छात्रों की बड़ी जीत, CGL समेत TDPL की सभी परीक्षाएं रद्द

JPSC-JSSC Protest: छात्रों की बड़ी जीत, CGL समेत TDPL की सभी परीक्षाएं रद्द; हेमंत सोरेन का बड़ा ऐलान

रांची: झारखंड में JPSC और JSSC की भर्ती परीक्षाओं में कथित अनियमितताओं के खिलाफ लंबे समय से चल रहे छात्र आंदोलन के बीच मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने सोमवार रात बड़ा ऐलान किया। सरकार ने JSSC-CGL परीक्षा रद्द करने के साथ ही TSR डेटा प्रोसेसिंग प्राइवेट लिमिटेड (TDPL) द्वारा आयोजित सभी परीक्षाओं को रद्द करने का फैसला लिया है।

मुख्यमंत्री के ऐलान के बाद रांची में आंदोलन कर रहे छात्रों के बीच खुशी का माहौल है। हालांकि, छात्र नेताओं ने कहा है कि उनकी एक प्रमुख मांग अभी पूरी नहीं हुई है।

CGL समेत TDPL की सभी परीक्षाएं होंगी रद्द

मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने प्रेस कॉन्फ्रेंस में कहा कि TDPL द्वारा कराई गई परीक्षाओं, प्रकाशित परिणामों और उसकी अन्य गतिविधियों को रद्द किया जाएगा। सरकार ने परीक्षा व्यवस्था में सुधार के लिए आईएएस अमिताभ कौशल की अध्यक्षता में कमेटी गठित करने का फैसला भी किया है।

सीएम ने कहा कि परीक्षा आयोजित करने के तरीके को लेकर पहले से एसओपी मौजूद है। उनका कहना है कि यदि एसओपी का सही तरीके से पालन किया जाता, तो इस तरह की गड़बड़ियों की स्थिति नहीं बनती।

सरकार की ओर से यह भी कहा गया है कि 2014 से अब तक हुई छोटी-बड़ी गड़बड़ियों की जांच की जाएगी।

सरकार ने छात्रों की मुख्य मांग मानी

झारखंड सरकार के मंत्री इरफान अंसारी ने भी कहा कि सरकार ने छात्रों की मुख्य मांग मान ली है। उन्होंने बताया कि JSSC-CGL को रद्द करने पर सहमति बनी है और TDPL द्वारा आयोजित सभी परीक्षाएं भी रद्द की जाएंगी।

इसके साथ ही परीक्षा में कथित गड़बड़ियों की जांच रिटायर्ड जज की निगरानी में कराने का फैसला लिए जाने की जानकारी सामने आई है।

CBI जांच की मांग पर अभी अड़े छात्र

सरकार के फैसले के बाद भी छात्र आंदोलन पूरी तरह खत्म नहीं हुआ है। छात्र नेता रवींद्र पासवान ने कहा कि CBI जांच की मांग अभी स्वीकार नहीं हुई है

उन्होंने कहा कि छात्र आंदोलन की एक बड़ी लड़ाई जरूर जीती गई है, लेकिन जब तक CBI जांच की मांग पूरी नहीं होती, तब तक आंदोलन और अनशन जारी रहेगा। उन्होंने सरकार की ओर से परीक्षा रद्द करने के फैसले का स्वागत भी किया।

देवेंद्र नाथ महतो ने सरकार का जताया आभार

छात्र नेता देवेंद्र नाथ महतो ने JSSC-CGL और TDPL की परीक्षाओं को रद्द करने के फैसले के बाद मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन और झारखंड सरकार का आभार जताया।

उन्होंने आंदोलन में सहयोग देने वाले छात्रों, अभिभावकों, मीडिया और पुलिस-प्रशासन का भी धन्यवाद किया। महतो ने कहा कि सरकार की ओर से चल रही जांच और परीक्षा व्यवस्था में सुधार की प्रक्रिया का छात्र समर्थन करेंगे।

हालांकि, उन्होंने भविष्य में पेपर लीक और परीक्षा संबंधी गड़बड़ियों को रोकने के लिए ऐसी व्यवस्था की जरूरत बताई, जिसमें छात्रों को भरोसा हो कि आगे इस तरह की घटनाएं नहीं होंगी।

लंबे आंदोलन के बाद आया सरकार का फैसला

रांची में JPSC-JSSC परीक्षा में कथित अनियमितताओं के खिलाफ छात्र कई दिनों से आंदोलन कर रहे थे। आंदोलनकारियों ने पहले मुख्यमंत्री आवास के घेराव का भी ऐलान किया था।

अब सरकार की ओर से CGL समेत TDPL की परीक्षाओं को रद्द करने के फैसले के बाद आंदोलन को लेकर नया मोड़ आया है। फिलहाल छात्र CBI जांच समेत अपनी बाकी मांगों पर सरकार के अगले कदम का इंतजार कर रहे हैं।

यह भी पढ़ें: Bihar EV Charging Station: 23 जिलों में 129 जगह बनेंगे इलेक्ट्रिक वाहन चार्जिंग स्टेशन, शुरू हुआ साइट सर्वे