रांची के दशम फॉल में हादसा, तेज बहाव में बहा पटना का 26 वर्षीय युवक; तलाश जारी
- By rakesh --
- 18 Oct 2026 --
- comments are disable
रांची: बुंडू स्थित दशम फॉल में रविवार शाम एक युवक पानी में फिसलकर लापता हो गया। पटना के दानापुर निवासी 26 वर्षीय उज्ज्वल गुप्ता अपने मौसेरे भाई प्रकाश कुमार के साथ घूमने आया था। इसी दौरान फॉल के ऊपरी खतरनाक हिस्से में उसका पैर फिसल गया और वह तेज बहाव में बह गया। पुलिस और स्थानीय ग्रामीण युवक की तलाश में जुटे हैं। फिलहाल उसकी मौत की आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है।
शाम 5:30 बजे दशम फॉल घूमने पहुंचे थे दोनों युवक
प्राप्त जानकारी के अनुसार, उज्ज्वल गुप्ता अपने मौसेरे भाई प्रकाश कुमार के साथ रविवार शाम करीब 5:30 बजे दशम फॉल पहुंचा था। दोनों घूमते हुए फॉल के ऊपर स्थित खतरनाक हिस्से में चले गए। इसी दौरान उज्ज्वल का पैर फिसल गया और वह पानी के तेज बहाव में बह गया।
स्थानीय लोगों ने खतरनाक जगह पर जाने से किया था मना
बताया गया कि स्थानीय लोगों ने दोनों युवकों को फॉल के ऊपरी खतरनाक हिस्से में जाने से मना किया था। इसके बावजूद वे वहां चले गए। इसी दौरान यह हादसा हो गया।
देर शाम तक तलाश के बावजूद नहीं मिला युवक
दशम फॉल थाना प्रभारी कुंदन कुमार के अनुसार, घटना की सूचना मिलने के बाद देर शाम फॉल में छानबीन की गई, लेकिन उज्ज्वल का कोई पता नहीं चल सका। फिलहाल पुलिस और स्थानीय ग्रामीण उसकी तलाश में जुटे हुए हैं।
पर्यटक मित्रों की ड्यूटी खत्म होने के बाद हुआ हादसा
जानकारी के अनुसार, दशम फॉल में तैनात पर्यटक मित्र शाम 5 बजे अपनी ड्यूटी समाप्त कर देते हैं। ऐसे में पर्यटकों को निर्धारित सुरक्षा निर्देशों का पालन करना और खतरनाक हिस्सों में जाने से बचना बेहद जरूरी है।
यह भी पढ़ें: Bokaro BSL Gate Jam: बोकारो BSL मेन गेट खुला, 20 घंटे बाद बहाल हुआ आवागमन; उत्पादन सामान्य होने में लगेंगे 4-5 दिन