Ranchi Encounter: कोढ़ा गैंग के सरगना को गोली, दो गिरफ्तार; 5 सोने की चेन बरामद
- By rakesh --
- 05 Oct 2026 --
- comments are disable
रांची। राजधानी रांची और आसपास के जिलों में महिलाओं समेत आम लोगों को निशाना बनाकर छिनतई की घटनाओं को अंजाम देने वाले बिहार के कटिहार स्थित कोढ़ा गैंग के खिलाफ रांची पुलिस ने बड़ी कार्रवाई की है। बीआइटी ओपी क्षेत्र के चंद्र गांव के पास रविवार को पुलिस और स्नेचरों के बीच मुठभेड़ हुई। मुठभेड़ में गिरोह का मुख्य सरगना आकाश यादव उर्फ रंगीला पैर में गोली लगने से घायल हो गया। वहीं, पुलिस ने उसके दो सहयोगियों अमन यादव और कार्तिक यादव उर्फ दिनेश को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने आरोपियों के पास से छिनी गई पांच सोने की चेन बरामद करने की जानकारी दी है।
हवलदार की पिस्टल छीनकर पुलिस पर फायरिंग का आरोप
रांची एसएसपी राकेश रंजन और सिटी एसपी पारस राणा के अनुसार, 3 अक्टूबर को बरियातू और मेसरा ओपी क्षेत्र में हुई छिनतई की घटनाओं के बाद पुलिस की विशेष टीम कोढ़ा गैंग की गतिविधियों पर नजर रख रही थी। पुलिस के अनुसार, गिरफ्तारी के बाद आरोपियों ने रांची में करीब एक दर्जन कांडों में शामिल होने की बात स्वीकार की।
आरोपियों ने चुड्डू गांव के पास रिंग रोड से सटी झाड़ियों में हथियार छिपाए जाने की जानकारी भी दी। पुलिस टीम आरोपियों को लेकर हथियार बरामद करने के लिए मौके पर पहुंची थी। पुलिस का दावा है कि इसी दौरान आकाश यादव उर्फ रंगीला ने बरियातू थाना के हवलदार रवींद्र कुमार की सर्विस पिस्टल छीन ली और पुलिस टीम पर फायरिंग करते हुए भागने लगा। पुलिस के अनुसार, भाग रहे आरोपी को रोकने के दौरान बरियातू थाना प्रभारी प्रकाश रजक ने आत्मरक्षा में गोली चलाई, जो उसके पैर में लगी। घायल आरोपी को इलाज के लिए रिम्स में भर्ती कराया गया है।
चार जिलों में 40 से अधिक मामलों का दावा
पुलिस की जांच में गिरफ्तार आरोपियों के नेटवर्क के कई जिलों तक फैले होने की बात सामने आई है। पुलिस के अनुसार, आकाश यादव उर्फ रंगीला के खिलाफ झारखंड और बिहार के अलग-अलग थानों में 18 से अधिक गंभीर मामले दर्ज हैं।
पुलिस ने बताया कि रांची के अलावा धनबाद, हजारीबाग और रामगढ़ जिलों में भी इस गैंग से जुड़े 40 से अधिक मामले दर्ज हैं।
पुलिस के अनुसार, गिरोह शहरी इलाकों में बाइक के जरिए वारदात को अंजाम देता था। सुनसान रास्तों और भीड़भाड़ वाले इलाकों में महिलाओं को निशाना बनाकर सोने की चेन छीनने के बाद आरोपी तेजी से फरार हो जाते थे।
बाइक से करते थे चेन स्नैचिंग
पुलिस के मुताबिक, गिरोह के सदस्य खास तौर पर महिलाओं और आम लोगों को निशाना बनाते थे। आरोपी बाइक से पीछा करने के बाद मौका मिलते ही सोने की चेन छीनकर फरार हो जाते थे। रांची पुलिस के अनुसार, रविवार की कार्रवाई में सरगना समेत तीन आरोपियों की गिरफ्तारी और पांच सोने की चेन की बरामदगी हुई है। पुलिस अब गिरोह से जुड़े अन्य सदस्यों और उसके नेटवर्क की जानकारी जुटाने में लगी है। पुलिस के मुताबिक, गिरफ्तार आरोपियों से पूछताछ के आधार पर दूसरे मामलों का भी खुलासा होने की उम्मीद है और गिरोह से जुड़े अन्य लोगों की तलाश में छापेमारी जारी है।
यह भी पढ़ें: Ranchi HDFC Bank Fire: हिनू में HDFC बैंक के ऊपर लगी भीषण आग, मौके पर मची अफरा-तफरी