हेमंत सोरेन की गिरफ्तारी से सत्ता में वापसी तक, दो नई किताबों में क्या-क्या हुआ खुलासा?

हेमंत सोरेन की गिरफ्तारी से सत्ता में वापसी तक, दो नई किताबों में क्या-क्या हुआ खुलासा?

रांची: झारखंड के मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन की राजनीतिक यात्रा, आदिवासी समाज के संघर्ष और राज्य की सत्ता से जुड़े घटनाक्रमों पर केंद्रित दो नई पुस्तकें प्रकाशित हुई हैं। वरिष्ठ पत्रकार, लेखक और शोधकर्ता डॉ. सोमनाथ आर्य ने हिंदी में ‘हूल से हेमंत तक’ और अंग्रेजी में ‘द इनविजिबल कूप: Hemant Soren, Jharkhand and the Politics of Power’ लिखी हैं। दोनों पुस्तकों में झारखंड के ऐतिहासिक आंदोलनों, आदिवासी अस्मिता, राजनीतिक संघर्ष और लोकतांत्रिक व्यवस्था के विभिन्न पहलुओं को सामने लाने का प्रयास किया गया है।

इन पुस्तकों में हेमंत सोरेन की राजनीतिक यात्रा को केवल उनके व्यक्तिगत जीवन या चुनावी उपलब्धियों के नजरिये से नहीं देखा गया है। लेखक ने इसे संताल हूल, बिरसा मुंडा के उलगुलान, झारखंड अलग राज्य आंदोलन और दिशोम गुरु शिबू सोरेन की राजनीतिक विरासत से जोड़कर समझाने की कोशिश की है।

संताल हूल से बिरसा के उलगुलान तक, आदिवासी संघर्ष की कहानी

हिंदी पुस्तक ‘हूल से हेमंत तक’ का उपशीर्षक ‘आदिवासी अस्मिता, सत्ता और संघर्ष की अनकही दास्तान’ है। इसमें वर्ष 1855 के संताल हूल से लेकर आधुनिक झारखंड की राजनीतिक परिस्थितियों तक का विवरण शामिल किया गया है। पुस्तक में सिद्धो-कान्हू, चांद-भैरव, फूलो-झानो और भगवान बिरसा मुंडा के संघर्षों के माध्यम से आदिवासी समाज की सामाजिक, सांस्कृतिक और राजनीतिक चेतना को समझने का प्रयास किया गया है।

इसमें झारखंड आंदोलन के अलग-अलग चरणों और दिशोम गुरु शिबू सोरेन के नेतृत्व में आदिवासी अधिकारों के लिए हुए संघर्षों का भी उल्लेख है। जल, जंगल और जमीन का सवाल, विस्थापन, प्राकृतिक संसाधनों पर स्थानीय समुदायों का अधिकार, सामाजिक न्याय और संवैधानिक संरक्षण जैसे मुद्दों को झारखंड की राजनीति के अहम आधार के रूप में प्रस्तुत किया गया है।

हेमंत सोरेन की गिरफ्तारी और सत्ता में वापसी का राजनीतिक विश्लेषण

अंग्रेजी पुस्तक ‘द इनविजिबल कूप’ में हेमंत सोरेन के राजनीतिक जीवन के साथ झारखंड के समकालीन सत्ता संघर्ष का विश्लेषण किया गया है। इसमें 31 जनवरी 2024 को उनकी गिरफ्तारी, 28 जून 2024 को रिहाई और जुलाई 2024 में दोबारा मुख्यमंत्री पद संभालने तक के घटनाक्रम को शामिल किया गया है। नवंबर 2024 के विधानसभा चुनाव में झारखंड मुक्ति मोर्चा के नेतृत्व वाले गठबंधन को मिले जनादेश और उसके राजनीतिक मायनों पर भी चर्चा की गई है।

इस पुस्तक में कुल 48 अध्याय हैं। इनमें संवैधानिक संस्थाओं, जांच एजेंसियों, राजनीतिक प्रतिस्पर्धा, न्यायिक प्रक्रियाओं और लोकतांत्रिक व्यवस्था से जुड़े सवालों को उठाया गया है। लेखक ने राजनीतिक आरोपों और कानूनी निष्कर्षों के बीच अंतर रखते हुए सार्वजनिक अभिलेखों और उपलब्ध दस्तावेजों के आधार पर घटनाओं को प्रस्तुत करने का प्रयास किया है।

शिबू सोरेन की विरासत और कल्पना सोरेन की भूमिका भी शामिल

दोनों पुस्तकों में दिशोम गुरु शिबू सोरेन की राजनीतिक विरासत और हेमंत सोरेन के जीवन के निजी एवं मानवीय पहलुओं को भी जगह दी गई है। पिता-पुत्र के संबंधों, पारिवारिक जिम्मेदारियों और सार्वजनिक जीवन की चुनौतियों का उल्लेख किया गया है।

अंग्रेजी पुस्तक में कल्पना सोरेन की पारिवारिक और राजनीतिक भूमिका पर भी चर्चा है। लेखक ने इन प्रसंगों के जरिये राजनीति के उन पहलुओं को सामने लाने की कोशिश की है, जो आमतौर पर रोजमर्रा की राजनीतिक खबरों में कम दिखाई देते हैं।

मंईयां सम्मान और अबुआ आवास जैसी योजनाओं का भी जिक्र

पुस्तकों में हेमंत सोरेन के नेतृत्व वाली सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं और सामाजिक नीतियों का भी उल्लेख किया गया है। मुख्यमंत्री मंईयां सम्मान योजना, अबुआ आवास योजना, सामाजिक सुरक्षा, महिला सशक्तीकरण और ग्रामीण परिवारों से जुड़े मुद्दों को झारखंड के सामाजिक एवं राजनीतिक विमर्श के संदर्भ में रखा गया है।

इसके साथ ही आदिवासी समाज की पहचान, राजनीतिक प्रतिनिधित्व और दुनिया के विभिन्न हिस्सों में मूलनिवासी समुदायों के अधिकारों से जुड़े विषयों को भी व्यापक परिप्रेक्ष्य में देखने का प्रयास किया गया है।

लेखक ने इतिहास और वर्तमान के बीच जोड़ा संबंध

डॉ. सोमनाथ आर्य के अनुसार, झारखंड का इतिहास केवल 15 नवंबर 2000 को अलग राज्य बनने तक सीमित नहीं है। इसके पीछे कई पीढ़ियों का संघर्ष, सांस्कृतिक चेतना, जमीन और प्राकृतिक संसाधनों पर अधिकार की लड़ाई तथा राजनीतिक भागीदारी की लंबी परंपरा रही है।

उनका मानना है कि हेमंत सोरेन की राजनीतिक यात्रा को समझने के लिए झारखंड की ऐतिहासिक पृष्ठभूमि को जानना जरूरी है। दोनों पुस्तकों में इसी ऐतिहासिक विरासत और वर्तमान राजनीति के बीच संबंध स्थापित करते हुए आदिवासी समाज की बदलती राजनीतिक भूमिका पर विचार किया गया है। हिंदी पुस्तक का प्रकाशन सामाजिक एवं शोध संस्था ‘और एक प्रयास’ ने किया है। वर्ष 2026 में प्रकाशित इन पुस्तकों में ऐतिहासिक घटनाओं, राजनीतिक दस्तावेजों और समकालीन झारखंड के विभिन्न प्रसंगों को शामिल किया गया है।