Ranchi News: त्योहारों में हवाई किराये की मनमानी पर लगेगी रोक?

Ranchi News: त्योहारों में हवाई किराये की मनमानी पर लगेगी रोक? झारखंड चेंबर ने सरकार से की बड़ी मांग

Ranchi News: रांची में त्योहारी सीजन, विंटर वेकेशन और न्यू ईयर के दौरान हवाई किराये में अप्रत्याशित बढ़ोतरी को लेकर झारखंड चेंबर ऑफ कॉमर्स ने चिंता जताई है। फेडरेशन ऑफ झारखंड चेंबर ऑफ कॉमर्स एंड इंडस्ट्रीज की सिविल एविएशन उप समिति की बैठक में केंद्र और राज्य सरकार से हवाई किराये पर कैपिंग लागू करने की मांग की गई। चेंबर सदस्यों का कहना है कि छुट्टियों और त्योहारों के दौरान एयरलाइंस कंपनियां किराये में असामान्य वृद्धि कर रही हैं, जिससे आम यात्रियों की जेब पर अतिरिक्त बोझ पड़ रहा है।

हवाई किराये पर कैपिंग लागू करने की मांग

बैठक में चेंबर महासचिव रोहित अग्रवाल ने कहा कि हवाई सेवा अब केवल व्यावसायिक गतिविधि तक सीमित नहीं रह गई है, बल्कि यह आम नागरिकों की जरूरत बन चुकी है। ऐसे में हवाई यात्रा को आम लोगों की पहुंच में बनाए रखने के लिए नियामक स्तर पर प्रभावी व्यवस्था जरूरी है।

उन्होंने कहा कि त्योहारी सीजन और छुट्टियों के दौरान किराये में होने वाली अत्यधिक बढ़ोतरी पर नियंत्रण के लिए सरकार को पहल करनी चाहिए। चेंबर ने केंद्र और राज्य सरकार से हवाई किराये की अधिकतम सीमा तय करने की दिशा में कदम उठाने का आग्रह किया।

रांची-दिल्ली सुबह की फ्लाइट रद्द, यात्रियों की बढ़ेगी परेशानी

बैठक में एक दिसंबर से 16 जनवरी तक इंडिगो की रांची-दिल्ली सुबह की फ्लाइट रद्द किए जाने का मुद्दा भी प्रमुखता से उठा। चेंबर सदस्यों ने कहा कि इस फैसले से दिल्ली जाने वाले यात्रियों के साथ-साथ वहां से दूसरी उड़ानों के जरिए अन्य शहरों की यात्रा करने वाले लोगों को भी परेशानी होगी।

सिविल एविएशन उप समिति के चेयरमैन श्रवण राजगढ़िया ने इस पर चिंता जताते हुए एयरपोर्ट प्रशासन से सुबह की फ्लाइट दोबारा शुरू कराने के लिए पहल करने का आग्रह किया। उन्होंने कहा कि यदि मौजूदा समय में उड़ान संचालित करने में परेशानी है, तो जरूरत के अनुसार फ्लाइट के समय में बदलाव करने पर भी विचार किया जा सकता है।

सुरक्षा जांच के बाद मिले उड़ान कैफे की सुविधा

रांची एयरपोर्ट पर उड़ान कैफे की लोकेशन को लेकर भी बैठक में चर्चा हुई। चेंबर के कोषाध्यक्ष नवजोत अलंग ने मांग की कि उड़ान कैफे की लोकेशन बदलकर सुरक्षा जांच के बाद वाले क्षेत्र में की जाए, ताकि यात्रियों को सुरक्षा जांच पूरी करने के बाद भी इस सुविधा का लाभ मिल सके।

इसके अलावा रांची से नए शहरों के लिए हवाई सेवा शुरू करने और मौजूदा एयर कनेक्टिविटी का विस्तार करने का मुद्दा भी उठाया गया। इसके लिए नागर विमानन मंत्रालय से दोबारा आग्रह करने का निर्णय लिया गया।

बैठक में चेंबर के कई पदाधिकारी रहे मौजूद

सिविल एविएशन उप समिति की बैठक में उपाध्यक्ष विकास विजयवर्गीय, रोहित पोद्दार, अमित शर्मा, राजीव सहाय, प्रमोद सारस्वत और किशन अग्रवाल सहित अन्य सदस्य उपस्थित रहे। बैठक में हवाई किराये को नियंत्रित करने, रांची-दिल्ली उड़ान बहाल कराने और एयरपोर्ट पर यात्रियों की सुविधाओं में सुधार को लेकर चर्चा की गई।

यह भी पढ़ें: IPL 2027 Mini Auction: ऑक्शन से पहले किस टीम के पास कितना पैसा? जानिए सभी 10 फ्रेंचाइजी का पूरा स्क्वाड और पर्स