Hemant Soren ने SIR और MMDR संशोधन पर केंद्र को घेरा, बोले- अनुदान हमारा अधिकार है, भीख नहीं
- By rakesh --
- 26 Nov 2026 --
- comments are disable
रांची: झारखंड विधानसभा के दो दिवसीय विशेष सत्र के अंतिम दिन मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने SIR, MMDR संशोधन विधेयक और राज्यों को मिलने वाले अनुदान के मुद्दे पर केंद्र सरकार को घेरा। सरकार की ओर से जवाब देते हुए उन्होंने कहा कि राज्य को मिलने वाला अनुदान उसका अधिकार है, भीख नहीं। उन्होंने SIR की प्रक्रिया पर सवाल उठाते हुए स्पष्ट किया कि झारखंड सरकार इसका विरोध नहीं कर रही है, बल्कि इसे लागू करने के तरीके और स्थानीय परिस्थितियों की अनदेखी पर आपत्ति जता रही है। संविधान दिवस के अवसर पर मुख्यमंत्री ने संविधान की प्रस्तावना में शामिल ‘हम भारत के लोग’ शब्दों का उल्लेख किया। उन्होंने कहा कि ये शब्द भले ही सामान्य लगते हों, लेकिन इनके मायने बहुत व्यापक हैं। इसी दौरान उन्होंने सदन से विपक्ष के वॉकआउट पर भी नाराजगी जतायी।
संविधान की भावना और राज्यों के अधिकारों का किया उल्लेख
हेमंत सोरेन ने कहा कि 26 नवंबर 1949 को देश ने संविधान को अंगीकार किया था। संविधान की प्रस्तावना में ‘हम भारत के लोग’ केवल कुछ शब्द नहीं हैं, बल्कि लोकतांत्रिक व्यवस्था की व्यापक भावना को व्यक्त करते हैं। उन्होंने कहा कि संविधान ने आम नागरिकों के साथ-साथ राज्यों को भी अधिकार और शक्तियां प्रदान की हैं। मुख्यमंत्री के अनुसार, नागरिकों की राजनीतिक भागीदारी सुनिश्चित करना लोकतंत्र की बुनियादी भावना है। यदि कोई राज्य अपने संवैधानिक अधिकारों के तहत खुद को सुरक्षित करने की कोशिश करता है, तो इसमें गलत क्या है। उन्होंने केंद्र सरकार की व्यवस्था पर सवाल उठाते हुए आरोप लगाया कि मौजूदा केंद्र सरकार केंद्रीकृत व्यवस्था की ओर बढ़ रही है। विपक्ष के वॉकआउट पर उन्होंने कहा कि उम्मीद थी कि विशेष सत्र के अंतिम दिन विपक्ष राज्य के प्रति सहयोग का भाव दिखायेगा, लेकिन ऐसा नहीं हुआ। उन्होंने यह भी कहा कि संवेदनशील विषयों पर सदन में विपक्ष का रवैया चिंताजनक है।
SIR पर विरोध नहीं, प्रक्रिया के तरीके पर आपत्ति
SIR यानी मतदाता सूची के विशेष गहन पुनरीक्षण पर मुख्यमंत्री ने कहा कि झारखंड आदिवासी बहुल राज्य है और यहां की सामाजिक परिस्थितियां दूसरे राज्यों से अलग हैं। इसलिए इस प्रक्रिया को लागू करते समय स्थानीय परिस्थितियों और लोगों की वास्तविक स्थिति को ध्यान में रखना जरूरी है। उन्होंने कहा कि 1949 के समय देश में शिक्षा का स्तर आज की तुलना में काफी कम था। इसके बावजूद संविधान निर्माताओं ने निरक्षर नागरिकों को भी मतदान का अधिकार दिया। संविधान ने ठेला चलाने वाले व्यक्ति और पूंजीपति के वोट का मूल्य समान रखा। यह लोकतांत्रिक व्यवस्था की महत्वपूर्ण विशेषता है। मुख्यमंत्री ने स्पष्ट किया कि राज्य सरकार SIR के खिलाफ नहीं है, बल्कि इसके काम करने के तरीके पर सवाल उठा रही है। उन्होंने कहा कि झारखंड में ऐसे गांव हैं, जहां के लोगों ने आज तक जिला कार्यालय तक नहीं देखा है। ऐसे क्षेत्रों में रहने वाले लोगों की परिस्थितियों को समझे बिना पुनरीक्षण की प्रक्रिया पूरी करना उचित नहीं होगा।
वैध मतदाताओं के नाम कटने का भी उठाया मुद्दा
हेमंत सोरेन ने दावा किया कि सत्ता पक्ष ने सदन में दस्तावेजों के साथ अपनी बात रखी है। उनके पास ऐसे दस्तावेज भी हैं, जिनसे पता चलता है कि वास्तविक रूप से मौजूद और वैध मतदाताओं के नाम तक मतदाता सूची से हटाये गये हैं। उन्होंने कहा कि मतदाता सूची के पुनरीक्षण में स्थानीयता और जमीनी परिस्थितियों को प्राथमिकता मिलनी चाहिए। प्रक्रिया ऐसी होनी चाहिए, जिससे कोई भी पात्र नागरिक अपने मतदान के अधिकार से वंचित न हो।
‘अनुदान हमारा अधिकार है, भीख नहीं’
राज्यों को मिलने वाले अनुदान के मुद्दे पर मुख्यमंत्री ने विपक्ष के सवालों का जवाब दिया। उन्होंने कहा कि झारखंड को मिलने वाला अनुदान राज्य का अधिकार है, भीख नहीं। इसलिए राज्य को अनुदान देना ही होगा। उन्होंने स्पष्ट किया कि अनुदान के तहत मिलने वाली राशि को राज्य के खजाने में अतिरिक्त पैसा आने के रूप में नहीं देखा जाना चाहिए। यह क्षतिपूर्ति की राशि है और क्षतिपूर्ति प्राप्त करना राज्य का अधिकार है। मुख्यमंत्री ने इस मुद्दे पर राज्य के हक की बात दोहराते हुए केंद्र सरकार की भूमिका पर सवाल उठाये।
MMDR संशोधन विधेयक को व्यापारियों के हित में बताया
MMDR संशोधन विधेयक पर मुख्यमंत्री ने केंद्र सरकार को निशाने पर लिया। उन्होंने कहा कि संविधान पीठ के आदेश के बाद MMDR कानून लागू किया गया था। उनके मुताबिक, केंद्र सरकार यह साबित करने में विफल रही है कि झारखंड की मांग जायज नहीं है। मुख्यमंत्री ने दावा किया कि अदालत से राहत मिलने के बाद जब राज्य की ओर से क्षतिपूर्ति की मांग तेज हुई, तो कानून लाकर राज्यों के अधिकार सीमित करने की कोशिश की गयी। उन्होंने MMDR संशोधन को देशहित के बजाय व्यापारियों के हित में बताया। हेमंत सोरेन ने कहा कि झारखंड देश से अलग नहीं है और राज्य देश के विकास में बाधा नहीं बनना चाहता। हालांकि, उन्होंने केंद्र सरकार की कार्यशैली पर सवाल उठाते हुए उसे मजबूत सरकार के बजाय मजबूर सरकार करार दिया।
यह भी पढ़ें: पूर्व JPSC अध्यक्ष की जमानत याचिका पर हाईकोर्ट सख्त, राज्य सरकार को 9 दिसंबर तक का अल्टीमेटम