पटना, गया और मुजफ्फरपुर समेत 10 जिलों को मिले नए ट्रेनी IPS अधिकारी
- By rakesh --
- 21 Nov 2026 --
- comments are disable
पटना। बिहार पुलिस को 2025 बैच के 10 नए भारतीय पुलिस सेवा (IPS) अधिकारी मिले हैं। इन सभी प्रशिक्षु अधिकारियों को जिला व्यावहारिक प्रशिक्षण के लिए राज्य के अलग-अलग जिलों में भेजने की तैयारी की गयी है। इस संबंध में गृह विभाग ने जिलों का आवंटन कर दिया है। प्रशिक्षण के दौरान सभी अधिकारी सहायक पुलिस अधीक्षक (ASP) के रूप में कामकाज का अनुभव हासिल करेंगे।
गृह विभाग की ओर से जारी आवंटन के अनुसार, इन 10 प्रशिक्षु आईपीएस अधिकारियों को पटना, दरभंगा, भागलपुर, मुंगेर, मुजफ्फरपुर, रोहतास, समस्तीपुर, भोजपुर, मोतिहारी और गया जिले में प्रशिक्षण के लिए भेजा गया है।
पटना से गया तक इन जिलों में मिली जिम्मेदारी
प्रशिक्षु आईपीएस अधिकारियों में चार बिहार के रहने वाले हैं। इसके अलावा राजस्थान के दो और हिमाचल प्रदेश, पंजाब, हरियाणा तथा पश्चिम बंगाल के एक-एक अधिकारी शामिल हैं।
जिला आवंटन के अनुसार, पंजाब निवासी प्रशिक्षु आईपीएस सिदक सिंह को पटना जिला दिया गया है। वहीं, पटना निवासी विश्व वर्द्धन को दरभंगा, नालंदा निवासी मो. ताबिश हसन को भागलपुर, मोतिहारी निवासी आशीष कुमार को मुंगेर और पूर्णिया निवासी नवनीत आनंद को मुजफ्फरपुर में प्रशिक्षण के लिए भेजा गया है।
राजस्थान के कोशिंदर को रोहतास और इसी राज्य के विजय राघव गोयल को समस्तीपुर जिला आवंटित किया गया है। हिमाचल प्रदेश के विनय कुमार को भोजपुर, पश्चिम बंगाल के सहर्स कुमार को मोतिहारी और हरियाणा के शुभम को गया जिले में प्रशिक्षण की जिम्मेदारी दी गयी है।
22 नवंबर को बिहार पुलिस एकेडमी में देंगे योगदान
सभी प्रशिक्षु आईपीएस अधिकारियों ने सरदार वल्लभभाई पटेल राष्ट्रीय पुलिस अकादमी, हैदराबाद में प्रशिक्षण का पहला चरण पूरा कर लिया है। अब उन्हें बिहार में 29 सप्ताह का जिला व्यावहारिक प्रशिक्षण दिया जायेगा।
निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार, सभी प्रशिक्षु अधिकारी 22 नवंबर को बिहार पुलिस एकेडमी, राजगीर में योगदान देंगे। इसके बाद उन्हें आवंटित जिलों में सहायक पुलिस अधीक्षक (ASP) के रूप में भेजा जायेगा।
कानून-व्यवस्था और अपराध अनुसंधान का सीखेंगे काम
जिला प्रशिक्षण के दौरान प्रशिक्षु अधिकारियों को पुलिसिंग की जमीनी चुनौतियों से रूबरू कराया जायेगा। इस दौरान वे कानून-व्यवस्था संभालने, अपराध अनुसंधान, पुलिस प्रशासन और थानों की कार्यप्रणाली को समझेंगे।
इसके अलावा फील्ड स्तर पर पुलिस व्यवस्था के संचालन और विभिन्न परिस्थितियों में निर्णय लेने का व्यावहारिक अनुभव भी हासिल करेंगे। इस प्रशिक्षण के बाद अधिकारियों को पुलिस सेवा की जिम्मेदारियों को बेहतर तरीके से निभाने में मदद मिलेगी।
ये भी पढ़ें: बिना बायोमैट्रिक अटेंडेंस जनवरी से नहीं मिलेगा वेतन, रांची यूनिवर्सिटी ने जारी किया आदेश