विधानसभा में SIR पर चर्चा के बीच चुनाव आयोग की बैठक, मतदाता सूची को लेकर अधिकारियों को सख्त निर्देश
- By rakesh --
- 25 Nov 2026 --
- comments are disable
रांची: झारखंड विधानसभा में जहां मतदाता सूची के विशेष गहन पुनरीक्षण (SIR) को लेकर विशेष चर्चा हो रही थी, वहीं दूसरी ओर चुनाव आयोग के अधिकारी पुनरीक्षण कार्य को समय पर पूरा करने की तैयारी में जुटे रहे। मुख्य निर्वाचन पदाधिकारी के. रवि कुमार की अध्यक्षता में वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से समीक्षा बैठक हुई। इसमें सभी जिलों के उप निर्वाचन पदाधिकारी, निर्वाचक निबंधन पदाधिकारी और सहायक निर्वाचक निबंधन पदाधिकारी शामिल हुए।
बैठक में के. रवि कुमार ने कहा कि राज्य में मतदाता सूची के विशेष गहन पुनरीक्षण का काम अंतिम चरण में है। ऐसे में सभी संबंधित अधिकारी लंबित मामलों का जल्द निष्पादन करें और मतदाता सूची के अंतिम प्रकाशन की तैयारी पूरी रखें। उन्होंने स्पष्ट निर्देश दिया कि सभी अधिकारी ‘जीरो पेंडेंसी’ के लक्ष्य के साथ काम करें, ताकि किसी भी स्तर पर मामले लंबित न रहें।
जिलावार लंबित मामलों की हुई समीक्षा
समीक्षा बैठक में विधानसभा निर्वाचन क्षेत्रवार लंबित मामलों की अद्यतन स्थिति पर विस्तार से चर्चा की गयी। मुख्य निर्वाचन पदाधिकारी ने निर्देश दिया कि जिन मामलों का अब तक निष्पादन नहीं हुआ है, उनका संबंधित अधिकारी नियमानुसार व्यक्तिगत और गहन निरीक्षण करें।
उन्होंने कहा कि प्रत्येक मामले में जरूरी दस्तावेज प्राप्त किये जायें और तथ्यों का सत्यापन किया जाये। संबंधित मतदाताओं को सुनवाई का पूरा अवसर देने के बाद नियमों के अनुसार अंतिम निर्णय लिया जाये। अधिकारियों को यह भी सुनिश्चित करने को कहा गया कि किसी मामले का निपटारा बिना निर्धारित प्रक्रिया पूरी किये नहीं हो।
मतदान केंद्रों की फोटो और जियो टैगिंग का काम भी पूरा करने का निर्देश
के. रवि कुमार ने कहा कि SIR के तहत मतदाताओं की सुनवाई और दस्तावेजों के सत्यापन के साथ मतदान केंद्रों से जुड़े अन्य कार्य भी समय पर पूरे किये जायें। इसमें मतदान केंद्रों का नजरी नक्शा तैयार करना, मतदान केंद्रों की तस्वीर लेना और जियो टैगिंग सहित अन्य जानकारियों को अपडेट करना शामिल है।
उन्होंने ड्राफ्ट मतदाता सूची के प्रकाशन के बाद प्रतिदिन प्राप्त होने वाले आवेदनों को उसी दिन ECINET पर अपडेट करने का निर्देश दिया। अधिकारियों से कहा गया कि आवेदन प्राप्त होने और उनके ऑनलाइन रिकॉर्ड को अपडेट करने के बीच अनावश्यक देरी नहीं होनी चाहिए।
पांच घरों में जाकर मतदाताओं का सत्यापन करेंगे अधिकारी
बैठक में उन मतदान केंद्र क्षेत्रों पर भी विशेष ध्यान देने का निर्देश दिया गया, जहां नये मतदाताओं के नाम जोड़ने के लिए कम आवेदन प्राप्त हुए हैं। मुख्य निर्वाचन पदाधिकारी ने कहा कि ऐसे क्षेत्रों में सुपरचेकिंग के दौरान अधिकारी होम-टू-रोल वेरिफिकेशन की गहन समीक्षा करें।
भौतिक सत्यापन के दौरान अधिकारियों को लगातार कम से कम पांच घरों में जाने का निर्देश दिया गया है। वहां रहने वाले प्रत्येक पात्र भारतीय नागरिक के बारे में जांच की जाये कि उसका नाम मतदाता सूची में शामिल है या नहीं। इस प्रक्रिया के माध्यम से पात्र मतदाताओं के नाम सूची में शामिल होने की स्थिति की पुष्टि करने पर जोर दिया गया।
अंतिम मतदाता सूची के प्रकाशन की तैयारी पर जोर
मुख्य निर्वाचन पदाधिकारी ने सभी जिला और निर्वाचन क्षेत्र स्तर के अधिकारियों को लंबित मामलों के शीघ्र निष्पादन के साथ पुनरीक्षण से जुड़े सभी तकनीकी और भौतिक कार्य पूरे करने को कहा। बैठक में स्पष्ट किया गया कि मतदाता सूची के अंतिम प्रकाशन से पहले दस्तावेजों का सत्यापन, सुनवाई, मतदान केंद्रों से संबंधित अपडेट और ECINET पर आवेदनों की प्रविष्टि जैसे कार्यों में कोई लंबित मामला नहीं रहना चाहिए।
यह भी पढ़ें: लालपुर में तेज रफ्तार का कहर! बाइक और स्कूटी की भिड़ंत में दो युवक घायल