Ranchi News: वियतनाम में मृत राजा कुमार वर्मा का पार्थिव शरीर रांची पहुंचा

Ranchi News: वियतनाम में मृत राजा कुमार वर्मा का पार्थिव शरीर रांची पहुंचा, परिजनों को मिलेगी ₹5 लाख सहायता

रांची: वियतनाम में सड़क दुर्घटना में मृत रांची निवासी राजा कुमार वर्मा का पार्थिव शरीर शनिवार को भारत लाया गया। मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन के निर्देश और श्रम, नियोजन, प्रशिक्षण एवं कौशल विकास विभाग के प्रयासों के बाद पार्थिव शरीर को रांची स्थित उनके पैतृक आवास तक पहुंचाने की व्यवस्था की गई।

राज्य प्रवासी नियंत्रण कक्ष ने विदेश मंत्रालय, हनोई स्थित भारतीय दूतावास और संबंधित वियतनामी अधिकारियों के साथ समन्वय कर पार्थिव शरीर को भारत लाने की प्रक्रिया पूरी कराई।

वियतनाम में सड़क हादसे में हुई थी मौत

रांची के कैलाश नगर निवासी राजा कुमार वर्मा वियतनाम में योगा प्रशिक्षक के रूप में कार्यरत थे। वहां सड़क दुर्घटना में वे गंभीर रूप से घायल हो गए थे। इलाज के दौरान उनकी मौत हो गई।

इसके बाद परिजनों ने राज्य प्रवासी नियंत्रण कक्ष से संपर्क कर पार्थिव शरीर को भारत लाने में मदद की अपील की थी। मामले की संवेदनशीलता को देखते हुए नियंत्रण कक्ष ने संबंधित अधिकारियों के साथ तत्काल समन्वय शुरू किया।

हनोई से कोलकाता लाया गया पार्थिव शरीर

राज्य प्रवासी नियंत्रण कक्ष के प्रयासों के बाद आवश्यक प्रक्रियाएं पूरी कर पार्थिव शरीर को वियतनाम की राजधानी हनोई से कोलकाता हवाई अड्डे तक लाया गया।

कोलकाता एयरपोर्ट पर परिजनों ने आवश्यक दस्तावेजी औपचारिकताएं पूरी कीं। इसके बाद पार्थिव शरीर को रांची स्थित पैतृक आवास तक पहुंचाने के लिए रांची जिला प्रशासन ने नि:शुल्क एम्बुलेंस की व्यवस्था की।

परिजनों को मिलेगी ₹5 लाख की वित्तीय सहायता

मुख्यमंत्री के निर्देश के अनुसार श्रम विभाग की ओर से राजा कुमार वर्मा के आश्रित को मुख्यमंत्री झारखंड अंतरराष्ट्रीय प्रवासी श्रमिक अनुदान योजना के तहत ₹5 लाख की वित्तीय सहायता उपलब्ध कराई जाएगी।

पार्थिव शरीर को स्वदेश लाने की प्रक्रिया में राज्य प्रवासी नियंत्रण कक्ष, विदेश मंत्रालय, भारतीय दूतावास और जिला प्रशासन के स्तर पर समन्वय किया गया।

यह भी पढ़ें: Jharkhand Hockey Players: हॉकी गोल्ड मेडलिस्ट खिलाड़ियों की समस्याओं पर डालसा की पहल, घर पहुंचकर ली जानकारी