झारखंड स्थापना दिवस पर टॉपर्स को 3 लाख रुपये, लैपटॉप और मोबाइल भी मिलेगा
- By rakesh --
- 07 Nov 2026 --
- comments are disable
रांची: झारखंड स्थापना दिवस पर 15 नवंबर को राज्य के मेधावी विद्यार्थियों के लिए बड़ा सम्मान समारोह आयोजित किया जाएगा। राज्य स्तरीय कार्यक्रम में 10वीं और 12वीं की बोर्ड परीक्षाओं में बेहतर प्रदर्शन करने वाले विद्यार्थियों को तीन लाख रुपये तक नकद पुरस्कार दिया जाएगा। खास बात यह है कि सम्मानित होने वाले सभी टॉपर्स को लैपटॉप और मोबाइल भी मिलेंगे। इस समारोह में जैक, सीबीएसई और आईसीएसई बोर्ड के विद्यार्थियों के साथ झारखंड ओलिंपियाड, आईसीटी चैंपियनशिप और आकांक्षा योजना के सफल छात्र-छात्राओं को भी पुरस्कृत किया जाएगा।
जैक, CBSE और ICSE के कितने टॉपर्स होंगे सम्मानित?
राज्य सरकार इस वर्ष की 10वीं और 12वीं बोर्ड परीक्षाओं में राज्य स्तर पर प्रथम तीन स्थान प्राप्त करने वाले विद्यार्थियों को सम्मानित करेगी। झारखंड एकेडमिक काउंसिल (जैक) की 10वीं परीक्षा के 12 और 12वीं परीक्षा के 10 विद्यार्थियों को पुरस्कार मिलेगा। वहीं, सीबीएसई की 10वीं परीक्षा के 11 और 12वीं परीक्षा के 17 विद्यार्थियों को सम्मानित किया जाएगा।
आईसीएसई बोर्ड की 10वीं परीक्षा के 14 तथा 12वीं परीक्षा के 18 विद्यार्थियों को भी पुरस्कार दिया जाएगा। इसके अलावा सीएम स्कूल ऑफ एक्सीलेंस के 12 टॉपर्स को भी राज्य स्तरीय समारोह में सम्मानित किया जाएगा।
पहले स्थान पर 3 लाख, दूसरे को 2 लाख रुपये
मेधावी विद्यार्थियों को सम्मानित करने के लिए नकद पुरस्कार की भी व्यवस्था की गई है। प्रथम स्थान प्राप्त करने वाले विद्यार्थियों को तीन लाख रुपये, द्वितीय स्थान हासिल करने वालों को दो लाख रुपये और तृतीय स्थान पर रहने वालों को एक लाख रुपये दिए जाएंगे। इसके साथ ही सभी टॉपर्स को लैपटॉप और मोबाइल भी प्रदान किए जाएंगे। इस पहल के जरिए सरकार विद्यार्थियों को पढ़ाई में बेहतर प्रदर्शन के लिए प्रोत्साहित करेगी।
झारखंड ओलिंपियाड और ICT चैंपियनशिप के विजेताओं को भी सम्मान
बोर्ड परीक्षाओं के टॉपर्स के अलावा झारखंड ओलिंपियाड के 15 विजेताओं को भी पुरस्कृत किया जाएगा। पिछले वर्ष आयोजित आईसीटी चैंपियनशिप के विजेताओं को भी स्थापना दिवस समारोह में सम्मानित किया जाना है। इस तरह बोर्ड परीक्षाओं के साथ शैक्षणिक प्रतियोगिताओं में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले विद्यार्थियों को भी राज्य सरकार सम्मान देगी।
JEE Advanced, NEET-UG और CLAT के सफल विद्यार्थियों को भी मिलेगा पुरस्कार
आकांक्षा योजना के तहत प्रतियोगी परीक्षाओं में सफलता हासिल करने वाले विद्यार्थियों को भी सम्मानित किया जाएगा। जेईई एडवांस में सफल 35 विद्यार्थियों, नीट-यूजी में सफल 12 विद्यार्थियों और क्लैट में सफल तीन विद्यार्थियों को पुरस्कार दिया जाएगा। इन विद्यार्थियों को भी 15 नवंबर को आयोजित राज्य स्तरीय समारोह में सम्मानित करने की तैयारी है।
शिक्षा विभाग ने सभी जिलों को भेजी सूची
पुरस्कार वितरण की तैयारियों को लेकर स्कूली शिक्षा एवं साक्षरता विभाग ने सभी जिलों के जिला शिक्षा पदाधिकारियों को दिशा-निर्देश जारी कर दिए हैं। विभाग ने समारोह में पुरस्कृत होने वाले विद्यार्थियों की सूची भी जिलों को भेज दी है। अब 15 नवंबर को झारखंड स्थापना दिवस के अवसर पर आयोजित कार्यक्रम में इन विद्यार्थियों को सम्मानित किया जाएगा।
यह भी पढ़ें: 160 करोड़ का निवेश फ्रीज, अब ED के सामने नहीं पहुंचे LB सिंह; जांच में आया नया मोड़