बेटी की शादी के बाद जेल जाएंगे अनंत सिंह! सरकारी बंगले को लेकर भी कर दिया बड़ा ऐलान
- By rakesh --
- 11 Nov 2026 --
- comments are disable
पटना: बिहार के मोकामा विधायक अनंत सिंह इन दिनों अपनी छोटी बेटी शिवांगी की शादी की तैयारियों में जुटे हैं। 25 नवंबर को होने वाली इस शादी को यादगार बनाने के लिए उनके पैतृक गांव लदमा में भव्य इंतजाम किए जा रहे हैं। हालांकि, बेटी की शादी के बाद अनंत सिंह के सामने जेल लौटने और सरकारी आवास खाली करने की चुनौती भी है। इस पर उन्होंने साफ कहा है कि पहले बेटी की शादी करेंगे, फिर सरकारी बंगला खाली कर जेल चले जाएंगे। उन्होंने यह भी कहा कि जनता ही मालिक है और वही सबका हिसाब करेगी।
शादी के बाद जेल जाने को तैयार अनंत सिंह, दिया बेबाक जवाब
बेटी की शादी के बाद जेल जाने और सरकारी आवास खाली करने को लेकर पूछे गए सवाल पर अनंत सिंह ने अपने चिरपरिचित अंदाज में जवाब दिया। उन्होंने कहा, “शादी कर लेंगे, घर खाली कर देंगे, फिर अपना हम जेल में जाना है, चले जाएंगे आराम से… जनता मालिक है, वो ध्यान देगी।”
अनंत सिंह ने आगे कहा कि जनता के यहां ही न्याय होता है और नेता कभी न्याय नहीं करता। जनता मालिक है और वही सबका हिसाब पूरा करेगी। उन्होंने यह भी कहा कि उन्हें किसी से कोई शिकायत नहीं है। जनता जो फैसला करेगी, वही अंतिम होगा। उनके इस बयान के बाद बेटी की शादी के साथ-साथ उनकी आगे की कानूनी स्थिति भी चर्चा में आ गई है।
10 बीघा जमीन पर तैयार हो रहा पंडाल, चार लाख लोगों के भोजन की चर्चा
अनंत सिंह की छोटी बेटी शिवांगी सिंह की शादी 25 नवंबर को होनी है। इसके लिए मोकामा के लदमा गांव में बड़े स्तर पर तैयारियां की जा रही हैं। शादी समारोह को भव्य बनाने के लिए करीब 10 बीघा जमीन पर पंडाल तैयार कराया जा रहा है। आयोजन में लगभग चार लाख लोगों के भोजन की व्यवस्था किए जाने की चर्चा है।
इस शादी में घुड़दौड़ प्रतियोगिता भी खास आकर्षण रहेगी। बताया जा रहा है कि प्रतियोगिता के विजेता को करीब 20 लाख रुपये की गाड़ी पुरस्कार के रूप में दी जाएगी। अनंत सिंह ने दावा किया है कि शादी का निमंत्रण केवल बिहार तक सीमित नहीं है, बल्कि पूरे हिंदुस्तान और पाकिस्तान में भी भेजा गया है। उन्होंने सभी राजनीतिक दलों के नेताओं को भी आमंत्रित किया है।
दामाद को मिलेगी करोड़ों की डिफेंडर, बेटे के लिए BMW की चर्चा
शादी में दिए जाने वाले उपहारों को लेकर भी अनंत सिंह सुर्खियों में हैं। चर्चा है कि वह अपने होने वाले दामाद को करीब 2.5 करोड़ रुपये की डिफेंडर कार उपहार में देंगे। वहीं, बेटे के उपनयन संस्कार के बाद उसे बीएमडब्ल्यू कार देने की बात भी सामने आई है।
जब पत्रकारों ने बेटे को बीएमडब्ल्यू कार देने के बारे में उनसे सवाल किया, तो अनंत सिंह ने मजाकिया अंदाज में जवाब दिया। उन्होंने कहा कि वह उतना पढ़े-लिखे नहीं हैं और गाड़ी का नाम नहीं जानते। उनके इस जवाब ने शादी की तैयारियों के बीच एक बार फिर लोगों का ध्यान खींचा है।
सुप्रीम कोर्ट ने 4 दिसंबर तक सरेंडर करने का दिया समय
दुलारचंद यादव हत्याकांड में अनंत सिंह को सुप्रीम कोर्ट से राहत नहीं मिली है। शीर्ष अदालत ने उनकी जमानत रद्द कर दी थी। हालांकि, बेटी की शादी को देखते हुए उन्हें सरेंडर करने के लिए अतिरिक्त समय दिया गया। 30 अक्टूबर को जस्टिस एमएम सुंदरेश और जस्टिस प्रसन्ना बी वराले की पीठ ने मामले की सुनवाई की थी। इस दौरान अनंत सिंह की ओर से बेटी की शादी का हवाला देते हुए सरेंडर के लिए समय मांगा गया था।
पहले आदेश में सरेंडर की तारीख 1 दिसंबर 2026 बताई गई थी, लेकिन आदेश की प्रति में 4 दिसंबर दर्ज होने की बात सामने आई। इस तरह उन्हें 4 दिसंबर तक सरेंडर करने की मोहलत मिली है। अब उनकी प्राथमिकता बेटी की शादी पूरी करने और उसके बाद अदालत के आदेश का पालन करने की है।
दुलारचंद यादव हत्याकांड की जांच चार महीने में पूरी करने का निर्देश
दुलारचंद यादव हत्याकांड में अनंत सिंह पर हत्या का आरोप लगा था। इस मामले में बिहार पुलिस ने उन्हें गिरफ्तार कर जेल भेजा था। जेल में रहते हुए भी उन्होंने 2025 के विधानसभा चुनाव में मोकामा सीट से जीत दर्ज की थी। बाद में पटना हाईकोर्ट ने 19 मार्च को उन्हें जमानत दे दी थी।
इस जमानत को चुनौती देते हुए याचिकाकर्ता ने अनंत सिंह के खिलाफ दर्ज 67 आपराधिक मामलों का हवाला दिया था। सुप्रीम कोर्ट ने जमानत रद्द करते हुए कहा कि हत्या के मामले को केवल राजनीतिक विवाद के तौर पर नहीं देखा जा सकता। अदालत ने यह भी माना कि मामले की जांच अभी जारी है।
शीर्ष अदालत ने बिहार सरकार को दुलारचंद यादव हत्याकांड की जांच चार महीने के भीतर पूरी कर रिपोर्ट पेश करने का निर्देश दिया है। ऐसे में 25 नवंबर को होने वाली बेटी की शादी के बाद अनंत सिंह को अदालत के आदेश के मुताबिक सरेंडर करना होगा। फिलहाल उनका कहना है कि पहले बेटी की शादी की जिम्मेदारी पूरी करेंगे और उसके बाद जेल चले जाएंगे।