धुर्वा जेपी मार्केट में सनसनीखेज वारदात, रेस्टोरेंट कर्मचारी की हत्या का आरोपी गिरफ्तार
- By rakesh --
- 18 Nov 2026 --
- comments are disable
रांची। राजधानी रांची के धुर्वा स्थित जेपी मार्केट के एक रेस्टोरेंट में मंगलवार रात हुई चाकूबाजी की घटना में एक कर्मचारी की मौत हो गई। टेस्टी अंदाज रेस्टोरेंट में काम करने वाले 36 वर्षीय अजय कुमार दास पर एक ग्राहक ने चाकू से हमला कर दिया था। गंभीर हालत में उन्हें पारस अस्पताल ले जाया गया, जहां इलाज के दौरान उनकी मौत हो गई।
पुलिस ने मामले में त्वरित कार्रवाई करते हुए सीसीटीवी फुटेज की मदद से आरोपी अमित कुमार को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस ने घटना में इस्तेमाल किया गया चाकू भी बरामद किया है।
सीसीटीवी फुटेज के आधार पर हुई गिरफ्तारी
रांची पुलिस की ओर से बुधवार को जारी प्रेस विज्ञप्ति के अनुसार, घटना 17 नवंबर की रात करीब 9:40 बजे हुई। सूचना मिलने के बाद धुर्वा थाना की टीम मौके पर पहुंची और घटनास्थल को सुरक्षित कर जांच शुरू की।
मृतक अजय कुमार दास मूल रूप से गिरिडीह जिले के तिसरी के निवासी थे। मामले में धुर्वा थाना कांड संख्या 307/26 के तहत 18 नवंबर 2026 को भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की धारा 103(1) में प्राथमिकी दर्ज की गई है।
घटना की गंभीरता को देखते हुए वरीय पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर हटिया के वरीय पुलिस उपाधीक्षक नीरज कुमार झा के नेतृत्व में विशेष टीम बनाई गई। टीम ने रेस्टोरेंट और आसपास के सीसीटीवी फुटेज की जांच की। इसके आधार पर पुलिस ने आरोपी की पहचान कर उसे गिरफ्तार कर लिया।
आरोपी के पास से चाकू और अन्य सामान जब्त
गिरफ्तार आरोपी अमित कुमार धुर्वा थाना क्षेत्र के डायमंड फील्ड स्थित डीटी/210 का निवासी बताया गया है। पुलिस ने उसके पास से वारदात में इस्तेमाल किया गया चाकू, मोबाइल फोन और घटना के समय पहना हुआ खून लगा शर्ट जब्त किया है।
पुलिस के मुताबिक, आरोपी का पहले भी आपराधिक इतिहास रहा है। उसके खिलाफ धुर्वा थाना में वर्ष 2025 के दौरान कांड संख्या 59/25 दर्ज किया गया था। फिलहाल पुलिस मामले के सभी पहलुओं की जांच कर रही है।
पुलिस टीम ने की त्वरित कार्रवाई
इस मामले की छानबीन और गिरफ्तारी अभियान में वरीय पुलिस उपाधीक्षक नीरज कुमार झा, धुर्वा थाना प्रभारी अनील कुमार तिवारी, पुलिस अवर निरीक्षक चंद्रशेखर सिंह, लव कुमार समेत थाना के अन्य पुलिस पदाधिकारी और सशस्त्र बल के जवान शामिल थे।
पुलिस ने बताया कि मामले में आगे की कानूनी कार्रवाई और जांच जारी है।
यह भी पढ़ें: झारखंड में सरकारी कर्मियों का महंगाई भत्ता 63% हुआ, जानें कैबिनेट के 5 बड़े फैसले