टिकट के लिए रात से डटे फैंस, JSCA स्टेडियम में शुरू हुई ऑफलाइन बिक्री

Ranchi T20 Ticket: टिकट के लिए रात से डटे फैंस, JSCA स्टेडियम में शुरू हुई ऑफलाइन बिक्री

रांची: राजधानी रांची के धुर्वा स्थित JSCA इंटरनेशनल स्टेडियम में 9 अक्टूबर को भारत और वेस्टइंडीज के बीच होने वाले दूसरे टी-20 अंतरराष्ट्रीय मुकाबले को लेकर क्रिकेट प्रेमियों में जबरदस्त उत्साह है। मैच को लाइव देखने के लिए सोमवार, 5 अक्टूबर से ऑफलाइन टिकटों की बिक्री शुरू हो गई है।

टिकट हासिल करने के लिए झारखंड के अलग-अलग जिलों से पहुंचे कई प्रशंसक रविवार रात से ही स्टेडियम परिसर के आसपास पहुंच गए थे। हालांकि, सुरक्षा और व्यवस्था को देखते हुए रात में लाइन लगाने की अनुमति नहीं दी गई।

सुबह 7 बजे से कतार में लगे दर्शक

सोमवार सुबह करीब 7 बजे से दर्शकों को व्यवस्थित तरीके से कतार में खड़ा किया गया। इसके बाद निर्धारित समय सुबह 9 बजे से टिकट काउंटर खोल दिए गए।

टिकट खरीदने के लिए बड़ी संख्या में क्रिकेट फैंस पहुंचे हैं। भीड़ को देखते हुए टिकट वितरण के लिए स्टेडियम परिसर में व्यवस्था की गई है, ताकि किसी तरह की अव्यवस्था न हो।

5 काउंटर पर मिल रहे टिकट, एक व्यक्ति को अधिकतम 2

दर्शकों की सुविधा के लिए स्टेडियम परिसर में कुल पांच काउंटर बनाए गए हैं। टिकट वितरण को लेकर तय नियम के अनुसार एक व्यक्ति अधिकतम दो टिकट ही खरीद सकता है।

महिलाओं और दिव्यांग दर्शकों के लिए अलग काउंटर की व्यवस्था की गई है। बताया गया कि सुबह 5 से 6 बजे के बीच ही बड़ी संख्या में महिला प्रशंसक कतार में पहुंच चुकी थीं।

ऑफलाइन टिकट बिक्री 5 और 6 अक्टूबर को ही होगी। दोनों दिन काउंटर सुबह 9 बजे से शाम 4 बजे तक खुले रहेंगे। इसके बाद ऑफलाइन टिकट बिक्री बंद हो जाएगी।

वैभव सूर्यवंशी और अभिषेक शर्मा को लाइव देखने का क्रेज

भारत-वेस्टइंडीज मुकाबले को लेकर युवाओं में खासा उत्साह नजर आ रहा है। टिकट की कतार में खड़े कई युवा प्रशंसकों ने बताया कि वे उभरते बल्लेबाज वैभव सूर्यवंशी को रांची में लाइव खेलते देखना चाहते हैं।

वहीं, कई फैंस अभिषेक शर्मा की विस्फोटक बल्लेबाजी देखने के लिए भी टिकट लेने पहुंचे हैं। मैच को लेकर स्थानीय क्रिकेट प्रेमियों में खासा उत्साह देखने को मिल रहा है।

सुरक्षा के लिए तैनात किए गए बल

टिकट बिक्री के दौरान भीड़ को नियंत्रित करने और व्यवस्था बनाए रखने के लिए जिला प्रशासन तथा JSCA प्रबंधन की ओर से सुरक्षा व्यवस्था की गई है। सुरक्षा बलों की मौजूदगी में दर्शकों को कतारबद्ध तरीके से टिकट दिए जा रहे हैं, ताकि टिकट वितरण के दौरान किसी तरह की परेशानी न हो।

यह भी पढ़ें: Ranchi HDFC Bank Fire: हिनू में HDFC बैंक के ऊपर लगी भीषण आग, मौके पर मची अफरा-तफरी