झारखंड में फिल्मों की शूटिंग को मिलेगा बढ़ावा? आशुतोष गोवारिकर के साथ फिल्म नीति पर हुई चर्चा

झारखंड में फिल्मों की शूटिंग को मिलेगा बढ़ावा? आशुतोष गोवारिकर के साथ फिल्म नीति पर हुई चर्चा

रांची: झारखंड को फिल्म निर्माण के प्रमुख केंद्र के रूप में विकसित करने की दिशा में राज्य सरकार ने प्रयास तेज कर दिये हैं। इसी कड़ी में सूचना एवं जनसंपर्क विभाग (आईपीआरडी) के प्रतिनिधियों ने प्रसिद्ध फिल्म निर्देशक और निर्माता आशुतोष गोवारिकर से मुलाकात की। बैठक में झारखंड फिल्म नीति, झारखंड फिल्म डेवलपमेंट कॉरपोरेशन लिमिटेड की भूमिका और राज्य में फिल्म निर्माण को बढ़ावा देने की संभावनाओं पर विस्तार से चर्चा हुई।

इस दौरान झारखंड के प्राकृतिक सौंदर्य, खूबसूरत लोकेशनों और पर्यटन स्थलों को फिल्मों के माध्यम से राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय पहचान दिलाने पर भी विचार किया गया। सरकार की कोशिश है कि फिल्म निर्माताओं को राज्य में शूटिंग के लिए आकर्षित किया जाये, जिससे पर्यटन और स्थानीय स्तर पर रोजगार के अवसरों को भी बढ़ावा मिल सके।

आशुतोष गोवारिकर के साथ झारखंड फिल्म नीति पर चर्चा

आईपीआरडी प्रतिनिधियों और आशुतोष गोवारिकर के बीच हुई मुलाकात में राज्य की फिल्म नीति को प्रभावी तरीके से लागू करने और फिल्म निर्माण के लिए अनुकूल माहौल तैयार करने पर बातचीत हुई। झारखंड फिल्म डेवलपमेंट कॉरपोरेशन लिमिटेड के माध्यम से फिल्म निर्माताओं को किस तरह प्रोत्साहित किया जा सकता है, इस पर भी विचार-विमर्श किया गया।

बैठक में इस बात पर जोर रहा कि झारखंड की प्राकृतिक और सांस्कृतिक विविधता को फिल्मों के जरिये व्यापक पहचान दिलाई जा सकती है। इससे राज्य के पर्यटन स्थलों को भी देश-दुनिया के सामने प्रस्तुत करने का अवसर मिलेगा।

हैदराबाद के फिल्ममेकर राज ने भी दिखाई रुचि

हैदराबाद के फिल्ममेकर, लेखक और निर्देशक राज ने भी झारखंड की फिल्म नीति में रुचि जतायी है। उन्होंने कहा कि झारखंड में फिल्म शूटिंग की अपार संभावनाएं हैं। राज्य के प्राकृतिक सौंदर्य और पर्यटन स्थलों को फिल्मों के माध्यम से दुनिया के सामने लाया जा सकता है।

उन्होंने राज्य सरकार के साथ मिलकर काम करने और झारखंड में फिल्म निर्माण के साथ पर्यटन को भी बढ़ावा देने की इच्छा जतायी। फिल्म निर्माताओं की इस रुचि को राज्य में फिल्म उद्योग के विकास की संभावनाओं से जोड़कर देखा जा रहा है।

शहीद अल्बर्ट एक्का की वीरता पर बनी फिल्म जल्द होगी रिलीज

इस बीच झारखंड के वीर सपूत और परमवीर चक्र विजेता शहीद अल्बर्ट एक्का के जीवन पर आधारित फिल्म ‘परमवीर’ भी जल्द सिनेमाघरों में रिलीज होने वाली है। फिल्म के निर्माता सागर गौड़ा ने बताया कि झारखंड में शूटिंग के दौरान स्थानीय लोगों का भरपूर सहयोग मिला। खासकर गुमला जिले के जारी गांव के लोगों ने फिल्म की शूटिंग में महत्वपूर्ण भूमिका निभायी।

फिल्म के जरिये शहीद अल्बर्ट एक्का की वीरता, अदम्य साहस और देश के लिए उनके सर्वोच्च बलिदान की कहानी दर्शकों तक पहुंचाने का प्रयास किया गया है।

फिल्म को टैक्स में छूट देने की मुख्यमंत्री से अपील

फिल्म निर्माता सागर गौड़ा ने मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन से फिल्म ‘परमवीर’ को टैक्स में छूट देने का आग्रह किया है। उनका कहना है कि इससे शहीद अल्बर्ट एक्का की प्रेरणादायक कहानी अधिक से अधिक लोगों तक पहुंच सकेगी।

उन्होंने झारखंड के लोगों से भी अपील की कि फिल्म रिलीज होने पर सिनेमाघरों में जाकर इसे देखें और सहयोग दें। फिल्म निर्माण को बढ़ावा देने की राज्य सरकार की पहल और ‘परमवीर’ जैसी स्थानीय गौरव से जुड़ी फिल्में झारखंड को फिल्म जगत में अलग पहचान दिलाने की दिशा में अहम हो सकती हैं।

यह भी पढ़ें: हजारीबाग में नशे के खिलाफ बड़ी कार्रवाई, 11 ग्राम ब्राउन शुगर के साथ पांच आरोपी पुलिस की गिरफ्त में