कमाई का दावा
जयराम महतो ने दावा किया कि धनबाद और बोकारो में रोजाना करीब 24 से 25 करोड़ रुपये का कोयला कारोबार होता है। उनके मुताबिक, इन दोनों जिलों में एक घंटे के दौरान लगभग एक करोड़ रुपये का कारोबार होता है। इस हिसाब से सालाना सात से आठ हजार करोड़ रुपये के कारोबार का अनुमान लगाया जा सकता है। उन्होंने कहा कि कोयले के अलावा हजारीबाग, रामगढ़, जमशेदपुर, लोहरदगा और गुमला जैसे जिलों में भी अलग-अलग खनिजों का कारोबार होता है। जयराम महतो ने आरोप लगाया कि कोयला, आयरन, बॉक्साइट और अभ्रक सहित कई खनिजों के अवैध कारोबार से राज्य में सालाना करीब 50 हजार करोड़ रुपये की कमाई होती है। उन्होंने दावा किया कि इस रकम का लाभ सरकारी खजाने को नहीं मिल रहा है, बल्कि नेताओं, अधिकारियों और माफियाओं की जेब में जा रहा है।
मुख्यमंत्री तक पहुंचायेंगे गाड़ियों और अवैध माइंस का ब्योरा
विधायक ने कहा कि वह केवल आरोप लगाकर नहीं रुकेंगे, बल्कि अवैध खनन और खनिजों की ढुलाई में इस्तेमाल होने वाली गाड़ियों की जानकारी भी साझा करेंगे। उन्होंने दावा किया कि कुछ गाड़ियों को विशेष कोडिंग के जरिये पास कराया जाता है। उनके अनुसार, वह इस कोडिंग और उससे जुड़ी जानकारी मुख्यमंत्री तक पहुंचायेंगे। जयराम महतो ने बताया कि उनके पास मुख्यमंत्री का व्यक्तिगत व्हाट्सएप नंबर नहीं है, लेकिन उनके निजी सचिव का नंबर उपलब्ध है। उन्होंने कहा कि वह फर्जी जीएसटी कागजात के साथ बॉर्डर पार करने वाली गाड़ियों की सूची रोजाना भेजेंगे। इसके अलावा सोशल मीडिया पर भी गाड़ियों के नंबर, अवैध माइंस और डिपो का विवरण साझा करने की बात कही।
थाना प्रभारियों और अधिकारियों पर भी लगाये गंभीर आरोप
जयराम महतो ने पुलिस और प्रशासनिक व्यवस्था पर भी सवाल उठाये। उन्होंने आरोप लगाया कि कुछ थाना प्रभारी वरिष्ठ अधिकारियों के निर्देश पर 50 प्रतिशत हिस्सेदारी में माइंस चलवा रहे हैं। उन्होंने यह भी दावा किया कि कुछ थाना प्रभारी अपने साथियों को ट्रैक्टर खरीदकर देते हैं, जिनका इस्तेमाल खनिजों की ढुलाई में किया जाता है। विधायक ने कुछ आईएएस और आईपीएस अधिकारियों की जिला पोस्टिंग को लेकर भी गंभीर आरोप लगाये। उनका दावा था कि कुछ अधिकारियों की पोस्टिंग के लिए पांच करोड़ रुपये तक लिये जाते हैं और इसके बाद कार्यकाल के दौरान सौ गुना तक वसूली का लक्ष्य रखा जाता है। हालांकि, ये सभी आरोप जयराम महतो ने पत्रकारों से बातचीत के दौरान लगाये हैं।
खुद को बताया झारखंड का रॉबिनहुड, जनता को पैसे देने का किया दावा
बातचीत के दौरान पत्रकारों ने जयराम महतो से उन पर लगने वाले आरोपों को लेकर भी सवाल किया। इस पर उन्होंने कहा कि वह अपने लिए कुछ नहीं रखते और अपनी सैलरी का 75 प्रतिशत हिस्सा जनता को देते हैं। उन्होंने कहा, “हम नहीं ले रहे हैं, अगर लेंगे भी तो जनता को दे देंगे।” खुद को झारखंड का रॉबिनहुड बताते हुए जयराम महतो ने दावा किया कि उन्होंने करीब 70 चेक के माध्यम से जरूरतमंद लोगों को 40 लाख रुपये दिये हैं। उन्होंने कहा कि उनके बैंक खाते और चेक से जुड़े लेन-देन की जानकारी कोई भी व्यक्ति आरटीआई के माध्यम से हासिल कर सकता है।
यह भी पढ़ें: MMDR बिल पर आजसू और जयराम महतो का विरोध, सदन में बोले- झारखंड के संसाधनों पर किसका अधिकार?