कौन हैं जस्टिस सुजीत नारायण प्रसाद? तीसरी बार झारखंड हाईकोर्ट के कार्यवाहक मुख्य न्यायाधीश बने

कौन हैं जस्टिस सुजीत नारायण प्रसाद? तीसरी बार झारखंड हाईकोर्ट के कार्यवाहक मुख्य न्यायाधीश बने

रांची: झारखंड हाईकोर्ट को जल्द ही नया कार्यवाहक मुख्य न्यायाधीश मिलने जा रहा है। वरिष्ठ न्यायाधीश जस्टिस सुजीत नारायण प्रसाद को एक बार फिर यह जिम्मेदारी सौंपी गयी है। राष्ट्रपति ने संविधान के अनुच्छेद 223 के तहत उनकी नियुक्ति को मंजूरी दे दी है। केंद्रीय कानून एवं न्याय मंत्रालय के न्याय विभाग ने 26 नवंबर 2026 को इस संबंध में अधिसूचना जारी की। जस्टिस प्रसाद 28 नवंबर से कार्यवाहक मुख्य न्यायाधीश के रूप में दायित्व संभालेंगे। खास बात यह है कि वह इससे पहले भी दो बार इस पद की जिम्मेदारी निभा चुके हैं।

मुख्य न्यायाधीश के सेवानिवृत्त होने के बाद संभालेंगे पद

झारखंड हाईकोर्ट के वर्तमान मुख्य न्यायाधीश जस्टिस महेश शरदचंद्र सोनक 27 नवंबर 2026 को सेवानिवृत्त हो रहे हैं। उनके सेवानिवृत्त होने के अगले दिन यानी 28 नवंबर से जस्टिस सुजीत नारायण प्रसाद कार्यवाहक मुख्य न्यायाधीश के रूप में काम करेंगे। केंद्रीय कानून एवं न्याय मंत्रालय के न्याय विभाग की अधिसूचना में कहा गया है कि उन्हें मुख्य न्यायाधीश के कार्यालय के कार्यों और दायित्वों का निर्वहन करने के लिए नियुक्त किया गया है। अधिसूचना पर भारत सरकार के संयुक्त सचिव जगन्नाथ श्रीनिवासन के हस्ताक्षर हैं। इसकी प्रतिलिपि झारखंड के राज्यपाल और मुख्यमंत्री के सचिव, मुख्य सचिव, हाईकोर्ट के रजिस्ट्रार जनरल समेत संबंधित अधिकारियों को भेजी गयी है।

20 जून 1967 को हुआ था जन्म, 2014 में बने न्यायाधीश

जस्टिस सुजीत नारायण प्रसाद का जन्म 20 जून 1967 को हुआ था। उन्होंने एमए और एलएलबी की पढ़ाई पूरी की है। 26 सितंबर 2014 को उन्हें झारखंड हाईकोर्ट का अतिरिक्त न्यायाधीश नियुक्त किया गया था। इसी दिन उन्होंने न्यायाधीश के रूप में शपथ ली। इसके बाद उनका स्थानांतरण ओडिशा हाईकोर्ट में हुआ। उन्होंने 12 मार्च 2015 को वहां न्यायाधीश के रूप में कार्यभार संभाला। ओडिशा हाईकोर्ट में अपने कार्यकाल के दौरान उन्होंने न्यायिक अकादमी एवं प्रशिक्षण, कंप्यूटर कमेटी, ई-कमेटी, किशोर न्याय समिति और भवन निर्माण समिति सहित कई महत्वपूर्ण समितियों में सदस्य के रूप में काम किया।

ओडिशा हाईकोर्ट में भी निभायीं कई अहम जिम्मेदारियां

ओडिशा हाईकोर्ट में जस्टिस प्रसाद ट्रांसफर कमेटी, वाहन समिति, रिसर्च असिस्टेंट नियुक्ति समिति, फैमिली कोर्ट काउंसलर नियुक्ति समिति और चतुर्थवर्गीय कर्मचारी नियुक्ति समिति से भी जुड़े रहे। इसके अलावा उन्हें उत्कल विश्वविद्यालय की विधि संकाय से संबंधित उच्चस्तरीय समिति का अध्यक्ष भी नामित किया गया था। ओडिशा हाईकोर्ट में न्यायिक और प्रशासनिक जिम्मेदारियां निभाने के बाद उनका फिर झारखंड हाईकोर्ट में तबादला हुआ। 22 नवंबर 2018 को उन्होंने झारखंड हाईकोर्ट के न्यायाधीश के रूप में शपथ ली। इसके बाद से वह यहां न्यायिक दायित्व निभा रहे हैं।

पहले भी दो बार संभाल चुके हैं कार्यवाहक मुख्य न्यायाधीश का पद

जस्टिस सुजीत नारायण प्रसाद को पहली बार 20 जुलाई 2024 से 24 सितंबर 2024 तक झारखंड हाईकोर्ट का कार्यवाहक मुख्य न्यायाधीश नियुक्त किया गया था। इसके बाद 22 जुलाई 2025 को उन्हें दोबारा यह जिम्मेदारी सौंपी गयी। वह जस्टिस तरलोक सिंह चौहान के झारखंड हाईकोर्ट के मुख्य न्यायाधीश के रूप में शपथ लेने तक इस पद पर रहे। अब जस्टिस महेश शरदचंद्र सोनक के सेवानिवृत्त होने के बाद जस्टिस प्रसाद तीसरी बार कार्यवाहक मुख्य न्यायाधीश की जिम्मेदारी संभालेंगे। 28 नवंबर से उनका नया कार्यकाल शुरू होगा।

यह भी पढ़ें: Hemant Soren ने SIR और MMDR संशोधन पर केंद्र को घेरा, बोले- अनुदान हमारा अधिकार है, भीख नहीं